प्रख्यात लेखिका ममता कालिया की इस गद्य श्रृंखला ने अपनी हर अगली किस्त में ज्यादा पाठक, सम्मान और लोकप्रियता अर्जित की। निश्चय ही ÷कितने शहरों में कितनी बार' ने हिन्दी गद्य को समृद्धि, गरिमा और ऊंचाई दी है। प्रस्तुत है समापन किस्त।
शहर कब किसके हुए हैं, शहरयार तक के नहीं। तभी न उनके दिल से निकली थी यह नज्म ÷इस शहर में हर शख्स परेशान सा क्यूं है?' उन्हें क्या पता हर शहर में हर शख्स परेशान ही रहता आया है। कितने वक्त में कोई शहर हमारा बन पाता है। हम अपने बंजारे मन से पूछते हैं। यह मन तो मानों उतावला हुआ पड़ा है कि कब हम इस पर अपनी गठरी मोटरी लादें और यह दौड़ पड़े। लेकिन हम मन को अपनी मजबूरियां समझाते रहे, खुक्ख पड़ी बैंक की पासबुक दिखाते रहे और धीरज धरवाते रहे। लेखन जगत की च्वूइंगगम और चॉकलेट उसे चटाते रहे। आज फलां जगह की अध्यक्षता, फलां जगह की मुख्य अतिथिगिरी। अरे लगा लो दिल। ऐसी गर्मियां और कहां मिलेंगी! लेकिन तीन घटनाएं ऐसी हो गयीं कि मूढ़ से मूढ़ मनुष्य भी डोल जाता। अपना लोटा डोर समेट कर बोल पड़ता, ÷रहना नहिं देस बिराना है।,
1988 की बात है। जैसे इलाहाबाद में हर चार साल में दंगे भड़कते थे वैसे या उससे ज्यादा मेरी मां की तबियत खराब हुआ करती। अभी वे चोपला पर चाट खा रही हैं, अभी खबर आती वे तो मोहननगर के नरेन्द्र मोहन हॉस्पिटल के सघन चिकित्सा कक्ष में दाखिल हैं। उनकी बीमारियां हिन्दी फिल्मों की नाटकीयता लिये आतीं और बांग्ला फिल्मों की मंथरता लिये विदा होतीं। इलाहाबाद में सन् 1988 में साम्प्रदायिक दंगे उबाल पर थे। गाजियाबाद से खबर आयी मां बीमार है। संक्षिप्त सी सूचना थी, किसी तीसरे आदमी के मुंह से दी गयी। पर मैं कैसे इसे झूठ मानती जबकि मेरा कलेजा हर समय कलपता था अपने एकाकी मां बाप के लिए। परिवार में तय हुआ कि बिना एक भी दिन गंवाये, ममता को आज ही चले जाना चाहिए। उस वक्त शहर से निकलना उतना ही जटिल था जितना शहर में घुसना। दिन का कर्फ्यू, पी.ए.सी. की हथियारबंद गश्त, स्टेशन जाने को न वाहन न साधन। ऐसे में मैं घर की खिड़की से झांक रही थी कि बगल के पड़ोसी ने पूछा, ÷÷क्या बात है?''
÷÷स्टेशन जाना है, कोई पुलिसवाला दिखे तो कोतवाली से पास बनवा लूं।'' मैंने बताया।
अनीस अहमद ने सुना, कुछ कहा नहीं। थोड़ी देर में उनकी खिड़की से एक कैंची वाला हाथ बाहर बढ़ा जिसने बाहर के खम्भे से हमारे टेलिफोन का तार काट दिया। मैं भाग कर फोन के पास गयी। उठा कर देखा, ठंडा और ठप्प पड़ा था। संचार का एकमात्रा साधन संकट काल में छिन गया। रानीमंडी में अपनी अल्पसंख्यक स्थिति पर पहली बार चिन्ता करनी पड़ी। मुझे लगा जैसे यह सिर्फ टेलिफोन का तार नहीं, परस्पर विश्वास और सद्भाव का तार किसी ने काट डाला है। यह शहर में फैले तनाव का परिचायक था। दंगे के दिनों में रानीमंडी के बाशिन्दे समझते थे कि सब हिन्दू पुलिस के मुखबिर हैं। मैंने रवि से कहा, ÷÷ऐसे हालात में कैसे चली जाऊं, तुम बच्चों और झाई जी को अकेले संभाल लोगे?'' रवि ने कहा, ÷÷तुम रुक भी तो नहीं सकतीं, यहां की फिक्र मेरे ऊपर छोड़ो, दंगे थम भी सकते हैं।'' गली गली लुकते छिपते हम किसी तरह कोतवाली पहुंचे, वहां से पास बनवाया और पुलिस की ही जीप में मैं स्टेशन गयी।
उन वर्षों में गाजियाबाद जाना बेचैनी का सफर होता। घर पर तो बस ताला लटका रहता, माता पिता मोहन नगर के अस्पताल में मिलते। लाल कम्बल ओढ़े पड़ी हुई ममी, कुर्सी पर अखबार लेकर बैठे हुए पापा। हालत यह कि जिसकी आंखें बंद हैं वह सो नहीं रहा, कोमा में पड़ा है। जिसके हाथ में अखबार है वह पढ़ नहीं रहा, मरीज की कलाई पर लगी ड्रिप को बूंद बूंद ताक रहा है। रेल की धूल और ऑटोरिक्शे के धक्के, आंखों की नींद और आंसू सबको पीछे धकेल मैं धीरे से अटैची कमरे की दीवार से टिकाती और कहती, ÷÷पापा मैं आ गयी।''
÷÷अरे मुन्नी आ गयी, बहुत जानो। इंदु देख तेरी बेटी आयी है आंख खोल।'' पापा टूटने लगते, ÷÷तीन दिन से ऐसे ही पड़ी है तेरी मां, न हिले, न डुले, न बोले। डॉक्टर कुछ नहीं बताते, कहते हैं अग्रवाल साब चालीस परसेण्ट बचने का चांस है। बताओ उनका चालीस परसेण्ट मेरे किस काम का। बाकी साठ परसेण्ट किससे मांगू?''
ऐसे क्षणों में मुझे बेटी और बेटा, नर्स और वॉर्डबॉय, दोस्त और सलाहकार, सब बन जाना होता। निकल जाता मेरे अंदर से, कुछ दिनों के लिए इलाहाबाद, एक अन्य अवतार हो जाता मेरा वजूद ᄉ अस्पताल के गलियारों में डॉक्टरों के पीछे भागता, दवा की दुकान से दवाइयां खरीदता, पैथोलोजी लैब से रिपोर्ट लाता, एक्सरे रूम से मां की स्टे्रचर ट्रॉली के साथ साथ लपकता। पापा कोमा विषय पर गहन सैद्धांतिक अध्ययन में लिप्त हो जाते। वे अपनी जानकारी से डॉक्टरों को इतना चकरा डालते कि डॉक्टर उनसे गुजारिश करते, ÷÷प्लीज अग्रवाल साहब हमें इलाज करने दीजिये।''
मां का मस्तिष्क आघात ठीक होता, कभी चालीस दिन में, कभी चौदह दिन में। यकायक वे एक दिन होश में आ जातीं। पुनर्जन्म की तरह वे अपनी दुनिया में लौटतीं, अपनी नयी दिनचर्या में नयी नयी दवाओं की बंदनवार बैग में रख कर। कमजोरी के मारे वे फिर नये सिरे से चलना सीखतीं, उन्हें हर चीज का स्वाद नया लगता, उनके अंदर बच्चों जैसी जिज्ञासा और विस्मय जन्म लेने लगते, दरअसल उस समय उन्हें सेवा सुश्रूषा की बेहद जरूरत होती पर उनको घर पहुंचाते ही मेरा मनपाखी छटपटाने लगता अपने शहर, अपने घर द्वार लौटने को। मैं सोचती काश किताबों की तरह मेरे भी दो संस्करण हो जाते। एक इस शहर में रह लेता, एक उस शहर में।
यह कितनी विचित्रा सचाई है कि सन् 1988 से सन् 2003 के बीच हुई तो होंगी कई अच्छी घटनाएं भी लेकिन वे हमें शहर में रोक रखने में कोई निर्णायक भूमिका अदा नहीं कर पायीं।
जैसे गर्मियों के एक रविवार की सुबह मेरी सहेलियां अनिता गोपेश और शशि शर्मा मुझे खींच ले गयीं रसूलाबाद के गंगा तट पर कि आज लहरों पर लेट कर गप्प मारेंगे। हम नाव से बीच धार पहुंचे। अनीता को तैरना आता था, हम दोनों को डूबना। इसीलिए मैं और शशि तो घुटने घुटने पानी में आराम से बैठ गयीं और हाथ पैर फैला कर तैरने का नाट्य करती रहीं। इस घाट पर नदी ÷तन्वंगी गंगा ग्रीष्म विरल' कतई नहीं थी। जल में तरंग भी थी और तीव्रता भी। जल शीतल इतना कि लगे कोई देह में बर्फ के इंजेक्शन लगा रहा है। अनीता तैरने को मचल रही थी। चपल मछली सी वह दूर चली जाती और जल प्रवाह के साथ साथ तैरती हुई वापस आती। नदी का वेग उसे दूर खींचता, बतरस का चाव उसे लौटा लाता। हम तीनों साथ साथ सुमित्राा नंदन पंत, हरिवंश राय बच्चन और कैलाश गौतम को याद करते रहे। तीनों की धड़कनों में प्रयाग की गंगा रही और बही थी। हमने गंगा का न आचमन किया न सूर्य नमस्कार, न प्राणायाम किया न अभ्यर्थना, हम एक दूसरे को किस्से और कविता सुनाते रहे। बचपन में कभी पापा से सुनी पंक्तियां याद आती गयीं ᄉ ÷हर हर हर हर हहर हहर / ऊंची आती लहर लहर ऐसी लगती दूरी पर जैसी मोती की झालर।' पंत जी की ÷नौका विहार' तो हम तीनों को याद थी। लेकिन सबसे ज्यादा जुबान पर चढ़ी हुई थी कैलाश गौतम की कविता, अमौसा का मेला :
÷गुलब्बन क दुलहिन चलै धीरे धीरे / भरल नाव जइसे नदी तीरे तीरे।' एक कहती
÷सजल देह जइसे हौ गौने की डोली / हंसी सो बताशा शहद हउवै बोली।' दूसरी कहती।
÷अ देखेलीं ठोकर बचावै ली धक्का / मनैमन छोहारा मनैमन मुनक्का।' हम सब बोलतीं।
धूप सिर पर चढ़ आयी थी। नाव वाले ने कहा, दुई घंटे से ऊपर होबे करी। हम सब बेमन से उठे कि मैं चिहुंक पड़ी, ÷÷अरे मेरी साड़ी कहां गयी?'' शशि और अनीता हक्कीबक्की एक बार मुझे देखें, एक बार पानी के वेग को। गंगा की लहरों में कब साड़ी मेरे बदन से अलग होकर बह गयी थी मुझे पता ही नहीं चला। नाव वाले ने मुश्किल समझ कर तसल्ली दी, ÷÷जाये दें, पानी का वेग देखें, साड़ी तो बनारस पहुंच गयी होगी।''
मैं झेंपती रही, अनिता और शशि हंसते हंसते लोटपोट होती रहीं। वे सुनाने लगीं, ÷÷कवि कुछ ऐसी तान सुनाओ / जिससे उथल पुथल मच जाये / एक हिलोर इधर से आये, एक हिलोर उधर से आये।'
अनिता ने कहा, ÷÷जब आप कह रही थीं कि पानी हमें काट कर आगे बह रहा है, वह आपका चीरहरण कर रहा था।'' नाव में रखे सूखे कपड़े पहन लिये गये पर वह साड़ी गंगा को समर्पित हो गयी। इस अनुभव की स्मृति हमें जब तब गुदगुदा जाती और हम हंसने लगते।
शशि, शादी के बाद लखनऊ चली गयी। मैं और अनिता कभी कभी मिलते। हमारे दो मकसद होते। कुछ बहुत अच्छा पढ़ लेते तो उसे बांटने की इच्छा होती या इकट्ठे सिनेमा देखने की। सिनेमा के लिए रवि को राजी करना डॉक्टर के यहां ले जाने जैसा मुश्किल काम था। अगर कभी साथ चले भी गये तो इनकी टीका टिप्पणी ने रसभंग कर डाला।
ᄉ यह घिसी पिटी कहानी देखने में क्या तुक है।
ᄉ यह फिल्म हमने पहले भी कई बार देखी है।
ᄉ मैं बोर हो रहा हूं।
दो चार बार ऐसे प्रयोगों के बाद यह स्पष्ट हो गया कि रवि के लिए सिनेमा संत्राास के सिवा कुछ नहीं है। अनिता के साथ बहुत फिल्में देखीं। काम के दबाव को उतार फेंकने का यह हमारा तरीका था। हमारा रसायन भी एक जैसा था। चुप बैठे रह कर भी हमारी रुचियों की जुगलबंदी बनी रहती। बाहर निकल कर कभी हम चाट और चाय की एय्याशी के बाद घर जाते तो कभी सीधे वापस।
दशहरे के दिनों में इलाहाबाद में रात भर मेले का रेला रहता है। सड़क के किनारे रंगीन रोशनी की झालर, खोमचेवाले, झांकियों के रथ, भीड़, बच्चे, रिक्शे, स्कूटर और कारों का एक सिलसिला चला करता है। हम दोनों ने मुट्ठीगंज में फिल्म देखी और गौतम टॉकीज के बाहर से ही वापसी का रिक्शा किया। हमारी बातें भी चल रही थीं और रिक्शा भी चल रहा था। भीड़ भरे बाजार को पार कर रिक्शा हिन्दू हॉस्टल के फाटक पर पहुंचा जहां से कटरे का रास्ता शुरू होता है। यकायक रिक्शे की चेन उतर गयी। वहां घुप्प अंधेरा था। रिक्शेवाले ने अंदाजे से चेन ठीक की और रिक्शे को पैदल चलाने लगा। अनिता ने कहा, ÷÷जल्दी चलो, हमें देर हो रही है।'' तभी कहीं से एक मोटरबाइक पर दो लड़के आये। पीछे की सीट वाले लड़के ने मेरी गोद में रखा मेरा पर्स बड़ी सफाई से छीना और उसकी मोटरबाइक दन्नाती हुई आगे भाग गयी। ÷अरे मेरा पर्स कहां गया।' मेरे चिल्लाने से निरपेक्ष रिक्शेवाला वैसे ही रिक्शा चलाता रहा। अनिता ने अपना शक जाहिर किया, ÷÷इस जगह अक्सर लोगों के पर्स लूटे जाते हैं, रिक्शेवाले जब तुम्हें पता था तुमने यहां रिक्शा क्यों रोका?''
रिक्शेवाले ने कहा, ÷÷हम तो नये आये हैं, हमें क्या पता कहां क्या होता है?''
हमने तय किया कि पुलिस थाने में रिपोर्ट की जाय।
वहां का अनुभव और भी निराला था। हमारी बात सुन कर सबसे पहले एक सिपाही ने रिक्शेवाले को पीट कर उसकी कुल कमाई छीन ली और उसे एक तरफ बिठा दिया। फिर उसने हमें दीवान के सामने प्रस्तुत किया जो वायरलैस पर मेले की गश्त का हाल ले रहा था। कुछ देर बाद वह हमसे मुखातिब हुआ। उसने दो बातें कहीं, ÷÷पर्स पकड़ कर नहीं बैठतीं आप लोग? पर्स में कितने रुपये थे?'' दोनों ही बातों के उत्तर से उसे संतोष नहीं हुआ। यह बताने पर कि पर्स में साढ़े सात सौ रुपये थे, उसने बड़ी खिल्ली उड़ायी ÷÷और सिर्फ साढ़े सात सौ के लिये आप थाने चली आयीं।''
इसके बाद एक नौजवान सब इंस्पेक्टर आया। उसने हमारी लिखी रिपोर्ट दीवान को सौंपी और अनिता से कहा, ÷÷आप चल कर मौका वारदात दिखायें।''
सब इंस्पेक्टर अगले हफ्ते से रोज अनिता के घर दो तीन पर्स लेकर पहुंचने लगा, ÷÷जो आपको जंचे, रख लीजिये।''
पर्स के साथ घर की चाभियों का गुच्छा, टेलिफोन डायरी, पार्कर पेन और रेवलॉन लिपस्टिक की हानि में सबसे ज्यादा परेशानी चाभियों की हुई। सभी अलमारियों और दरवाजों के ताले तुड़वाने और बदलवाने पड़े।
इस प्रसंग में मेरी बेवकूफी तो अपनी जगह थी ही मेरी लापरवाही भी जाहिर थी। फिर भी अपनी नागरिक चेतना को धक्का लगा। जब अखबारों में छिनैती और डकैती की खबरें पढ़ती थी हमेशा यही सोचती कि ये औरों के संग होने वाली दुश्वारियां हैं। मन में खुशफहमी रहती, बच्चा बच्चा तो यहां जाना पहचाना है और हम यहां के खास अपने हैं। अपनों को कौन लूटता है। लुटते तो बेचारे परदेसी हैं। खैर धारणा ध्वस्त हुई, तबियत जरा पस्त हुई।
शहर के लिये किसी का रहना जरूरी नहीं होता। ये तो लोग होते हैं जो उससे नाता जोड़ते हैं। कुछ लोग तो अपने नाम के साथ उसे नत्थी कर लेते हैं जैसे वसीम बरेलवी, मजरूह सुल्तानपुरी, कैफी आजमी। कुछ लोग नत्थी नहीं करते फिर भी उनके साथ शहर की शोहरत चिपक जाती है जैसे मजाज के साथ लखनऊ, गालिब के साथ दिल्ली, राही मासूम रजा के साथ अलीगढ़, कमलेश्वर के साथ मैनपुरी, राजेन्द्र यादव के साथ आगरा। रहे हैं ये सब और शहरों में भी लेकिन वह एक शहर इनका अतापता बन गया। शहर वालों को भी इनके किस्से कहानी सुनाने में मजा आने लगा; शहर के कुछ अड्डे इनके नाम से सरनाम हुए, साल दर साल इनके हवाले से न जाने कितने सच झूठ तमाम हुए।
हमने चाहा था इलाहाबाद हमें चंदन पानी, मोती धागा, सोना सुहागा जैसा अपना ले, आखिर हम तीस साल यहां रह लिये, अट्ठाईस साल नौकरी कर ली, यहां की हवाएं, सर्दी गर्मी झेल ली। अगर कोई अतिथि बाहर से आया तो हमने मेजबान की तरह उसकी अगवानी की; शहर की खासियत और खूबसूरती का खुले दिल से बखान किया।
एक शाम विश्वविद्यालय के खुले मंच पर फैज, फिराक और महादेवी वर्मा को इकट्ठे देखा और सुना। तीनों ही साहित्यकार लेकिन हर एक का अंदाजेबयां और। फैज की शान में रात को विभूति राय के घर पर दावत हुई। जब वे कमरे में दाखिल हुए उन्हीं की कविताओं का हमारा रेकार्ड स्टीरियो पर बज रहा था। वे पहले हैरान हुए, फिर खुश हुए और एल.पी. के कवर पर उर्दू में लिख दिया ᄉ ममता को, मुहब्बत के साथ। इस मौके पर हिन्दी उर्दू लेखकों का भाईचारा भी नजर आता रहा। सभी युवतर लिखने वाले जश्न में आये हुए थे। डॉ. अकील रिजवी के नेतृत्व में अली अहमद फातमी, असरार गांधी, काजमी जी, ताहिरा परवीन, आतिया निशात, गजाल जैगम, शाइस्ता फाखरी थे तो शम्सुर्रहमान फारुखी जैसे पायेदार और गम्भीर आलोचक की भी उस शाम की सभा में शिरकत थी।
हिन्दी उर्दू अदब के इस तरह के संगम इलाहाबाद की खासियत तब से रहे जब प्रगतिशील लेखक संघ की बैठकें यहां होती थीं। जियाउल हक और प्रकाश चंद्र गुप्त इन बैठकों के शक्तिपीठ थे और कोई भी रचनाकार तब तक मुकम्मल नहीं माना जाता जब तक दोनों जुबानों से उसे सनद न मिले। पता नहीं तब भी हिन्दी वालों को क्या मेरी तरह यह अफसोस हुआ होगा कि उन्होंने उर्दू पढ़नी लिखनी क्यों नहीं सीखी। कितना अजीब है कि सभी उर्दूभाषी अदीब हिन्दी जानते हैं लेकिन सभी हिन्दी भाषी उर्दू की मामूली जानकारी भी नहीं रखते। एक अकेले रघुपति सहाय ÷फिराक' हिन्दी भाषी अदीबों की यह कमी पूरी करने के लिए नाकाफी थे।
फिराक साब के क्या कहने। उन्हें कोई न रोक सकता था न टोक। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के लॉन पर उनके ही सम्मान में पार्टी का आयोजन था। साहित्य अकादमी ने फिराक को महत्तर सदस्यता से अलंकृत किया था, इसी उपलक्ष्य में यह उत्सव था। उत्तर प्रदेश के राज्यपाल डॉ. चेन्ना रेड्डी भी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे। फिराक साब काफी तरंग में थे हालांकि उनके हाथ में जाम नहीं था। उन्हें लतीफे सुनाने की धुन चढ़ी तो उनकी जुबान से ऐसे ऐसे लतीफे निकले कि लोग मुंह फेर कर हंसने लगे। फिराक साब को लगा चेन्ना रेड्डी सुन नहीं रहे हैं उन्होंने जोर से कहा, ÷÷इधर आओ चेन्ना रेड्डी यह लतीफा तुम्हारे नाम।'' जो कुछ उन्होंने सुनाया उसका ताल्लुक समलैंगिकता के किसी पहलू से था। चेन्ना रेड्डी का चेहरा पहले उतरा फिर तन गया। फिराक साब को कोई फर्क नहीं पड़ा। वे अपने पास बैठे प्रोफेसर स्कंदगुप्त को बताने लगे कि कई लोगों में सेंस ऑफ ह्यूमर (विनोदप्रियता) नहीं होती, खासकर हिन्दी वालों में।
फिराक साब की विनोदप्रियता और मुंहफटपन के कई किस्से अनिता और शशि को जुबानी याद थे। दोनों उनसे मिलने जाती रहती थीं। अनिता ने ही बताया कि एक बार फिराक साब के घर चोर घुस आया। फिराक साब और अनिता दोनों बैंक रोड पर विश्वविद्यालय के मकानों में रहते थे। ऐसा लगता था उन मकानों की बनावट चोरों की सहूलियत के लिए ही हुई थी, वहां आयेदिन चोरियां होतीं। फिराक साब को रात में ठीक से नींद नहीं आती थी। आहट से वे जाग गये। चोर इस जगार के लिए तैयार नहीं था। उसने अपने साफे में से चाकू निकाल कर फिराक के आगे घुमाया। फिराक बोले, ÷÷तुम चोरी करने आये हो या कत्ल करने। पहले मेरी बात सुन लो।''
चोर ने कहा, ÷÷फालतू बात नहीं, माल कहां रखा है?''
फिराक बोले, ÷÷पहले चक्कू तो हटाओ, तभी तो बताऊंगा।''
फिर उन्होंने अपने नौकर पन्ना को आवाज दी, ÷÷अरे भई पन्ना उठो, देखो मेहमान आये हैं, चाय वाय बनाओ।''
पन्ना नींद में बड़बड़ाता हुआ उठा, ÷÷ये न सोते हैं न सोने देते हैं।''
चोर अब तक काफी शर्मिन्दा हो चुका था। घर में एक की जगह दो आदमियों को देख उसका हौसला भी पस्त हो गया। वह जाने को हुआ तो फिराक ने कहा, ÷÷दिन निकल जाय तब जाना, आधी रात में कहां हलाकान होगे।'' चोर को चाय पिलायी गयी। फिराक जायजा लेने लगे कि इस काम में कितनी कमाई हो जाती है, बाल बच्चों का गुजारा होता है कि नहीं। पुलिस कितना हिस्सा लेती है और अब तक कै बार पकड़े गये।
चोर आया था पिछवाड़े से लेकिन फिराक साहब ने उसे सामने के दरवाजे से रवाना किया यह कहते हुए, ÷÷अब जान पहचान हो गयी है भई आते जाते रहा करो।''
महादेवी वर्मा राष्ट्रीय चेतना की बुद्धिजीवी थीं। वे शिक्षा जगत से भी गहरे जुड़ी हुई थीं। उनके नाम का गजब दबदबा था। उनके बारे में इलाहाबाद जैसे जालिम शहर में कोई किस्सा कहानी प्रचलित नहीं थी। मैं प्रायः उन्हें मंच पर देखती। उनके मानवीय पक्ष से मेरा सम्पर्क बहुत बाद में हुआ। अक्सर दक्षिण भारत या महाराष्ट्र के शोध छात्रा मेरे घर आकर कहते, ÷÷हमें इलाहाबाद में तीन चीजें देखनी हैं, संगम, महादेवी वर्मा और ममता कालिया।'' मैं कहती ÷÷भई दो काम तो निहायत आसान हैं, रह गयी तीसरी जगह तो संभल कर जाना। पहले फोन से पूछ लो, तब जाना।''
महादेवी जी के व्याख्यान उनके आख्यान जैसे ही होते थे। हृदय के उद्गार। जब जब उन्हें सुना, रोमांच हो आया। अपनी खरखरी आवाज में वे ऐसी खरी खरी सुनातीं कि श्रोता का मानस झनझना उठता। वैसे उनके शब्दों में मात्रा झंकार ही नहीं टंकार भी होती थी।
मैंने उनसे काफी देर में संवाद किया। कानपुर विश्वविद्यालय के डॉ. गुप्ता के साथ मैं उनके घर गयी। उन्होंने हंसमुख मुद्रा में स्वागत किया। वे हमें अपने हाथ से काट कर सेब और नाशपाती खिलाती रहीं। उन्होंने डॉ. गुप्ता से कहा, ÷÷भाई विद्याभूषण जी से कई बार बात हुई। उन्होंने दिल्ली में पूछा ममता तो आपके पास आती होंगी। मैंने बताया आपकी बेटी तो कभी मिलने नहीं आयी।''
मुझे बड़ा संकोच हुआ। अगले ही क्षण महादेवी जी ने मेरा संकोच दूर कर दिया। हंसते हुए वे बोलीं, ÷÷गुप्ता जी, इनकी संस्था सेवासदन से अब मेरा कोई लेना देना नहीं है। वास्तव में हमारी और इनकी संस्थायें भगिनी हैं लेकिन सौतेली भगिनी हैं।'' मैं उनकी स्पष्टवादिता से बहुत प्रभावित हुई। उन्होंने मुझे संकट से उबरने का मौका दिया। इतिहास बताता है कि सेवासदन कॉलेज की स्थापना में महादेवी जी का योगदान था। उन्होंने सपना देखा था कि सेवासदन ऐसी शिक्षा संस्था हो जिसमें वे लड़कियां पढ़ सकें जो पहले किसी कारणवश नहीं पढ़ पायी। तब यह आगरा विश्वविद्यालय से सम्बद्ध था और आम तौर पर इसमें बाल विधवाएं, परित्यक्ताएं और बड़ी उम्र की अविवाहित लड़कियां पढ़ा करतीं। बाद में सैद्धांतिक मतभेद के चलते महादेवी जी सेवासदन के प्रबंधतंत्रा से अलग हट गयीं। उन्होंने नयी संस्था ÷प्रयाग महिला विद्यापीठ' गठित कर ली। महादेवी जी के अंदर एक जिद थी। वे मानती थीं कि ÷भारतीय नारी जिस दिन अपने पूरे प्राण प्रवेग से जाग सके उस दिन उसकी गति रोकना किसी के लिए सम्भव नहीं।' इसी के तहत उन्होंने ÷श्रृंखला की कड़ियां' के निबंध लिखे। वे स्त्राी समाज को जगाना, झकझोरना, उकसाना चाहती थीं। महादेवी जी हमारे समय की एक प्रखर बुद्धिजीवी और जुझारू व्याख्याता के रूप में सामने आती हैं जिन्हें उनके पद्य की अपेक्षा गद्य के लिए ज्यादा याद रखा जाएगा। कविता की सीमाएं टटोल कर ही उन्होंने गद्य का विकल्प स्वीकार किया था। उन्होंने अपने निबंधों के द्वारा स्त्रिायों में अधिकार चेतना का आह्वान किया। मुझे अफसोस होता है कि मैंने उनके सान्निध्य में और अधिक समय क्यों नहीं बिताया। जीवन की दौड़ भाग अपनी जगह थी, कॉलेज की आपाधापी चलती थी पर यह मेरा ही बचकाना बागी मन था जो हर स्थापित व्यक्ति से कतरा कर निकलना पसंद करता।
ग्यारह सितम्बर 1987 को महादेवी जी का निधन हुआ। 12 सितम्बर को खबर फैलते ही कॉलेज की सब लड़कियों ने तय किया कि वे महादेवी जी के अंतिम दर्शन करने अशोक नगर, उनके घर पर जाएंगी। हम सब जब वहां पहुंचीं तो शवयात्राा रसूलाबाद के लिये प्रस्थान कर चुकी थी। उन दिनों रसूलाबाद घाट तक जाने के लिए वाहन के नाम पर सिर्फ बड़े टैम्पो मिला करते थे। हम सभी शिक्षक, विद्यार्थी टैम्पो में वहां गये। घाट पर इतना विशाल जनसैलाब था मानो पूरा शहर आज रसूलाबाद पहुंचा हो। कॉलेज की कई लड़कियां रो रही थीं। एक लेखक को इससे बड़ी शोक संतप्त भीड़ ने पहले कभी ऐसी श्रद्धांजलि दी हो, याद नहीं पड़ता।
इलाहाबाद की खासियत ही समझें कि यह शहर अपने सितारे के टूटने के बाद ही स्वीकार करता है कि हां वह सितारा था। उसके जीते जी, शहर ÷किन्तु परंतु' की शब्दावली में उसके पैर के नीचे की मिट्टी खोदता रहता है। यही वजह है कि इलाहाबाद में रहते आये रचनाकार कभी रवीन्द्रनाथ ठाकुर जैसी प्रतिष्ठा प्राप्त नहीं कर पाये। बंगाल अपने नायक निर्मित करता है। उत्तर प्रदेश अपने नायक खंडित करता है। सूर्यकांत त्रिापाठी निराला का योगदान रवि बाबू से कतई कम नहीं था पर उनके जीवन काल और रचना वर्षों में शहर ने उन्हें उनके हाल बेहाल पर छोड़ दिया। मुझे महसूस होता है यदि महाप्राण निराला को नगर से सराहना और नगरवासियों से सहयोग मिलता तो वे एक प्रसन्न जीवन जीते और परितृप्त मृत्यु को प्राप्त होते। यह वह जगह है जहां लेखक पुरस्कार से नहीं, तिरस्कार से मरता रहाहै।
हिन्दी के लेखक की स्थिति का साम्य शायद किसान की वर्तमान दशा से सटीक बैठता है। जैसे किसान अपना खून पसीना एक कर खेत में लहलहाती फसल तैयार करता है उसी तरह लेखक महीनों बल्कि वर्षों की मेहनत से एक रचना अथवा पुस्तक पूरी करता है। दोनों ही मुंहअंधेरे उठते हैं। एक कुदाल फावड़ा लेकर खेत पर जाता है, दूसरा कलम कागज लेकर मेज पर जुट जाता है। खेती का मूल्य किसान की मेहनत, उम्मीद और लागत तीनों से कम आंका जाता है। एक पुस्तक पूरी लिख लेने में लेखक की मेहनत का भी मूल्यांकन कुछ इसी प्रकार होता है। जीवन के सभी मनोरंजन से स्वयं को काट कर, विचारों को केन्द्रीभूत कर, आंखों में आइड्रॉप टपका कर, एक नन्हीं कलम या कम्प्यूटर के सहारे रात रात जाग कर लेखक जो लिखता है, उसके पास कोई आश्वासन नहीं होता यह किताब छप कर बाजार में कब आयेगी या आयेगी भी या नहीं। प्रकाशक की खांटी शब्दावली में किताबें बिकती ही नहीं हैं। ऑटोमेशन के युग में वह किताब का पहला संस्करण ही पुनर्मुद्रित कर बेचता रहता है, उसे द्वितीय, तृतीय की संज्ञा से अभिहित किये बिना क्योंकि उसके लिए वह महज माल है। लेखक और पाठक के बीच वह ऐसा बिचौलिया है बाजार भाव जिसकी मुट्ठी में है। जैसे किसान और उपभोक्ता के बीच न जाने कितने दलाल, आढ़तिये, मंडी निरीक्षक और पटवारी होते हैं, उसी तरह लेखक और पाठक के परोक्ष और दूरस्थ सम्बंध लेखक और पाठक दोनों की हानि करते हैं। ÷खाक हो जाएंगे हम उनको खबर होने तक' वाला आलम रहता है। प्रेमचंद और निराला ने इसे भोगा। उनके बाद के लेखक भी भोग रहे हैं। लेखन से जीवनयापन की बात सोचना अपने परिवार के लिये एक डरावना भविष्य तैयार करने जैसा है।
भविष्य के भेड़िये से बचने के लिए इलाहाबाद में बड़े बड़े लेखक भी छोटी छोटी नौकरियां करते देखे जाते थे। यों भी हिन्दी में लेखन कोई पूर्णकालिक काम नहीं समझा जाता। फिर लेखन नाम के कर्म के पीछे चलने वाली तैयारी किसी को दिखाई भी नहीं देती। परिवार के सदस्य सोचते हैं इसे चारपाई तोड़ने की आदत है। पर वे नहीं जानते कि लेखन, क्रिया से अधिक प्रक्रिया का नाम है। सोच विचार के समय को सुस्ती या निठल्लापन समझे जाने का दंश लेखकों ने खूब झेला होगा। यह तो वे जानते हैं उनके दिल दिमाग की पतीली और बटलोई में विचारों की कैसी खदबद मची रहती है।
अमरकांत जी यों तो बलिया के थे, बीसवीं सदी के छठे दशक से वे इलाहाबाद आ गये। वे मित्रा प्रकाशन की पारिवारिक पाक्षिक पत्रिाका ÷मनोरमा' के संयुक्त सम्पादक थे। उन्हीं की उपस्थिति का प्रताप था कि कभी कभी मनोरमा में किसी शीर्ष रचनाकार की कोई बहुत उत्कृष्ट रचना पढ़ने को मिल जाती। वे दस से पांच दफ्तर में बैठते, पूरी लगन से अपना काम करते लेकिन समय खत्म होते ही कमल पत्रा पर पड़े जल बिन्दु की तरह दफ्तर से उठ जाते, निसंग और निर्लिप्त। तब तक वे दिल का एक दौरा झेल चुके थे। वे अपना हर काम बड़े सहज और सधे ढंग से करते, चाहे वह सड़क पर चलना हो या ठहर कर बात करना या किसी मित्रा के घर जाना। जैसे उनकी कहानियां विकसित होती हैं, खरामा खरामा, वैसा ही उनका जीवन राग था, एकदम मद्धम जिसमें ÷नी' कोमल होता है।
मेरे लेखन पर तब तक बम्बई की छाप और छवि कुछ गहरी ही थी। रही सही कसर बीटनिक पीढ़ी की ऑफबीट कविताएं पढ़ने सुनने से पूरी हो गयी थी। मैंने इंग्लिश में कविताएं लिखनी शुरू कीं तो पत्रिाकाओं में उनके छपते ही राइटर्स वर्कशॉप से मेरे दो काव्य संग्रह भी आ गये। न किसी से मिन्नत करनी पड़ी न पांडुलिपि भेजनी पड़ी। उन्हें सराहना भी खूब मिली। कई बार इंग्लिश के नये कवि मिलने के लिये घर आने लगे। मुझे भारतीय आंग्ल साहित्य की दुनिया का यह स्वागत भाव अच्छा लग रहा था। मन में यह भी था कि हिन्दी में कितनी भी मेहनत कर लो यहां लेखक को सराहना की जगह आलोचना ही मिलती है।
रवि यह सब चुपचाप देख रहे थे हालांकि उन्हें ये सरोकार पसंद नहीं आ रहे थे। एक बार उन्होंने कहा, ÷÷इनमें से बहुतेरे तो सी.आई.ए. के एजेण्ट हैं।'' मैंने कहा, ÷÷तुम्हें तो आधी दुनिया सी.आई.ए. की एजेण्ट नजर आती है। होंगे बहुत से इंग्लिश लेखक, मैं तो नहीं हूं।'' किताबों के अलावा अमेरिका या अमेरिकी सूचना विभाग से अपना कुल जमा रिश्ता बस इतना था कि घर में हर महीने वहां की पत्रिाका स्पैन का अंक निःशुल्क आता था। रवि हमेशा चीजों को चरम रूप में देखते हैं, मुझे लगा।
एक दिन मैंने अपना इंग्लिश कविता संग्रह ÷ट्रिब्यूट टु पापा' अमरकांत जी को दिया। उन्होंने वहीं बैठे बैठे कविताएं पढ़ डालीं। उत्साहित होकर मैंने अगला कविता संग्रह भी दिखाया। उन्होंने कविताएं पढ़ कर कहा, ÷÷आप तो इंग्लिश में निहिलिज्म (शून्यवाद) की ओर बढ़ रही हैं। क्यों लिखी हैं आपने ये कविताएं? फैशन में हैं इसलिए। लेखक को हमेशा फैशनेबिल लेखन से बचना चाहिएं।''
फिर मैंने बहुत दिनों तक इंग्लिश में कविताएं नहीं लिखीं। अमरकांत जी हमेशा क्लैसिक्स पढ़ने पर जोर देते। वे स्वयं तॉलस्तॉय, चेखव, गोर्की, स्टैंडल के पाठक और प्रशंसक थे। किसी भी कथा आंदोलन का उफान उन्हें उकसाता नहीं था। उन्होंने कभी फैशन के मुताबिक लेखन नहीं किया। ÷न दैन्यं न पलायनं' का जीता जागता उदाहरण थे अमरकांत जी। उन्होंने मुझे कई बार दलदल से निकाला, कभी चालू फैशन की, कभी घरेलू लेखन की दलदल। मथुरा पर केन्द्रित अपने उपन्यास के प्रारम्भिक पृष्ठ मैंने उन्हें सुनाये तब वे पहली बार खुश हुए और कहा, ÷÷इस तरह लिखिये, आप क्या लिखती रहती हैं?''
इस शहर ने अगर कई बार हमें चारों खाने चित्त गिराया तो दंगल के दांवपेच भी सिखाये। इलाहाबाद के आंवे में पक कर ही साहित्यकार, सृजन के क्षेत्रा में संजीवन पाता है। यह समझने में बीसवीं सदी समाप्त होने पर आ गयी। मुझे लग रहा था अब सुख के दिन शुरू ही होने वाले हैं। मेरी नौकरी का यह अंतिम वर्ष था। सत्रा लाभ मिलने पर 30 जून 2001 को मैं अवकाश प्राप्त करने वाली थी। सन् 2000 की बात है। 30 अक्टूबर का दिन था। कॉलेज में परीक्षा फॉर्म का काम समेटा जा रहा था। फीस का एक बैंक ड्राफ्ट बनवाया जा चुका था। दूसरे ड्राफ्ट के लिये परीक्षा शुल्क का हिसाब मैं रजिस्टर से मिला रही थी। तभी एक लड़का कार्यालय में आया, ÷÷मैडम, बहन का दाखिला करवाना है।''
मैंने कहा, ÷÷अक्टूबर खत्म होने को है अब दाखिला कैसे हो सकता है?''
÷÷इसका मतलब उसका परीक्षा फार्म भी नहीं भरा जाएगा।'' लड़के ने चिन्ता जतायी।
अंतिमा सिंह का बी.ए. प्रथम वर्ष का परीक्षाफल कानपुर विश्वविद्यालय से नहीं आया था। मैं तीन बार कॉलेज का कर्मचारी भेज चुकी थी पर हर बार यही पता चलता कि परीक्षाफल अपूर्ण है। अंतिमा के भाई को चिन्ता थी कि उसका साल बरबाद हो जाएगा। उसकी दो और बहनें भी मेरे कॉलेज में पढ़ रही थीं।
अरुण सिंह को मैंने नियम समझाने की कोशिश की लेकिन वह जिद पर अड़ा रहा कि अंतिमा को उत्तीर्ण मान कर द्वितीय वर्ष का फॉर्म भरवाया जाय। मेरे हाथ नियमों से बंधे थे। बीच का रास्ता ढूंढते हुए मैंने सोचा उसे अस्थायी प्रवेश देकर फॉर्म भरवा दिया जाय।
÷÷लड़की कहां है।'' मैंने पूछा।
÷÷गांव में।''
÷÷उसे ले आइये।''
÷÷लड़की नहीं आयेगी।''
÷÷क्यों?''
÷÷क्यों का क्या मतलब। कह दिया नहीं आयेगी। हम जो आये हैं।''
÷÷ऐसे न प्रवेश होगा न परीक्षा फॉर्म भरा जायेगा, जाइए।''
मैंने कहा और मैं फिर रजिस्टर में व्यस्त हो गयी।
लड़का बैठा रहा।
इसमें कुछ भी नया नहीं था। अभिभावक अक्सर उठने में देर लगाते।
तीनों बहनों की उम्र थी उन्नीस, बीस और इक्कीस। लड़का बाईस तेईस से ज्यादा का नहीं था लेकिन अभिभावक के खाने में पिछले साल बहनों ने यही एक नाम लिखा था, अरुण सिंह। तब भी मैंने एतराज किया था कि उन्नीस, बीस और इक्कीस की देखभाल बाईस कैसे कर सकता है। लड़कियों ने मुंह बना कर कहा था, ÷÷बिल्कुल कर सकता है मैडम, हमारा भाई है।'' मैं चुप हो गयी थी क्योंकि मुझे पता था कि लड़कियों की देखभाल तो चार साल के भाई के हाथों में भी सौंपी जाती थी।
तभी कोई भारी चीज मेरे सिर से टकरायी और खून का फव्वारा सिर से फूट निकला। जब तक मैं कुछ समझती या चीखती लड़का तेजी से उठ कर भाग निकला। अरुण सिंह ने मेरी मेज से उठा कर कांच का भारी पेपरवेट मेरे सिर पर मार दिया था।
खून का जैसे नल खुल गया। सिर के बीचोंबीच लग कर पेपरवेट ने गहरा घाव कर दिया। एक हाथ से, सिर से गिरती खून की मोटी धार रोकते, दूसरे हाथ से घंटी कस कर दबाते मैं दरवाजे के बाहर देखने लगी कि कोई आये। गलियारे में दोपहर बारह बजे का सन्नाटा था। सभी अध्यापिकाएं अपनी अपनी क्लास में थीं। कार्यालय के बाहर दाई का स्टूल खाली पड़ा था। हैरानी की बात थी। घंटी की आवाज से कोई अंदर नहीं आया।
यह होश खोने का नहीं होश में आने का वक्त था। अट्ठाईस साल इस कॉलेज की प्रिंसिपली में मैं मानती थी कि कॉलेज और मैं पर्यायवाची बन चुके हैं। मेरा ख्याल था कि कॉलेज पर मेरा पूरा नियंत्राण है। दोनों यकीन गलतफहमी साबित हुए। मैंने घंटी तब तक बजायी जब तक वह टूट नहीं गयी। फिर मैं लपक कर सामने वाली कक्षा तक गयी। सिर के आगे पीछे रक्त की धाराएं गिर रही थीं। कार्यालय का फर्श लाल हो चुका था। कक्षा तक जाने और लौटने में मेरी चप्पलों के रक्तरंजित निशान ईंटों पर बन गये। लड़कियां चिल्ला पड़ीं। खून, खून। मिनटों में सारा कॉलेज इकट्ठा हो गया। अध्यापिकाओं ने सोचा मुझे गोली मारी गयी है। सब दाई और चपरासियों को डांटने लगे कि गुरु जी को कौन मार कर चला गया। जितनी देर मैं कॉलेज की हद में रही, घायल होकर भी चौघराहट दिखाती रही। फीस के रुपये अपने सामने बड़े बाबू से गिनवाये, रजिस्टर से हिसाब मिलवाया, बैंक ड्राफ्ट थमाया, डायरी पर्स में डाली। मन में कोई टहोका दे रहा था, ÷चलो तुम्हारा वक्त पूरा हुआ। आ गयी मेरे गमन की सांध्य बेला।'
कॉलेज के लायब्रेरियन संजय वर्मा की भागदौड़ से फर्स्टएड मिली जो अपर्याप्त थी। डॉक्टर ने कहा कि चोट गहरी है और मुझे अस्पताल जाना होगा।
रवि और प्रबुद्ध भागमभाग कॉलेज पहुंचे।
न जाने किसने खबर कर दी। कुछ अखबारों के संवाददाता आ पहुंचे। पुलिस तब भी नहीं आयी हालांकि पुलिस चौकी एकदम करीब थी।
सरकारी अस्पतालों की बेरुखी झेल कर अंततः जब मुझे एक निजी अस्पताल में शल्य चिकित्सा मिली तब तक रात के दस बज चुके थे। रवि और प्रबुद्ध फिक्र और थकान से निढाल हो रहे थे। चोट में छब्बीस टांके लगे। सिर पर पट्टियों का मुकुट पहन जब मैं उन दोनों के साथ घर लौटी, रात के ग्यारह बज रहे थे।
अखबारों के स्थानीय पृष्ठ अगले दिन इस वारदात से रंगे हुए थे। घटनास्थल और घायल की तस्वीरों के हवाले से खबर फैल गयी। बहुत लोग आये। अपने लिए नगरवासियों, मित्राों, परिचितों, पाठकों का प्रेम प्रत्यक्ष देखने का अवसर मिला। इलाहाबाद और कानपुर विश्वविद्यालय के कुलपति भी आये। पुलिस भी आती रही, ऊलजलूल सवाल पूछती रही। मैं अपना दुखता सिर संभाले बताती रही, ÷÷हां लड़के ने पतलून कमीज पहनी हुई थी, लम्बा था, अपनी डायरी मेरी मेज पर छोड़ गया, बाकी विवरण उसकी डायरी से देख लें।''
मुझे बिस्तर पर खबर मिलती रही कि लड़का जजों की कॉलोनी में आराम से घूम रहा है, क्रिकेट मैच देख रहा है, युनिवर्सिटी जा रहा है लेकिन पुलिस जाने किन सड़कों पर दौड़ भाग कर रही थी।
वास्तव में यह चोट सिर्फ सिर में नहीं लगी थी। मेरे अंदर और बहुत कुछ टूट फूट गया। मेरी अकड़ और आत्मविश्वास, दोनों खंडित हो गये। बिस्तर पर पड़े पड़े बार बार चलचित्रा की तरह वह घटना मेरी आंखों में घूम जाती और तीखा पराजयबोध मेरी नस नस में उतार देती। रही सही कसर कॉलेज के मैनेजर ने पूरी कर दी जब उन्होंने अपना रुख जाहिर किया।
रवि ने उनसे कहा, ÷÷आप इनकी सुरक्षा का प्रबंध करें तो ये काम पर लौटें।''
मैनेजर ने जवाब दिया, ÷÷मैं इनकी सुरक्षा का क्या प्रबंध करूं। मैं तो अपनी भी सुरक्षा की गारंटी नहीं ले सकता। आप तो लेखक पत्राकार हैं। डी.एम. से कह कर इनको सुरक्षा दिलवाइये।'' रवि का मानना था कि यह मांग निजी स्तर पर नहीं कॉलेज के माध्यम से की जाय।
मैनेजर का ख्याल था कि इसमें कॉलेज कहीं नहीं आता। उनका तो यह भी ख्याल था कि लड़के से मेरी कोई पुरानी दुश्मनी थी जिससे उसने हमला किया। मेरे कथन पर कि मैं तो उसे पहचानती भी नहीं थी उन्होंने कोई गौर नहीं किया। उन्होंने कहा, ÷÷इनकी निजी सुरक्षा आपका निजी मामला है, उसमें कॉलेज को क्यों घसीटा जाय।''
मैं कॉलेज का काम करते हुए, नियमों का परिपालन करते हुए हिंसा की शिकार हुई थी। पूरे शहर में मेरा कोई शत्राु नहीं था। कॉलेज अपना पल्ला झाड़ रहा था।
मैनेजर एकदम जड़ और निरपेक्ष थे। संकटकाल में वे इसी तरह तटस्थ और उदासीन हो जाया करते थे।
मुझ जैसी मूर्खा को अच्छा सबक मिला जिसके भावतंतु कॉलेज के अस्तित्व के साथ ऐसे जुड़ गये थे कि मैं सर्दी गर्मी चौमासा, टिक टिक घड़ी की तरह अविराम नौकरी पर जाती रही, पति की पार्ट टाइम पत्नी, बच्चों की क्वार्टर टाइम मां बनी लेकिन नौकरी फुलटाइम बजाती रही। छुट्टियों में बाहरी इम्तहान करवाती रही, 15 अगस्त, 26 जनवरी सब दिन कॉलेज को समर्पित कर दिये। कच्चे कॉलेज को पक्का बनाने के लिये मैंने इलाहाबाद, कानपुर, लखनऊ, दिल्ली एक कर दिये। रचनाकार विभूति राय शायद इसीलिए कहते हैं ÷नौकरी को नौकरी की तरह करना चाहिए।' उनका आशय होता है कि नौकरी में अपनी उम्मीदें, सपने और विश्वास नत्थी नहीं करने चाहिए, तीनों दुख देते हैं।
हमें कहां पता होता है हम कब किन कच्चे पक्के तारों की गुंजलक बनते चले जातेहैं।
गौतम और गांधी के देश में मेरे अंदर अहिंसा और क्षमा की जगह असंतोष और आक्रोश का लावा फूट रहा था। मैं अपराधी को जेल में नहीं अपने सामने चाहती थी ताकि उससे पूछ सकूं, ÷÷तुमने ऐसा क्यों किया? मेरी जगह तुम होते तो क्या करते?'' सिर के तेरह बाहरी टांके आठवें दिन डॉक्टर ने निकाल दिये, भीतरी तेरह टांके अपने आप घुलने के लिये छोड़ दिये। सिर में जब तब चिलक उठती। केश विन्यास हमेशा के लिए बिगड़ गया।
मित्रा हितैषियों का आना जाना अभी थमा नहीं था। वे तरह तरह से दिलासा देते। कोई कहता, ÷÷बड़ी खैर हुई उस लड़के के पास कट्टा (देसी रिवॉल्वर) नहीं था। आजकल तो स्कूली बच्चे भी रखने लगे हैं।''
कोई कहता, ÷÷गनीमत है उसकी जेब में एसिड का बल्ब नहीं था।'' एक अन्य हितैषी ने सुल्तानपुर का प्रकरण बताया। इसकी खबर मैंने पढ़ रखी थी। अंदरूनी बातें हितैषी ने बतायीं कि कैसे इंटरमीडिएट कॉलेज के प्राचार्य मान बहादुर सिंह की कॉलेज परिसर में हत्या कर दी गयी। मान बहादुर सिंह हिन्दी के कवि थे ᄉ बलिष्ठ शरीर और अच्छी कद काठी। उनकी एक कविता पुस्तक ÷बीड़ी बुझने के करीब' हमारे प्रेस में छपी थी। मोटर बाइक पर वे धड़धड़ाते हुए आते। वे कवि से ज्यादा खिलाड़ी नजर आते थे।
उनकी हत्या के पीछे वजह थी कि कॉलेज में ÷ग' वर्ग की नियुक्तियों के मामले में एक असफल अभ्यर्थी ने उन्हें दिन दहाड़े तलवार से काट कर उनके अंग प्रत्यंग कॉलेज परिसर में जगह जगह उछाल दिये। उस कॉलेज में दो हजार छात्रा पढ़ते थे; सौ से अधिक अध्यापक थे। दोपहर बारह बजे यह वारदात हुई जब सब उपस्थित थे।
लेकिन पुलिस के यह पूछने पर कि क्या किसी ने हत्यारे को देखा, सब चुप्पी खींच गये।
हितैषी ने बात समेटी, ÷÷आप तो बहुत लकी हैं। लड़का चोट मार कर चला गया। न गोली चली न बम।''
मैंने अपनी चिलकती चोट सहलाते हुए सोचा यह दुर्भाग्य से निकलता हुआ सौभाग्य है, बदली के बीच फंसे हुए चांद की तरह।
बहरहाल घाव था तो पुर भी गया। कॉलेज जाना भी शुरू हो गया पर मन में श्मशान वैराग्य आ बैठा, ÷चल उड़ जा रहे पंछी' 30 जून, 2001 को कॉलेज के फाटक से जब बाहर निकली, सच्चे दोस्त की तरह रवि मेरे साथ थे। उन्होंने कहा, ÷÷भूल जाओ कि तुम यहां अट्ठाईस साल आती रहीं, सोच लो यह जगह कभी तुम्हारी थी ही नहीं।''
घर की दिनचर्या में नये सिरे से दीक्षा ग्रहण की। सवेरे दस से चार तक घर में दिन कैसे बीतता है, मुझे इल्म ही नहीं था। एक उपन्यास जो अब तक लंगड़ा चल रहा था, सीधे पैरों उसे खड़ा किया। घर के और जिन्दगी के जाले साफ किये। गुजरात और महाराष्ट्र के व्यापक दौरे किये। लौट कर आने के लिए घर था, परिवार था, प्यार था, सत्कार था। किन्तु जीवन एक गोल चक्र में घूम रहा था, उसमें ऊर्ध्वगामिता और अग्रगामिता गायब हो रही थी। ऐसा इसलिए भी लग रहा था कि अवकाश प्राप्ति के दो वर्ष बाद भी पेंशन का सिलसिला कायम नहीं हुआ था। सभी प्रासंगिक प्रपत्रा सन् 2001 में ही शिक्षा निदेशालय को सौंप दिये गये थे लेकिन वहां का बाबूतंत्रा कुछ ऐसा था कि वे हर पेंशन प्रत्याशी को कुर्बानी का बकरा समझते। वे हर बार एक नयी आपत्ति लगा कर मामला लटका देते। मेरी भी जिद थी, बाकायदा नौकरी की है, बाकायदा पेंशन लूंगी, बेकायदा कोई काम न करूंगी। वित्त नियंत्राक के मुंहलगे बाबू ने ड्राइवर से संदेश भिजवाया, ÷÷अपनी मेमसाहब से कहना, निदेशालय आते जाते बूढ़ी हो जाएंगी, पेंशन शुरू नहीं होगी।'' कहीं सरकारी मारगांठ पड़ी थी जो खुल नहीं रही थी।
रवि समझाते, ÷÷देखो प्राइवेट नौकरी वालों को चालीस पचास साल काम करने पर भी पेंशन नहीं मिलती। मजदूर, कारीगर, लुहार, ठठेर सब मेहनत पर टिके हैं, जिस दिन हाथ न चलायें उस दिन भोजन नहीं मिलता। कितने ही शिक्षक होंगे जिन्हें ठीक से तनखा भी नहीं मिलती।''
मैंने अपने प्रयत्नों से कॉलेज को नियमित और नियमबद्ध करवाया था। मैं इन तर्कों से क्या तसल्ली हासिल करती। मैं कहती लेखक से शिक्षक बनी और शिक्षक से लेखक, अब लेखक से भिक्षुक नहीं बनूंगी। नियमगत अधिकार के लिये एक भी पैसा रिश्वत नहीं दूंगी।''
÷÷हमारा खर्च ही कितना है। मैं मछली मार कर लाऊंगा, तुम तवा रख कर रोटी सेक लेना; इसीलिए गंगा किनारे घर लिया है।'' रवि मुझे हंसाते।
मैं सोचती वाकई पेड़ों पर चहचहाने वाले पंछी पखेरू, घास की आस में घूमते ढोर मवेशी, छोटी मोटी दुकान चलाने वाले लोग कोई भी तो पेंशन नहीं पाता। न जाने कितने शिक्षक हैं जिनका पेंशन प्रकरण पंद्रह बीस साल से ठंडे बस्ते में पड़ा हुआ है। इन्हीं में एक प्रकरण और सही।
समय के साथ सबसे अच्छी बात यही है कि यह सरकता है। हम जैसे लोग जो अपने को थोड़ा बहुत लेखक मानते हैं, बहुत जल्द अपना मन लगा लेते हैं, किसी अगली किताब में, किसी मैग्जीन में। कभी दूसरों की परेशानियां सुन कर अपनी मुसीबतें हल्की और सहनीय लगने लगती हैं। लिखने से रोजगार नहीं मिलता लेकिन तबीयत संभलती है। एक बार अपने रचे पात्राों में मन रम जाय तो हम रिद्म में जीने लगते हैं। इसे पराजितों का सिद्धांतवाद कहें लेकिन इसमें बड़ा दम है।
मैंने भी एक किताब शुरू कर डाली।
सातवें विश्व हिन्दी सम्मेलन का मौसम था। निमंत्राण हम दोनों को था पर टिकट एक दी जा रही थी। सरकार के पास पैसों का टोटा था। दूरस्थ देश सूरिनाम का टिकट भी कोई सस्ता नहीं था।
मेरा मन अपनी किताब में लगा हुआ था। मैं हफ्ते, दो हफ्ते के लिये उससे अलग नहीं होना चाहती थी।
रवि सूरिनाम चले गये।
मैं और भी लगन से लेखन में लग गयी। ऐसा लग रहा था जैसे दो हफ्ते की छुट्टी पर हूं।
एक रात, बनारस से डॉ. शुकदेव सिंह का फोन आया कि रवि की कलकत्ते जाने की तैयारी कर दो। मैंने बताया वे सूरिनाम में हैं।
सूरिनाम से रवि योरोप चले गये। एक दिन फोन किया। वे मस्ती में थे। मित्रा मंडली साथ थी। फोन पर कभी रवि बोलते, कभी स्वदेश दीपक। दोनों एक दूसरे का साथ पाकर मगन थे। मैंने शुकदेव जी का प्रस्ताव बताया। रवि ने लापरवाही से कहा कि लौटेंगे तब सोचेंगे।
रवि के पास फुर्सत नहीं थी। लौट कर वे अपना उपन्यास एबीसीडी लिखने में रम गये। कई बार कलकत्ते से फोन आये कि आप लोग आकर बात तो कर जाएं। अगस्त में हम कलकत्ते गये। यह पहली बार जाना नहीं था। मैं इससे पहले तीन चार बार कलकत्ते जा चुकी थी, कभी किसी आयोजन में तो कभी अपनी दीदी प्रतिभा के पास। अगस्त का कलकत्ता बारिश में सराबोर था। थियेटर रोड से पार्क स्ट्रीट जाने में हम तरबतर हो गये। तब दीदी ने हमें कुछ चित्रा विचित्रा कपड़े बदलने के लिये दिये। हम रात उन्हीं के घर ठहर गये।
हर संस्था और प्रतिष्ठान का एक प्राणतत्व होता है जिससे वह ऊर्जा और उन्मेष अर्जित करता है। भारतीय भाषा परिषद में श्री परमानंद चूड़ीवाल ऐसे प्राणतत्व थे। उन्होंने अपनी स्पष्टवादिता और सज्जनता से हमें इतना प्रभावित कर लिया कि हम मान गये कि हम पहली दिसम्बर को आकर कार्य संभाल लेंगे।
इलाहाबाद पहुंच कर अपनी दो दिनों की डाक देखी। मन्नू ने एक पंजीकृत चिट्ठी अलग से पकड़ायी। खाकी लिफाफे में मेरी पेंशन स्वीकृति का शासनादेश था। मैं उस लिफाफे को सम्बोधित करने लगी, ÷÷कम्बख्त दो दिन पहले नहीं आ सकता था, बेकार चौदह सौ किलोमीटर का चक्कर लगवा दिया।''
तबीयत की पस्ती मिटी। मूड दुरुस्त हुआ। बाबा नागार्जुन के शब्दों में ÷कौवे ने खुजलायी पांखें कई दिनों के बाद' अंततः प्राप्त हुए इस कालनिर्णय के पीछे न जाने कितने परिचितों की सदाशयता और मित्राों की दौड़भाग थी। वे राज्य से न्याय तो चाहते ही थे, उससे भी बढ़ कर वे मुझे प्रसन्न देखना चाहते थे। मन आकंठ भर आया। ये ऐसे हितैषी थे जिनका शुक्रिया अदा करना भी सम्भव नहीं था। उनकी सज्जनता के आगे भाषा मौन हो जाती।
मैंने पाया कि सरकारी दफ्तरों में कोई स्थायी शत्राु या मित्रा नहीं होता। वे कागज की डोर से बंधे रहते हैं। कल तक जो चुनौती भिजवा रहे थे, अब दौड़ दौड़ कर मेरे कागजों पर हस्ताक्षर करवा रहे थे। मेरा मूड कुछ ऐसा था कि मुझे हर मनुष्य में देवता नजर आ रहा था।
एक दिक्कत पेश आ रही थी। अपनी जो कलम कल तक सरपट दौड़ रही थी अचानक जाम हो गयी। कहां तो रातों में जाग जाग कर मैं लिख रही थी कहां अपनी पांडुलिपि के 175 पृष्ठ मुझे मुंह चिढ़ाने लगें। आगे लिखो तो जानें। रातोंरात पात्राों के नाम भूल गये, कथा का विकास भाड़ में पहुंच गया, कलम छूने में भी डर लगे। ऐसा लगा जैसे अब तक का किया हुआ काम किसी और ने किया। वह तो कोई और था जो तरंग के तार दर कहानी पर कहानी टांगे जा रहा था अब तक। मैं एक अवकाश प्राप्त, पेंशनयाफ्ता बूढ़ा की तरह घर में सिर्फ खटिया तोड़ रही थी। उत्तर प्रदेश शिक्षा विभाग में सी गे्रड कॉलेज के शिक्षक की पेंशन, कोई पेशवाओं की जागीर नहीं होती जिस पर खुशी में बौराया जाय। अगर लिखने का सिलसिला टूट गया तो जीवन में बाकी क्या बचेगा, खांसने और खंखारने के सिवा। मुझे लगा मेरा आने वाला समय भयावह होगा। एक छोटे शहर की उदास बस्ती के दुमंजिले मकान के एक अकेले कमरे में गुमनाम मौत की ओर बढ़ती हुई एक कमनाम कलमनबीस पड़ी रहेगी चुपचाप।
हिश्ट! नहीं मांगती अपुन को इत्ती मनहूस जिन्दगी! अगर यह दिनचर्या भीगा कम्बल है तो कम्बल ही उतार फेंको।
अपनी दिनचर्या अकेली अपनी कहां होती है। उसमें अपने से जुड़े तमाम सदस्यों की दिनचर्या भी जुड़ कर खलल डालती है। रवि दारू सिगरेट छोड़ चुके थे लेकिन नाश्ता, खाना खाने में उनका मनमानापन बरकरार था। पहले मैं सोचती थी इस अराजकता की वजह, इनका सुराप्रेम है। मैंने पाया बिना सुरापान के भी वे अपनी मस्ती में रहते। किसी से फोन पर बात करके ही वे इतनी तरंग में आ जाते कि दारू की सारी कसर पूरी हो जाती। लेकिन उनकी आदतों से मुझे खास तकलीफ नहीं होती थी।
असली खलल पड़ रहा था, मन्नू की आदतों से। सूचना तकनीकि के संसार में धमाकेदार प्रवेश लेने के बाद अब वह हताशा में हाथ पैर मार रहा था। उसे माइक्रोसॉफ्ट का अंतर्राष्ट्रीय सम्मान मिला था क्योंकि उसने हिन्दी फॉण्ट के क्षेत्रा में कोई बड़ी पहल की थी। इसी बिना पर वेब दुनिया ने उसे नौकरी ऑफर कर दी थी जहां दो महीने काम कर वह वापस इलाहाबाद आ गया। जो रिसर्च वह करना चाह रहा था उसके कद्रदां नहीं मिल रहे थे। रात रात भर वह इंटरनेट पर लगा रहता। जब हम सुबह जागते वह सोने चला जाता। उसके शरीर की घड़ी उलटी दिशा में चलती। वह दिन भर सोता। मैं नीचे से आवाज देती, ÷÷मन्नू नाश्ता कर लो, मन्नू खाना खा लो।'' मन्नू गुर्रा कर जवाब देता, ÷÷चुप रहो, जब भूख लगेगी तब खायेंगे।'' मैं भुनभुनाती, बड़बड़ाती। रवि मूक चिन्ता करते। मन्नू के कमरे की खिड़की के बाहर सिगरेट के टोटों का ढेर बढ़ता जाता। मन्नू आधी रात में ठंडे पानी से नहाता। जब हम सो जाते, मन्नू फ्रिज से निकाल कर ठंडा ठार खाना खाता।
जैसे मुझे अभिशाप मिला हुआ था ᄉ तुम एक परेशानी से निकल कर दूसरी, तीसरी में पड़ती रहोगी। तुम्हारा जीवन इसी व्यग्रता में बीतेगा। लगता था बच्चों का मनोविज्ञान समझने में हमें जीरो नम्बर मिलता रहेगा। बड़ा बेटा अन्नू हर साल नयी कामयाबी हासिल कर रहा था। छोटा बेटा मन्नू अपनी कोई समस्या हमसे बांटने को तैयार नहीं था। ऐसी नौबत आ गयी कि हमारा प्यार भी उसे नागवार मालूम हो रहा था। उसे अपने व्यवसाय के न ग्राहक मिल रहे थे न गुणग्राहक। इलाहाबाद में उतनी सम्भावनाएं भी नहीं थीं। नकारात्मक ऊर्जा अपने अंदर इकट्ठा कर मन्नू ने घर में ही अपना निर्वासन कर रखा था। शेष समाज से उसका व्यवहार संतुलित और तार्किक था। हमारे दोस्त डॉ. नरेन्द्र खोपरजी और डॉ. अभिलाषा से उसका संवाद रहता था। मन्नू की अकड़ कुछ ऐसी थी कि उनके जरिये भी हम अपनी बात उस तक नहीं पहुंचा सकते थे, मदद की कौन कहे। कड़की के दिनों में भी मन्नू का टेलिफोन बिल दस हजार से नीचे न होता। मन्नू परेशान रहता लेकिन हमारा सहयोग लेना उसे बरदाश्त नहीं था। हमें सहयोग देना भी उसे गवारा न था।
घर खुशनुमा हो तो शहर खुशगवार लगता है। यहां तो घर ही काटने दौड़ रहा था। हमने एक झटके में तय कर लिया हमें यह घर और शहर दोनों छोड़ देने हैं।
30 नवम्बर 2003, की शाम प्लेटफार्म नम्बर एक पर दोस्तों का एक छोटा सा समूह हमें कालका मेल पर विदा देने आया था। उनमें मन्नू भी था। उसके चंद दोस्त भी इस समूह में शामिल थे। यश और सुधांशु मालवीय, आरती और आशा, वाजदा खाना और गोकर्ण सिंह यहां थे। मन्नू अपने दोस्तों के सामने मुझसे कह रहा था, ÷÷मुझे अकेला छोड़ कर जा रही हो, ना जाओ मां।''
ऊपर से मैं शांत थी, अंदर से अशांत। सामान बांधने के दिनों में मन्नू ने एक भी बार अगर इस शिद्दत से कहा होता, ÷ना जाओ मां' तो क्या मैं रुक नहीं जाती। उस समय हमारी बांधा जूड़ी वह दर्शक की तरह देखता और सीढ़ी चढ़ कर अपने कमरे में बंद हो जाता।
प्रकट मैंने कहा, ÷÷अब तक मैंने तुम्हें बंदरिया की तरह पाला अब बिल्ली की तरह पालूंगी।'' मैं उसे हिदायतें देती रही, कामवाली के लिए सुबह दरवाजा खोल देना। वह खाना बना देगी। नाश्ता खुद बना लेना। वह सिर हिलाता रहा। हिदायतें उसने कभी नहीं मानीं। हमारे जाने के बाद भी नहीं। भूखा रहा, दुबला हो गया, बीमार पड़ा किन्तु अपने सुर में जिया।
उसके सुख दुख से अपने को स्वतंत्रा करना एक रुआंसा अध्याय था जो रोज लिखा जाता। फोन में सिर्फ उसकी आवाज सुनायी देती पर मुझे कैमरा नजर आता। उसका कमरा, सूखा चेहरा, ठंडी रसोई, दरवाजे पर फड़फड़ाते अखबार मुझे सब दिखाई देते। मेरा मन उड़ता रहता इस पार से उस पार। किसी दोस्त का फोन आता, मैं बावली की तरह पूछती, ÷÷मन्नू दिखा था, कैसा लग रहा था, क्या कर रहा है।''
कुशल अभिनेता की तरह मन्नू हमें कुछ पता न लगने देता। अपने कार्य कौशल और जीवट से उसने वैब की दुनिया में धीरे धीरे अपनी जगह बनायी, व्यवसाय जमाया और दुर्दिन को धकेल दिया।
मां काली और मार्क्सवाद का शहर कलकत्ता
कुछ शहर अपने प्लेटफार्म से ही अच्छे लगने लगते हैं। हर शहर के रेलवे प्लेटफार्म की अलग अदा होती है। अब हावड़ा को ही लीजिए। गाड़ी खड़ी हुई नौ नम्बर प्लेटफार्म पर। नौ नम्बर प्लेटफार्म ऐसा है जहां रेल के डिब्बे तक कार जा सकती है। नौ नम्बर पर न पैदल चलना पड़ा न पुल चढ़ना पड़ा। चूड़ीवाल जी स्वयं स्वागत के लिये आये थे। साथ में दो गाड़ियां, सहायक और कर्मचारी। हमारे पास इतना सामान ही नहीं था। गृहस्थी का चौका चूल्हा दो चार दिन बाद ट्रक से पहुंचना था।
हावड़ा स्टेशन से शेक्सपियर सरणी तक सड़कों का विस्तार, पेड़ों की हरियाली, कारों की कतार, यह जता रही थी कि यह महानगर है लेकिन लोगों की धीमी चाल, मामूली लिबास और फुरसतपसंदी इसका संकेत दे रही थी कि कलकत्ता एक बड़ा सा उपनगर है। चूड़ीवाल जी कुछ खास जगहों पर इशारा कर रहे थे, ÷÷ये विक्टोरिया मेमोरियल है, यह फोर्ट विलियम है, यह तारामंडल बना है, यह एस्प्लेनेड आ गया, वह है राइटर्स बिल्डिंग, अब यह देखिये यह मैदान है, यहीं लगता है पुस्तक मेला।'' जैसे किसी छोटे बच्चे को नयी जगह से परिचित कराते हैं, चूड़ीवाल जी हमें इसी तरह शहर दिखा रहे थे। अच्छा लगा कि वे परिषद की बजाय नगर का नक्शा हमारे आगे खींच रहे थे। उनके साथ परस्पर सम्प्रेषण की डोर ऐसी बंधी जो अंत तक बनी रही ᄉ उनके आकस्मिक और त्राासद अंत तक।
दफ्तर का पहला दिन, पहले दिन की तरह ही सुखदायक था। सभी सहयोगी सज्जन और सुजन लगे। वैसे मन में कोई आलोचक बैठा कह रहा था, पहले दिन तो हर जगह आदर्श लगती है, यह स्थायी भाव नहीं है। मैं अपने आलोचक को, होठों पर उंगली दबा कर चुप कर रही थी।
शाम को परिषद के मंत्राी की ओर से कलकत्ता क्लब में हमारा रात्रिाभोज था। बड़ा बेटा अन्नू मुम्बई से हमें कलकत्ता छोड़ने साथ आया था। उसने कहा, ÷÷हम अपनी तरह से कलकत्ते को डिस्कवर करते, मां तुम्हें क्या जरूरत थी प्रायोजित डिनर के लिए हां करने की।''
रवि को क्लब ले जाना और भी मुश्किल काम था। पहले तो वे अड़ गये, ÷÷मैं अपने धन और साधन का खाना खाऊँगा।''
मैं दोनों की मिन्नतें करती रहीं, ÷÷प्लीज चलो, नहीं खाना तो मत खाना लेकिन न जाने में तो उस मंत्राी की तौहीन हो जायेगी।''
खैर हमें लेने गाड़ी आ गयी। रवि अपने शाश्वत परिधान में थे ᄉ जीन्ज, कुरता और वॉकिंग शूज। दरबान ने एक नजर रवि पर डाली और खेद प्रकट किया, ÷÷सॉरी मैडम ये अंदर नहीं जा सकते, ड्रैस कोड ठीक नहीं है।''
अच्छी छुट्टी मिली। इस भाव से रवि तुरंत मुड़ लिये। वहां खाना न खा सकने का उन्हें कोई मलाल नहीं। अनिरुद्ध, अन्नू के पास सूट बूट टाई का सरंजाम था पर वह भी जीन्ज के साथ कमीज पहन कर आया था। अड़ियल वह भी था। नापास होने पर उसने कहा ÷÷मैं अपने बाप का बेटा हूं, भूखा रह लूंगा पर कपड़े नहीं बदलूंगा।''
रवि काउंटर पर पूछने लगे, ÷÷अगर मकबूल फिदा हुसैन आपके क्लब में आ जायं तो आप क्या करते हैं?''
स्वागत अधिकारी ने, बिना लज्जित हुए बताया, ÷÷हम उन्हें यहां से वापस भेज चुकेहैं।''
हमारे मेजबान न जाने किस कौशल से हमें क्लब का लॉन पार करवा कर ऐनेक्सी तक ले जाने में कामयाब हो जाते हैं। बड़े प्रेम से हमें खाना खिलाते हैं। उसी रास्ते जब हम वापस लौट रहे हैं उन्हें क्लब का कोई नुमाइंदा तलब करता है।
जरूर ड्रेस कोड को लेकर कोई विवाद हुआ लगता है। अरबपति मेजबान का मुंह तमतमाया हुआ है जैसे उन्हें कुछ अप्रिय सुनने को मिला है। कलकत्ता क्लब आजादी के 57 साल बाद भी मृत मूल्यों को सीने से चिपकाये फिरंगी वैभव जीने की कोशिश कर रहा है।
यहां लोग क्यों आते हैं। घर में बैठे बैठे घुटने अकड़ जाते हैं, इसलिए? यहां 95 प्रतिशत सदस्य जरा जीर्ण हैं। तीन टेक वाली अलमूनियम छड़ी के सहारे वे अंदर दाखिल होते हैं। अपने जैसे किसी समूह में बैठ पपलू खेलते हैं, दार्जिलिंग चाय पीते हैं, कुछ देर हरियाली देखते हैं, फिर क्लब की कन्फेक्शनरी से एक ब्राउन बे्रड खरीद कर वापस चले जाते हैं। इस तरह के थके हारे लोग कलकत्ते में बहुत मिलते हैं, डिजाइनर बूढ़े जिनके जीवन में समय से बड़ा दुश्मन कोई नहीं है। वे अपने आसपास की बहती हुई भीड़ देखते हैं और चकरा कर अपनी पुरानी गाड़ी में घुस कर बूढ़े ड्राइवर से कहते हैं ÷÷चलो वापस।''
शुरू के दिन शहर में अजब गुजरे, गजब गुजरे। कई तरह से। मन के कोनों में पिछला शहर ठुनकता रहता और कभी भी कोई याद सरक कर कानों में कह जाती ÷कानाबाती कुर्र।' चीजें वही थीं, उनके नाम बदल गये थे, रंग रूप स्वाद भी बदले हुए थे। जहां समोसे को सिंघाड़ा कहें ओर गोलगप्पे को पुचका, अरबी को कोचू कहें और चौरा को वडवडी, वहां पहुंच हम परदेशी कहलाएं तो क्या ताज्जुब।
अद्भुत नगर कोलकाता! प्राचीन इतना कि मकानों की दीवारों में बरगद उगे हैं और उनकी भी जटाएं लटक कर धरती में जड़ जमा कर पेड़ बन गयी हैं। आधुनिक इतना कि मिण्टो पार्क में प्रेमी जोड़े एक दूसरे की टांगों में, बाहों में फंसे बैठे हैं, सिसकारी भर रहे हैं; बगल के पारपथ से, लोग उनसे बेपरवाह संध्या भ्रमण पर गुजर रहे हैं। कई बार चुम्बन की ध्वनि आ जाती है, कभी कोई दबी हुई सीत्कार। कोई पलट कर नहीं देखता। सब एक दूसरे की मजबूरी समझते हैं।
दूसरी बात यह कि इतिहास और भूगोल मेरे अंदर रार मचाये हुए थे। जीवन में सारे लिखने पढ़ने की शुरुआत बांग्ला उपन्यासों के अनुवादों से हुई थी। रवीन्द्रनाथ ठाकुर के उपन्यास ÷नौका डूबी', ÷आंख की किरकिरी', ÷गोरा' और ÷घर बाहर' लड़कपन में पढ़े थे। शरत बाबू का देवदास, चरित्राहीन, मझली दीदी, बड़ी दीदी भी पढ़ रखे थे। तब बांग्ला उपन्यासों का अनुवाद धन्य कुमार जैन किया करते थे। बाद में विमल मित्रा, विभूति भूषण वंद्योपाध्याय, शंकर और सतीनाथ भादुड़ी भी पढ़े। सभी में बंगाल बोलता था, सब में कलकत्ते के गली कूचे, मुहल्ले मकान, बस ट्राम धड़कते धड़धड़ाते।
कलकत्ते में थियेटर रोड हो या पार्क स्ट्रीट, धर्मतल्ला हो या चौरंगी, कोई न कोई पहले की पढ़ी पुस्तक स्मृति पटल पर आ खड़ी होती। यह शंकर की चौरंगी है चलो देखें कौन से हैं वे होटल जिनमें नाच होता है। यह मकान तो एकदम साहब बीवी गुलाम का सेट लगता है : वैसी ही ढहती हवेली, निर्जन अहाता और पोर्च में खड़ी टूटी टमटम। इस थियेटर रोड का आखिरी छोर है पार्क सर्कस। एक विशाल छहराहा जहां बस ट्राम टैक्सी और ऑटो की ऐसी आवाजाही है कि कुछ देर सीमेण्ट के टापू पर बैठ कर आंख और दिमाग का फोकस सेट करना पड़ता है कहां जायें।
24 नवम्बर ट्राम हावड़ा ले जाती है। इस महानगरी में विलम्बित लय में चलने वाली यह ट्राम गाड़ी जैसे धीमे धीमे इतिहास की पटरियों पर खिसक रही है। इसे हर जगह जाना है, मलिक बाजार, श्याम बाजार, चित्तरंजन एवेन्यू, सियालदह और महात्मा गांधी रोड। हावड़ा पुल के ठीक पहले पटरी खतम सफर हजम। ड्राइवर, कंडक्टर इसे डाट के पुल पर विराम देकर स्वयं पांच मिनट का विश्राम लेते हैं। एक तरफ पीठ घुमा कर अपने नले हलके करते हैं और अंदर आते हैं।
टन टन।
ट्राम वापस चल देती है।
घंटी की यह आवाज कम से कम सौ बरस प्राचीन है। ऐसी घंटी न रेलवे स्टेशन पर बजती है न बस में। यह निखालिस ट्राम की घंटी है।
तय तो किया है इसी ट्राम से घर वापस जाएंगे पर बीच में मेट्रो स्टेशन देख कर उतर जाते हैं सेण्ट्रल एवेन्यू। चौराहे पार कर पहुंचने पर देखते हैं मेट्रो सबवे के सब फाटक बंद। रविवार को तीन बजे खुलती है सबवे।
वापसी में बस में बैठते हैं।
बस की टिकट, उंगली की तरह पतली, लम्बी। किनारे किनारे लम्बी सीटें। बीच में खड़े होने की जगह इफरात। सिर्फ 38 लोग बैठ सकते हैं। जितने मर्जी खड़े हो सकते हैं। ओह, फिर कोई कहानी याद आ गयी। कलकत्ते आकर साहित्य ने भी कम नहीं सताया। महीनों मैं स्वदेश दीपक की रचनाओं की मायाविनी ढूंढती रही। जीवनानंददास की वनलता सेन की तरह।
एक दो सुंदरियों से तो पूछ भी लिया, ÷÷आप स्वदेश दीपक को जानती हैं? क्या आपने ÷मैंने मांडू नहीं देखा' पढ़ा है?'' सुंदरियों ने बड़ी हमदर्दी से मेरी ओर देख कर कंधे उचका दिये।
सौन्दर्य की यहां कमी नहीं। अपर्णा सेन अभी भी सुंदर है, शोख भी। राइमा, रिया सेन की त्वचा में नमक चीनी की लुनाई है। उषा गांगुली को मंच पर देख लो तो भूल न पाओ, ऐसा व्यक्तित्व है लेकिन मायाविनी?
मायाविनी फंतासी है। उषा गांगुली कहती है, ÷÷मुझे पता है मायाविनी कौन है? पर बताऊंगी नहीं। स्वदेश दीपक ने मना किया है।''
बताइये। कहने को मेरी दोस्त। मगर वफादारी स्वदेश से। खैर मैं फौरन मुकाबला छोड़ देती हूं।
डॉक्टर की हिदायत है सुबह की सैर। मेरा ध्यान सैर पर कम, सैर करने वालों पर ज्यादा। हर उम्र का प्राणी है यहां और हर कद काठी का। कोई घड़ी लगा कर पैंतालीस मिनट दौड़ता है कोई तीन चक्कर लगा कर बाहर हो जाता। जो कम चक्कर लगाता है जैसे मैं, उसे सलाह देने वालों की कमी नहीं है। यहां बाकायदा मॉर्निंग वॉकर्स क्लब बने हुए हैं। हर पार्क में। वे हर पर्व त्यौहार में इकट्ठे उत्सव मनाते हैं, अपने नेता की जीत पर अभिनंदन आयोजित करते हैं, किसी की विदाई पर स्टेशन या एयरपोर्ट जाते हैं। इन सबमें खूब सगापन पनपता है। कुछ बाबा रामदेव का कैसेट वॉकमैन में लगा कर अपने हाथों को मुद्गर की तरह लहराते और नचाते हैं। एक आदमी पार्क में बैठ कर अखबार पढ़ता है।
कुछ महिलाएं मोटापे से दुखी होकर घूमने आती हैं। एक चक्कर पूरा करते न करते उनकी देह पसीने से भीग जाती है। वे संगमरमर की बेंच पर बैठ जाती हैं। इतनी सवेरे वे अपनी साथिनों से खाने पीने की चर्चा छेड़ देती हैं। इस शाश्वत विषय पर सबको बोलने की बेताबीहैः
÷÷हमने तो मैक्सिको से आम मंगवाये हैं। स्ट्रॉबेरी तो पूरे साल मिलती है। खा खाकर बोर हो गये।''
÷÷तुम व्हाइट सॉस में क्या डालती हो। मैदा तो डॉक्टर ने मना किया है।''
÷÷हम तो हैल्थ फूड खा रहे हैं। रोज नौ सौ रुपये के फल आते हैं।''
समृद्धि का अपना वैभव और अपनी समस्याएं हैं। खैर हमें क्या लेना देना।
मुझे तो सुबह सुबह कलकत्ते की सड़कों का धुलना दिलचस्प लगता है। भोर होते ही हुगली के पानी से सड़कें प्रक्षालित की जाती हैं। भारत के कितने ही शहरों से होकर गंगा बहती है पर कहीं सड़कें गंगाजल से नहीं धोयी जातीं।
एक सवाल मन में उठता है। अगर शहर में इतनी सफाई है तो इतने कौवे कहां से आ गये हैं। गलत बात है यह! मैकफर्सन पार्क में न सही पूरी अमराई। आम का इकलौता पेड़ तो है।
गुलमोहर, अमलतास और जैकरंदा भी। हरे भरे कामिनी के गुम्बद। मैकफर्सन पार्क के लॉन की घास ऐसी घनी नम और रेशमी कि चलो तो लगे साटन पर चल रहे हैं। यह और बात है कि वहां चलने की इजाजत नहीं है।
बहुत गलत बात है यह कि इतना सब होते हुए भी थियेटर रोड पर कोयल नहीं कूकती, गौरैया चूं चूं नहीं करती, तोते टें टें नहीं करते, कबूतर गुटरूगूं नहीं करते। सुबह 4 बजे से बस कौवे कांव कांव करते हैं। बहरहाल मेरे मन में सुबह सुबह अज्ञेय की कविता उठापटक मचाने लगती है :
सबेरे सबेरे नहीं आती बुलबुल
न श्यामा सुरीली, न फुटकी, न दहगल सुनाती है बोली,
नहीं फूलसुंघनी, पतेना सहेली लगाती है फेरे
जैसे ही जागा कहीं पर अभागा, अड़ड़ाता है कागा
कायं कायं कायं
कायं कायं कायं
क्या करें, कहां जाएं।
मुंह से यही हाय निकले है मेरे
घत्तेरे नास जाय
सच मुंहअंधेरे सबेरे सबेरे।
रवि का कहना है कि उन्होंने कौवा सेर से पहले का संगीत सुना है ᄉ चिड़ियों का। कलकत्ते में और अन्य नगरों से जल्द होती है, रात अन्य नगरों के बाद। अलस्सुबह छोटी छोटी चिड़ियां चहचहाती हैं। कमाल है उनके पास न माइक है न सिंथेसाइजर, पर कितनी लय में चलता है उनका सहगान। बस थोड़ी देर। उसके बाद एक अद्भुत धुन खिड़की के रास्ते आती है, ऐसा लगता है जैसे कोई कबीर गाता हुआ सड़क से गुजर रहा है। रूई धुनने वाले धुनियों की टोली अपने करघे का तार बजाती हुई निकलती है। उनके पास गद्दा रजाई बनाने का कुल सरंजाम पीठ पर होता है। मशीनीकरण के दौर में ये हस्तकारीगर अपनी हस्तकला कांधे पर लेकर चल पड़ते हैं सुबह की बेला में।
मैकफर्सन पार्क के पेड़ घर की हर खिड़की से झांकते हैं। कहीं पीपल तो कहीं अशोक। दोनों ने पांच मंजिलों की बुलंदी पायी है। हम हाथ बढ़ा कर दोनों की पत्तियां छू सकते हैं। कौवे इन्हीं पेड़ों के सहारे रसोईघर की खिड़की पर आकर कांव कांव मचाते हैं जैसे रसोई इनके देश की संसद हो। खिड़की बंद करो तो अपनी कुलिश कठोर चोंच शीशों पर मार अपनी बेचैनी जताते हैं ÷हमें अंदर आने दो।' कॉलेज के दिनों में पढ़ा एमिलि ब्रॉन्टे का उपन्यास ÷वुदरिंग हाइट्स' का नायक याद आ जाता है। हैथक्लिफ कैथरीन का दरवाजा पीट पीट कर कहता था, ÷लैट मी इन कैथी।'
दिन दोपहर इन्हें कभी विश्राम नहीं। खास कर नाश्ते और खाने के समय हमसे पहले यह भोजन कक्ष की ग्रिल पर विराजमान। खिड़की की मुंडेर पर ऐसे आ बैठते हैं जैसे इन्हें जीमने का न्योता दिया हो। कौवों का ठीक नौ बजे और दो बजे आना ऐसे लगता है जैसे इन सबने टाइटन की घड़ी पहन रखी है। कौवे बड़े दीर्घजीवी होते हैं। कुछ तो एकदम काकभुशुंडी हैं। सामान्य से ज्यादा लम्बे, ज्यादा काले, ज्यादा घुन्ने। एक आंख राम जी ने फोड़ दी फिर भी अपनी इकलौती आंख में इतनी वक्रता और चंटई इकट्ठी कर लेते हैं कि तीन तल्ले के नहान घर में भी आप सुरक्षित नहीं। नगर पालिका का कहना है कौवों का सीधा सम्बंध कूड़े से है। नागरिक कूड़ा फेंकना बंद करें तो कौवों पर काबू हो।
यह नहीं हो सकता इतनी आसानी से। कलकत्ते का सारा खानपान कारोबार सड़क के फुटपाथों पर चलता है। स्टोव और अंगीठी पर चाय उबलती है, सिंघाड़े तले जाते हैं, भटूरे फुलाये जाते हैं, सत्तू भर कर बाटी बनती है। बम्बई की तरह यहां भी आप दस रुपये में पेट भर सकते हैं और एक हजार में भी अधपेट खाये रह सकते हैं। पूरे भारत की व्यंजन पुस्तिका यहां फुटपाथों पर खुली रहती है। चाट से लेकर चाऊमीं तक सब मिलेगा।
जब पहली बार गाना सुना था ÷मैं आयी हूं यू.पी. बिहार लूटने' तब इसे महज ÷करार' का काफिया समझ कर नजरअंदाज कर दिया था। लेकिन कोलकाता आने के बाद पता चला कि यू.पी. बिहार यहां ऐसे ही साथ साथ हैं जैसे घाघरा चोली या बिंदी सिंदूर। हाल यह है कि कोलकाता का आदिम बाशिन्दा यहां की हर गड़बड़ी, गुंडागर्दी और गन्दगी को यू.पी. बिहार के मत्थे मढ़ कर स्वयं भद्रलोक बना रहता है। कहीं कोई छिनैती की घटना (उसे यहां छिनताई कहते हैं) हो जाय। बाबू मोशाय कहेंगे, ÷÷ये यू.पी. बिहार का मानुस जहां जाता है येई सब करता है। जरूर यू.पी. बिहार का ही होगा। रोज टे्रन भर भर कर आता है जो।'' कहीं टे्रफिक जाम होगा तो कहेंगे ÷÷देखो कोलकाता में इतना मारामारी पहले नहीं था। अब ये यू.पी. बिहार के लोग इतना मारामारी करता है।'' एक दिन मेरे मुंह से निकला ÷÷क्या बात है कोलकाता में इतने कौए कहां से आते हैं?'' बाबू मोशाय ने जवाब दिया ÷÷सब यू.पी. बिहार से आते हैं और क्या। इनका तो टिकट भी नहीं लगता। सब डब्ल्यू टी. आ जाते हैं।'' एक अन्य प्रांत के नागरिक ने जोड़ा ÷÷ऐसा है ये यू.पी. बिहार के लोग कोलकाता में इतनी गंदगी फैला देते हैं कि कौए तो आयेंगे ही आयेंगे। आप क्या सोचती हैं? जब ये लोग फुटपाथ पर चाय सिंघाड़ा, पान और पुचका बेचेंगे तो जूठन खाने कौए नहीं तो क्या हंस आयेंगे।''
सुबह का अखबार मन भारी कर जाता है। रंगीन खबरों की बजाय आंख संगीन खबरों पर टिक जाती है। नहीं, हिंसा और अपराध यहां ऐसा नहीं जैसा उत्तर प्रदेश और बिहार में है। यहां रोज आत्महत्याओं की खबरे पढ़ने को मिलती हैं। अंतर्मुखी समाज के भावुक युवक युवतियां पुकुर में डूब कर, रेल की पटरी पर लेट कर, पुल से छलांग लगा कर जीवन समाप्त कर लेते हैं। आत्मघाती रुझान किशोर किशोरियों में भी काफी है। बंगवासी पीड़ा और आक्रोश में खुद को ही सजा देता है, किसी दूसरे को नहीं।
फिर भी इसमें शक नहीं कि कोलकाता में अपराध बहुत नगण्य है। सुबह का अखबार पढ़ने पर यह बात साफ हो जाती है। बांग्ला भाषी जनता आत्मोन्मुखी, बौद्धिक, अध्ययनप्रिय और भावुक होती है। उसके पास पढ़ने को आज का अखबार हो, पेट में चिंगड़ी भात हो और छोटी सी मासिक तनख्वाह हो तो उन्हें ज्यादा कुछ नहीं चाहिए।
कलकत्ते में नाट्यकर्म पुणे की तरह चलता है, नियमित, नित्य और नवीन। माइकेल मधुसूदन दत्त सभागार में उषा गांगुली का नाटक ÷काशीनामा' देखा। एक हजार सीटों का हाल खचाखच भरा था। अधिकांश दर्शक बांग्लाभाषी। उन्हें गहरी जिज्ञासा है हिन्दी रंगकर्म में। पश्चिम बंगाल के मंत्राी सुभाष चक्रवर्ती टिकट लेकर उपस्थित हैं। इसी तरह ÷कोर्ट मार्शल' की प्रस्तुति कामयाब रही।
दरअसल शेक्सपियर सरणी का ही प्राचीन नाम थियेटर रोड है। कलकत्ते के रंगकर्म में इस सड़क के मुहाने पर बने चौरंगी थियेटर का ऐतिहासिक योगदान रहा था। चौरंगी थियेटर सन् 1814 में बना था, चौरंगी रोड और थियेटर रोड के दुराहे पर। सन् 1840 तक यहां लगातार नाटक मंचित हुए। चौरंगी थियेटर के रंगमंडल में उस वक्त इकतीस नाटक तैयार रहा करते थे जिनमें मैकबेथ, द हनीमून, द ओल्ड मेड, द लायर, चार्ल्स द ट्वेल्थ और हाइ लाइफ बिलोस्टेयर्स शामिल थे। लेकिन चौरंगी थियेटर में सन् 1840 में आग लग गयी जिसमें थियेटर का सारा साज सामान जल कर राख हो गया। साहित्य प्रेमी सरकार ने 1964 में इस सड़क का नाम शेक्सपियर सरणी किया। स्टे्रटफॅर्ड अपॉन एवॉन के इस अमर नाटककार का चित्रा और परिचय अंगे्रज सरकार ने कलकत्ता वासियों को भेंट में दिया था पर वह शेक्सपियर सरणी के एक किनारे उपेक्षित सा ठुका हुआ है।
इस सड़क पर पैड़ पैड़ पर थियेटर हैं। पूरी सड़क कला को समर्पित है। रोज यहां संगीत सभा, रंगकर्म, वाद्यवृंद, व्याख्यान और संगोष्ठी का सिलसिला बना रहता है। लेकिन पिछले कुछ समय से एक बदलाव भी आया है। आजकल बड़े बड़े सभागार धर्मगुरुओं और गुरु मांओं द्वारा आरक्षित किये जाते हैं। इनके प्रवचनों में धुआंधार भीड़ होती है। सभागार के फाटक पर पॉपकार्न और कैण्डी बेचने वालों का बाजार लग जाता है। भीड़ वही होती है, हाथ में मिनरल वॉटर की बोतल और मोबाइल थामे। लगता है इन लोगों ने अपना एक दिन धर्मखाते में डाल रखा है।
अगर किसी को इतिहास के मोटे ग्रंथ पढ़ते समय नींद आती हो तो उसे चाहिए अपनी पुस्तकों को फेंक कर कोलकाता चला आय। कोलकाता जीता जागता, चलता फिरता इतिहास ग्रंथ है जो आज भी वर्तमान से भरपूर है। वह मोहनजोदड़ो और हड़प्पा की तरह अपने भग्नावशेषों में नहीं रहता। आप उसमें रोज प्रवेश कर सकते हैं, रोज बाहर निकल सकते हैं। अब हावड़ा स्टेशन को ही लें। सन् 2005 में हावड़ा स्टेशन को शुरू हुए 100 साल पूरे हो गये। सन् 1905 में यहां से पहली रेल चली थी।
समूचे भारत में ऐसे रेलवे स्टेशन कम होंगे जहां आपको कोई सीढ़ी न चढ़नी पड़े। आप चलने में असमर्थ हैं तो अपनी गाड़ी सीधे प्लेटफॉर्म 9 तक ले जायं। अशक्त, बीमार और विकलांग के लिए वरदान है यह कि रेल से उतर कर फट से कार में बैठ जायं। कुली ऐसे अनुशासित कि अपनी जगह से अलग न हाथ मारेंगे न सवारी छीनेंगे। हावड़ा का घंटाघर सौ साल से टिक टिक कर रहा है। हर रोज दस लाख आदमी इस घंटाघर से अपनी कलाई घड़ी मिलाते हैं। दस लाख आदमी यहां चढ़ते उतरते हैं। अपार भीड़ के साथ साथ अपार अनुशासनबद्धता यहां समायी हुई है। हर गाड़ी के इंजन के पास वाले सामान्य डिब्बों में जगह पाने के लिये प्रवासी यात्राी लम्बी कतार लगा कर चुपचाप खड़े हो जाते हैं। न कोई किसी की जगह छेंकता है न शिकायत करता है। उनकी कतार के समानांतर मोटा रस्सा पड़ा है जो बाकी भीड़ की धकापेल से कतार को अलग करता है। मजे की बात यह कि जिनका आरक्षण है वे तो दौड़भाग और शोर कर रहे हैं, जिनका आरक्षण नहीं है, वे चुपचाप खड़े हैं।
इस वक्त स्टेशन पर कुल 1575 कुली हैं ᄉ लाल कुरती वाले। एक कुली से बात हुई।
ᄉ क्या नाम है?
ᄉ रामाश्रय मिश्र। आप बैठ जायं।
ᄉ कहां से आये हो?
ᄉ गाजीपुर, बलिया। अब तो दो जमाने हो गये।
ᄉ वह कैसे?
ᄉ बारह साल का एक जमाना माने तो हमें यहां चौबीस साल हुई गये।
ᄉ बड़ी मेहनत की है।
ᄉ हां जिनगी के सब काम इसी धंधे से निपटाये। बिटिया का बियाह किया। बेटा खिदिरपुर कॉलेज में बी.ए. कर रहा है। नौकरी मिल जाय उसे तो हम रिटैर हो जायं।
ᄉ कहीं कोशिश की?
ᄉ नाहीं, अभी तो पढ़ रहा है। हमारे बासे में ही रहता है। हाथ पैर चलते कोई रिटैर होने की नहीं सोचता। वह क्या है कि कभी कभी सामान उठा कर चलते में उलटा गोड़ कंपकपाय लागा है।
मुझे कुली फिल्म याद आ जाती है।
ᄉ कुली फिल्म देखी थी तुमने?
ᄉ देखी। ओम्मे क्या था। कुछ भी नाही था। हमारे लोगन का मजाक बनाये हैं।
हावड़ा स्टेशन पार करते ही बड़ा बाजार आ जाता है ᄉ शहर की धड़कन। यहां दिन भर हजारों लोग कारोबार के लिये आते हैं। इस बाजार में बड़ियां, पापड़ से लेकर कम्प्यूटर तक उपलब्ध हैं। आम आदमी के परिश्रम की गरिमा और सौन्दर्य कोलकाता नगर में चरितार्थ होता है। लोग छोटे छोटे धंधों में लगे हैं पर उन्हें कितनी तल्लीनता से करते हैं। बाबू मोशाय को रिश्वत और तोहफे की दुनिया से परहेज है। बाबू मोशाय की आदतें भी सरल सपाट हैं। समय पर काम पर जाना, समय पर लौटना, स्टार बांग्ला पर समाचार सुन कर भोजन करना और सो जाना। अगर वह अपने बच्चों की सफलता पर गर्व नहीं कर सकता तो वह टैगोर और नजरुल पर गर्व कर संतोष कर लेता है। कभी कभी लगता है कोलकाता का बाबू मोशाय इतिहास में जितना मगन मन रहता है उतना भूगोल में नहीं;
अतीत के गौरव ग्रंथों से वह जरा सा सिर उठा कर वर्तमान में झांकता है और वापस गौरव गं्रथों में डूब जाता है।
इधर के वर्षों में उसे एक चिन्ता अवश्य सताती है। उसे लगता है शहर में हिन्दी भाषी जनता ज्यादा होती जा रही है। टैगोर और शरत्बाबू के समय जो यू.पी., बिहार के भैया लोग अकेले कोलकाता आते थे, अब बीवी बच्चों समेत आते हैं और यहीं रह कर और बच्चे पैदा करते जाते हैं। अपनी बात की पुष्टि में वह कहता है, जितना चाय वाला, पान वाला, सिंघाड़े वाला, पुचका वाला, टैक्सी ड्राइवर, रिक्शावाला, चौकीदार, वेटर लोग हैं सब यू.पी. बिहार काहै।
उसका कहना गलत नहीं है। हमें जब जब कोलकाता में देस का अपनापन मिला उसमें ये ही लोग शामिल थे वरना खांटी बांग्ला आदमी तो हमें, बांग्ला बोल कर भाषा के लिये तरसा देता। मैंने तय कर लिया इतनी बांग्ला तो सीख ही लूं कि बाजार से सामान खरीद लूं और परदेसी होने की छाप तिलक कुछ हल्की करूं।
मेरे आश्चर्य का ठिकाना न रहा जब मैंने देखा बांग्ला अक्षर ज्ञान की पहली पुस्तक ÷सहज पाठ' के लेखक ईश्वर चंद विद्यासागर हैं और दूसरी के रवीन्द्र नाथ ठाकुर। दोनों पुस्तकें पतले कलेवर में इतनी सरल, बोधगम्य शैली में लिखी हुईं कि मूढ़ भी बांग्ला अक्षर पहचानने लगे। वैसे एक बार अक्षर ज्ञान हो जाय उसके बाद बाजार में लगे दुकानों के साइनबोर्ड, बस के पीछे लिखे इश्तेहार और अखबारों में दी सुर्खियां अपने आप भाषा का अभ्यास करवा देती हैं। यह भी लगा कि हिन्दी में स्थिति यह है कि बच्चों के लिए बोधगम्य किताबें लिखना लेखक फालतू का काम मानते हैं। मन में कई बार सवाल उठा, कलकत्ते के कितने नाम! हिन्दी वाले कलकत्ता कहते तो बांग्लाजन कोलकाता; अंगे्रजीदां कैलकटा बोलना पसंद करते और इसका प्राचीन नाम तो था ही कलिकाता जिसकी तर्ज पर अलका सरावगी ने अपने उपन्यास का शीर्षक रखा ÷कलिकथा वाया बाइपास'। उग्र जी का लिखा बेहद नाटकीय लेख ÷कलकत्ता किसका' भी ध्यान में आया जिसमें एक महिला प्रियंवदा तर्क देती है कि यह मां काली का कलकत्ता है, मां काली महानारी है अतः कलकत्ता हुआ महिलाओं का। अब तो जगह जगह देवियों के इतने मंदिर स्थापित हो गये हैं कि प्रियंवदा के तर्क से देश का हर नगर महिलाओं का ही माना जाय।
युवा रचनाकार मनोज पांडेय के कलकत्ता आने पर हम तीनों, एक दिन काली मंदिर गये। कलकत्ता शहर कुछ ऐसा बसा है कि कहीं भी जाना हो तो चालीस पचास रुपये खर्च कर आप टैक्सी से पहुंच सकते हैं, जैसे एक गोलार्द्ध में सड़कें चलती हों।
यह देख कर निराशा ही हुई कि यहां बिल्कुल वही माहौल था जो इलाहाबाद में अलोपी देवी मंदिर के बाहर होता है। जवाकुसुम के लाल फूलों की माला, नारियल, प्रसाद और सिन्दूर के कारोबारी मोलभाव से निकल कर जब मंदिर परिसर में कदम रखा तो देखा, वहां तेल, पानी और कीचड़ ने मिलजुल कर आदर्श फिसलन निर्मित कर रखी थी। दर्शनार्थियों की कतार लम्बी होती जा रही थी। एक पंडा हमें कतार का अतिक्रमण करवा कर द्वार तक लाया लेकिन द्वार बंद था।
हम बिना दर्शन किये वापस जाना चाहते थे पर भीड़ इसकी इजाजत नहीं दे रही थी। लम्बे उबाऊ इंतजार, भीड़, पसीने, कीचड़, पानी और तेल की फिसलन के बीच जब द्वार खुले, मुझे केवल मां काली की लाल जीभ नजर आयी। इस साक्षात्कार के बाद हम वहां से भाग निकले और फिर कभी कालीघाट नहीं गये।
ऑफिस और अजनबीयत का तनाव उतारने का सबसे सस्ता, सुंदर और सुहाना उपाय था फैरी में बैठना। देखने में फैरी एक छोटे जहाज या बड़ी नाव जितनी होती है। उसमें दो डैक (छत) होते हैं। हर डैक पर लम्बी बेंचें लगी होती हैं और आंगन जैसा खुला स्पेस होता है जिसमें मछलीवालियां आराम से अपने टोकरे टिका कर, पैर फैला कर बैठ जाती हैं।
फैरीघाट से बाबूघाट तक का फैरी सफर एकदम शीतल, शांत और सुखद था। फैरी से हुगली नदी का अद्भुत दृश्य देखा। कलकत्ते का सबसे विशद, विराट रूप। बड़ी बात यह कि यहां कौवे अनुपस्थित थे। बाबूघाट पर सुहागिनें, चौड़ी लाल पाड़ की साड़ियों में शिव पूजा करती मिलीं।
फैरी में प्रवेश करते समय शरत बाबू के उपन्यासों की कई छवियां झिलमिला गयीं। ÷बंदिनी' फिल्म का अंतिम दृश्य और जाने कितने बांग्ला कथानक याद आये। बाबूघाट पर खरीदे हुए पपीते मीठे और अमिया खट्टी लगीं जबकि थियेटर रोड पर अमिया मीठी और पपीते फीके निकलते हैं।
अभी तो मैं यह दावा ही नहीं कर सकती कि मैंने इलाहाबाद को सम्पूर्णता में देखा या जाना, फिर कलकत्ता जैसी महानगरी को आखिर कौन सम्पूर्ण देख सकता है। कलकत्ते पर पढ़ी हुई पुस्तकें अलग अपना दबाव बनाती हैं। बहुत पहले डोमिनिक लापियेर की अद्भुत पुस्तक ÷सिटी ऑफ जॉय' पढ़ी और सराही थी।
कोलकाता की पिछवाड़े की गलियों में न जाने कितने ÷हसारी पाल' इंसानी घोड़े की तरह दौड़ते, हांफते देखे। पहले बिल्कुल मन नहीं किया इस सवारी में बैठने का। इलाहाबाद में कम से कम रिक्शे को आदमी साइकिल के सहारे खींचता था। यहां तो सवारी बिठा कर रिक्शेवाला दौड़ पड़ता था गंतव्य की ओर, रिक्शे के विशाल पहिये उसके अस्तित्व को बौना बनाते और सवारियों का ऊंचा आसन उन्हें भद्रलोक का वर्ग देता। मुझे ये दोनों अहसास नागवार थे। लेकिन एक दिन ममता बनर्जी की रैली थी। रिक्शे के सिवा सभी वाहन हड़ताल पर थे। सड़कों पर सभी बसें आड़ी तिरछी खड़ी थीं। मैं फंस गयी मलिक बाजार में। मेरे पास घर गृहस्थी के सामान का बोझ था। मजबूरन रिक्शे की ओर कदम बढ़े। रवि तो अपनी लम्बी टांगों से एक मिनट में रिक्शे में चढ़ गये। मेरे लिये रिक्शे में चढ़ना पहाड़ पर चढ़ने समान था। आखिर एक ऊंचे फुटपाथ की बगल में रिक्शा लगाया गया और मैं उसमें सवार हुई। एक ही पल में पकड़ में आ गया कारण कि लोग रिक्शा क्यों लेते हैं। जब रिक्शा उठता है तो एकदम हेलिकॉप्टर के उठने का अहसास होता है। यहां हेलिकॉप्टर की कानकाटू आवाज भी नहीं होती। उसकी जगह रिक्शे वाले की कलाई में पहनी एक गोल घंटी रास्ते भर टुनटुन करती है जैसे रिक्शा रिक्शा न होकर मंदिर हो।
बस एक ही बार हम रिक्शे में बैठे। घर आकर बड़ी देर विचलित रहे मानो कोई हमें कंधों पर ढोकर यहां छोड़ गया।
सवाल फिर वही उठता है इस शहर को किसका कहा जाय? मेहनतकशों का या दौलतमंदों का। भारत भर के मजदूरों और कामगारों का अशरण शरण कलकत्ता, पहली नजर में सचमुच इन्हीं का लगता है। मार्क्सवादी पार्टी की रैलियां इनकी शक्ति को लाल झंडियों की शक्ल में स्थापित करती हैं। जिस सभा में ज्योतिबसु पहुंच जायं, अपार जनता भावुक होकर आंसू गिराने लगती है। लेकिन क्रूर तथ्य यह है कि शहर को मेहनत मजदूरी के अलावा और बहुत कुछ चाहिए। सामान से भरे रंगबिरंगे, रोशनी से नहाये बाजार, पांच सितारा होटल और राजसी अट्टालिकाओं का उपभोग आखिर कौन करता है। बाबू मोशाय के पास पढ़ाई लिखाई के अलावा कोई पूंजी नहीं। वह तो अपनी बाड़ी की खुली भूमि भी भूस्वामियों के हाथों बेचता जा रहा है, वह पूंजीपति सेठों के यहां नौकरी के लिये प्रस्तुत है, वह एक किस्म से बौद्धिक श्रमजीवी है। तस्वीर के फ्रेम में अब आता है राजस्थानी सेठ जो साहूकार की हैसियत से कलकत्ते में दाखिल हुआ और रुपया कमाने की अपनी कारीगरी के चलते राजा बनता गया। बड़ा बाजार से लेकर सॉल्ट लेक तक कोई ऐसी जगह नहीं जहां राजस्थानियों का कब्जा न हो। इस लिहाज से आधा कलकत्ता राजस्थान नजर आता है। जैसे दो बंगभाषी मिलने पर बांग्ला बोलते हैं वैसे ही मारवाड़ी आपस में मारवाड़ी बोली बोलते हैं। महिलाएं जब हिन्दी बोलने की कोशिश करती हैं तो बीच बीच में कोई खांटी मारवाड़ी शब्द ज+ुबान पर आ ही जाता है। प्रतिभा अग्रवाल से लेकर अलका सरावगी तक, वाक्य के बीच में ÷मने' का बहुल प्रयोग करती हैं। ÷मने' का मतलब है अर्थात्।
उग्र जी ने मारवाड़ियों का अच्छा खासा खाका खींचा था। 21वीं सदी में आते आते कलकत्ते का मारवाड़ी भी आधुनिक हो गया है। वह कई क्लबों का सदस्य है, उसने स्कूल कॉलेज की स्थापना की है, उसने साहित्य, संस्कृति, कला, समाज विकास, धर्म और शिक्षा के नाम पर करोड़ों रुपयों का दान दिया है। ऐसा नहीं कि यकायक उसका हृदय विशाल हो गया है। ऐसा लगता है कि वह सोचता है जिस तरह उसका यहां के पटसन, कॉटन, रेशम, धान, चाय, सीमेण्ट, कंकरीट और बालू पर कब्जा है, उसी तरह वह साहित्य संस्कृति कला वगैरह पर काबिज हो जाय। उसकी महत्वाकांक्षाओं का विस्तार हुआ है। सेठों के साथ सेठानियों का भी स्वरूप बदला है। मोटी, थुलथुल, मंदबुद्धि, गहनों से लदी गृहस्थिनियों का पटाक्षेप हुआ। आज की सेठानी वंदना स्लिमिंग सेण्टर जाती है, कॉरसेट और पुशअप्स से अपने बदन पर काबू रखती है, डाभ के पानी में जिन मिला कर पीती है, किसी न किसी क्लब की सदस्य है और तीन चौथाई वक्त अपने मोबाइल फोन से चिपकी रहती है।
अपनी हिन्दी कलकत्ता पहुंच कर अमीर हो जाती है। इलाहाबाद में जो साहित्यिक गोष्ठी महज चाय समोसे पर आयोजित कर ली जाती है, उसके लिये कलकत्ते में इतना तामझाम, खर्च, फिजूलखर्च और दबाव निर्मित होता है। देश के बड़े से बड़े विचारक, दार्शनिक, इतिहासज्ञ, आलोचक, कवि और कथाकार को बुलाना यहां के आयोजकों का शगल है। गोष्ठी में हॉल दुल्हन की तरह सजाया जाता है। पांच हजार की पुष्प सज्जा, ढाई हजार की माइक व्यवस्था, दस हजार का मार्ग व्यय, चार हजार का टैक्सी भाड़ा और पच्चीस हजार का नाश्ता तो होता ही है, भवन की मरम्मत और साज सज्जा का व्यय भी गोष्ठी के मद में जोड़ा जाता है। लेखक के हिस्से वही पांच सौ का नोट आता है जिसे वह कुछ भी समझ ले ᄉ सम्मान या अपमान। हिन्दी का मासूम लेखक तो रेशम की फूलमाला, प्रशस्तिपत्रा और प्रतीकचिन्ह से ही इतना अभिभूत हो जाता है कि उसे कलकत्ते का गोष्ठी आयोजन अनुपम लगता है। बंगभाषी लेखक कहीं ज्यादा व्यावसायिक व व्यावहारिक है। उसे अपने कृतित्व पर ज्यादा अभिमान है। नवनीता देव सेन या महाश्वेता देवी को गोष्ठी के लिए आमंत्रिात किया जाय तो वे साफ कह देती हैं, ÷÷मैं अपने लेखन में व्यस्त हूं, नहीं आ सकूंगी।'' हिन्दी भाषी लेखक अपनी सरलता के चलते मात खा जाता है। वह भूल जाता है कि आयोजकों के लिये हिन्दी भी एक कारोबार है।
इसी कारोबार को चलाने के लिये संस्थानों में बड़े बड़े पद निर्मित किये जाते हैं। निदेशक, महानिदेशक जैसे पुतले बैठाये जाते हैं। आयोजक, प्रायोजक जानते हैं पद की शक्ति कैसे खत्म करनी है। वे अपने गुप्त आदेश की सुई से पद की समस्त शक्ति एक ही बार में खींच लेते हैं। फोके पद को लेकर अधिकारी बर्राये या इतराये यह उसकी मर्जी। कलकत्ते की साहित्य संस्थाओं का सर्वोच्च सांस्कृतिक कार्य है शोकसभाओं का आयोजन। शोकसभा का भी संयोजक नियुक्त होता है। निदेशक कार्ड बंटवाने और फोन करने जैसे फिजूल कामों में लिप्त रहता है। शोकसभा का एक अध्यक्ष भी होता है। पता नहीं उसमें मुख्य अतिथि क्यों नहीं बुलाते। शोकसभा के अंत में सब एक दूसरे की पीठ ठोकते हैं ÷अपनी फर्स्ट क्लास शोकसभा हुई। दूसरी संस्था की शोकसभा में दस आदमी भी नहीं जुटे थे।'
परदेस में रहने का सबसे बड़ा सुकून यह है कि दो छुट्टियों में एक इतवार जोड़ कर देस जाया जा सकता है। ऐसे ही एक जुगाड़ में घर जाने के लिए कालका मेल पकड़ी। ए.सी. कोच की खिड़कियों पर झलकते लाल दुपट्टे देख कर लगा आज कुछ और ही मामला है। अंदर अपनी बर्थ पर बैठने पर पता चला कलकत्ते के बड़ा बाजार का पूरा सौ यात्रिायों का दल वैष्णव देवी की यात्राा पर है। डेढ़ डिब्बों पर कब्जा है इनका। ये सब मामा नाम के कांटे्रक्टर के साथ जा रहे हैं। यात्रिायों में अपने आप आयु विभाजन हो गया है। कोच के कुछ चौखटे वृद्धों ने हथिया लिये हैं तो कुछ अधेड़ों ने। धीरे धीरे पता चलता है, सीटें कम हैं, सदस्य ज्यादा। पांच साल से नीचे के बच्चे निःशुल्क यात्राी हैं। उनकी तादाद भी मजे की है। कहीं एक साथ तीन लड़कियां सिर पर चटक लाल चुनरी बांधे बैठी हैं, कहीं तीन जवान लड़कियां एक बर्थ पर फंसी अपनी पायल का नमूना मिलान कर रही हैं। एक ने अपने बाल लाल रंगे हुए हैं, दूसरी ने सुनहरे। तीसरी ने जीन्ज के साथ स्टील की बेल्ट लगा रखी है।
मेरी सीट के सामने वाली बर्थ पर मां बेटे का जोड़ा बैठा है। एक को देखो तो दूसरे का रिश्ता प्रमाणित हो जाय ऐसा। दोनों गुलगुल, गोलमटोल। लड़के के पास प्लास्टिक की एक थैली है जिसमें उसका खजाना छुपा हुआ है। वह बार बार अपनी सम्पूर्ण सम्पदा पलटता है और गिन गिन कर खुश होता है। उसका यह खजाना और गुलगुल बदन अगर कैडबरी या नैस्ले कम्पनी देख ले तो उसे मुफ्त में नायाब विज्ञापन हासिल हो जाय। उसके पास जैम्स, पर्क, बाइट्स, एक्लैर्स, चॉकलेट और चौकोनट्स का ढेर है। वह एक पैकेट खोल कर मुंह में डालता है। जल्दी जल्दी चबाने में उसका मुंह लाल हो जाता है। मां उसकी पीठ सहलाती है। फिर वह बॉटिल में मुंह लगा कर पानी पीता है। तत्काल वह अगला पैकेट खोल लेता है। मां उसके सिर पर हाथ फेरती जाती है, ÷÷आमार छेले खाबार खेये कि नेईं?'' तभी शोर मचता है ÷÷मामा नौ बज गये, खाना कब दोगे।'' मामा मुश्किल से छब्बीस साल का एक ठिगना, सांवला जवान है जो गले में ÷जय माता दी' स्कार्फ बांधे है।
मामा बड़ी चुस्ती से टोकरों में रखा खाना निकाल लाता है, कागज की प्लेटों में लगा कर देता जाता है। उसकी मदद के लिये एक लड़का मुन्ना भी है। भरवां करेले, आलू की सूखी सब्जी और पूरी कचौरी हर एक को मिल रही है। मामा अलग से हर एक को अचार परोस रहा है, मुन्ना एक एक लड्डू रखता जाता है।
लड़कियों की नखरेबाजी चरम पर है। वे बार बार मामा की जांघ पर हाथ मारती हैं, ÷÷मामा सब्जी और दो। करेला कहां दिया था?''
मामा हंसते हंसते फरमाइशें पूरी कर देता है। सामने बैठी महिला ने दो की जगह तीन प्लेट खाना रखवा लिया है। बेटे का पेट चॉकलेट और पानी से तृप्त है। वह खाने को मुंह भी नहीं लगाना चाहता। चिन्ता से मां कातर हो आती है, ÷÷डाक्टर आनो, मामा डॉक्टर आनो। छेलेर जी ठीक ना आच्छे। खाबेर खेये न तो की करबे।'' (डॉक्टर बुलाओ, डॉक्टर बुलाओ। बेटे की तबियत ठीक नहीं। खायेगा नहीं तो क्या होगा।)
मुझे टैगोर की कहानी बिन्दूर छेले (बिन्दु का लल्ला) याद आ जाती है।
कोलकाता तीन बत्ती चार रास्तों का शहर है। अगर आप पैदल हैं तो चौराहा पार करने में चार से चौदह कितने भी मिनट लग सकते हैं, इतनी देर में देखते रहिए हर मॉडल की गाड़ी और पीली टैक्सियां। अगर आप टैक्सी में हैं तो बौखलाते रहिए। देर हो रही है, टैक्सी रुकी है पर मीटर चल रहा है। उड़नपुल (फ्लाय ओवर) के नीचे से निकल कर अपनी जान जोखिम में डाल कर भागते आ जाते हैं स्ट्रॉबेरी बेचने फेरी वाले। उन्हें दो मिनट में दुकानदारी कर लेनी है। वे कीमत सौ से शुरू कर पच्चीस पर तोड़ते हैं। तब भी आप नहीं खरीदते, वे निराश नहीं होते अगली कार की तरफ लपक लेते हैं। यही दशा बेले के हार, नीबू और फूलगोभी बेचने वालों की है। कारों की भूलभुलैयां के बीच रास्ता निकाल कर ये सौदा बेचते हैं। बड़ी कारों के शीशे बंद रहते हैं। वे छोटी सादी कार और टैक्सी का ही लक्ष्य साधते हैं। एक एक हाथ में चार चार फूलगोभियों के पत्ते और डंठल पकड़ वे ऐसे लटका कर लाते हैं कि दूर से गोभी भी मुर्गा दिखाई देती है।
यहां का सबसे अद्भुत व्यक्ति नेता है। उत्तर भारत के शब्द विस्फोटक राजनीतिज्ञ से अलग और आत्मीय, वह अपनी जड़ें जनता में ढूंढता है। एक दिन हम यों ही बैठे हुए थे कि युवा कल्याण व अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के मंत्राी मोहम्मद सलीम नमूदार हुए। उनके साथ न गनर, न शैडो न अर्दली। बस कॉमन दोस्त अशोक सिंह। हम चकित रह गये। उत्तर प्रदेश में एक विधायक भी घर से बाहर निकलता है तो उसके आगे चार गनर की जीप चलती है।
हमने पूछा, ÷÷आपका फौज फाटा कहां है?''
सलीम हंस दिये। उनके हंसने में उनके नूरानी चेहरे पर उनके टेढ़े मेढ़े दांत नगों की तरह जगमग कर उठे। उनका मलमल का कुरता पसीने से तर था। लगता है कहीं दूर से आ रहे थे। भीगे कुरते में से उनका सांवला सुगठित बदन झलक रहा था। वे एक साथ सुंदर, संघर्षशील, सज्जन और सुमित्रा लग रहे थे। बाद के दिनों में अक्सर उन्हें साहित्यिक गोष्ठियों में देखा सुना।
आम तौर पर शहर लयबद्ध ताल में जीता है। सिर्फ एक बार यहां की सुरताल गड़बड़ायी थी। जिस दिन जिस वक्त हावड़ा पुल के नीचे से गुजरते हुए पानी के एक जहाज ने पुल को चोट पहुंचा दी थी, शहर दहल उठा था। इस खबर का धमाका बम विस्फोट से भी बड़ा और भयंकर था। थोड़ी देर में खबर के अंदर मौजूद खतरा इतना बढ़ा दिया गया कि अफवाह फैल गयी, हावड़ा पुल गिरने वाला है। इस पर वाहनों का प्रवेश निषिद्ध हो गया। ऐसा हड़कम्प मचा जो घंटों चला। यकायक शहर की पिछली गलियां गाड़ियों से गुंजान हो उठीं। टैक्सीवालों ने लम्बे से लम्बा रास्ता ढूंढ निकाला। दफ्तर से छुट्टी पाये लोग घर जाने के लिए बौखला गये। आधा शहर हावड़ा के उस पार रहता है। लोग हावड़ा से गाड़ी पकड़ कर सलकिया, कांचरापाड़ा, कोन्नगर, लिलुआ, सांतरा गाठी और मध्यग्राम पहुंचते हैं। बड़ी मुश्किल से हड़कम्प शांत हुआ। कई दिनों तक लोग हावड़ा पुल पर जमा होकर पुल के नीचे अटके हुए जलयान को देखते रहे। यहां तक कि दुर्गा पूजा की झांकियों में यह दृश्य दर्शाया जाता रहा।
कलकत्ते में काफी सफर किया उर्दू में भी, अंगे्रजी में भी। लम्बे सफर नहीं, छोटे छोटे, शहर और उसके आसपास की रूह पहचानने के लिये। इनमें दोस्तों की गर्मियां भी शामिल रहीं। एक दिन अलका सरावकी ने खुद ड्राइव करके हुगली और 24 परगना क्षेत्रा दिखाया। रास्ते में कहीं आर्मीनियाई स्थापत्य की इमारत देखी तो कहीं रूसी स्थापत्य की। जगह जगह, नदी के पृष्ठ जलाशयों में मछुआरे दिखे जो जाल डाल कर, धैर्य की प्रतिमूर्ति बने, मछलियों का इंतजार कर रहे थे। रास्ते में ऐसे खंडहर बहुत मिले जिनके भग्न अवशेष पुराने वैभव की कहानी कह रहे थे। मंदिर भी दिखे, लम्बे चौड़े, खुले जगमोहन वाले; पेड़ तले इकलौती मूरत वाले और चहलपहल से सप्राण स्थापना वाले। रामकृष्ण परमहंस का साधना स्थल दक्षिणेश्वर कथाकार मधुकांकरिया ने दिखाया। हमें अंदाजा नहीं था कि दक्षिणेश्वर कितने भीड़ भरे इलाके में है। मधु का सुंदर स्मार्ट बेटा आदित्य ड्राइव करके हमें हुगली किनारे स्थित इस मंदिर तक लाया। हमें यह अपराधबोध हो रहा था कि हमारे अंदर वैसा भक्ति भाव भी नहीं है जो आदित्य के परिश्रम को सार्थक बना सके। हमारे लिये यह स्थल रामकृष्ण परमहंस के साधना व लीलाधाम के रूप में ही महत्वपूर्ण था। प्रतिष्ठित विद्वान कृष्ण बिहारी मिश्रा की अद्भुत पुस्तक ÷कल्पतरु की उत्सव लीला' हमने पढ़ रखी थी। इसलिये हमें अपने चश्मे से ज्यादा स्मृति के चश्मे से दक्षिणेश्वर की भव्यता दिखायी दे रही थी।
पहल समारोह की तैयारी में जब कथाकार ज्ञानरंजन कलकत्ते आये, तब मधु कांकरिया हम तीनों को साइंस सिटी दिखाने ले गयी। उनका बहुत दिनों का आग्रह था जो ज्ञान के आने से एक दिन पूरा हो सका। इतने शहरों में इतनी बार घूमने पर भी मुझे याद नहीं कि कहीं विज्ञान को समर्पित पूरा नगर ही नगर के अंदर बसाया गया हो। हम तीनों विज्ञान में कोरे थे इसलिए उन पेचीदा खेलों का आनंद नहीं ले सके जो एकदम आसान तरीके से वहां दर्शाये गये हैं। फिर रवि और ज्ञान आपस में बात करने में ज्यादा दिलचस्पी ले रहे थे। दोनों परम प्रमादी भी हैं। वे हर गुम्बद में घुसना नहीं चाहते। मधु उमंग में आगे चलती, मैं उसके पीछे और जब हम पलट कर देखते तो पाते रवि और ज्ञान एक बेंच पर बैठे हुए गपशप में मशगूल हैं। मधु कांकरिया के ही साथ शहर के कारागारों को देखने का हौसला बना। कथाकार मधु अपनी तरह की एक्टिविस्ट भी है। उसे लाल बत्ती इलाके, नशाखोर बस्तियां, जेल और जंगल कहीं भी जाने से बिल्कुल डर नहीं लगता। उसका इरादा था कि कुछ लाइफरों (उम्र कैदी) से बातचीत की जाय। उसके उकसाने पर मैंने लेखक मित्रा डॉ. पी.के. अग्रवाल से अनुरोध किया कि वे हमें कलकत्ते की प्रसिद्ध और ऐतिहासिक जेलें दिखवा दें। संयोग से वे उन दिनों कारावास के ही प्रमुख सचिव थे। उन्होंने प्रबंध किया और हमने पराक्रम।
मन में कुछ संकोच भी था। दूसरों का दुख देखकर हम कौन सा सुख प्राप्त करना चाहते थे। लेकिन मधु के उत्साह ने सब समतल कर दिया। लगता है इसने उम्र कैदियों पर कोई कहानी शुरू कर रखी है, मैंने सोचा।
अलीपुर जेल में दोपहर 2:35 की धूप में बैरक में एक विदेशी नौजवान बैठा किताब पढ़ रहा था। गोरा रंग, नीली आंखें, सुतवां नाक लगभग नुकीली, उसकी ठोढ़ी पर हल्की ब्राउन दाढ़ी है। वहीं लोहे की ग्रिल के पास पड़ रहे धूप के चकत्ते पर एक बिल्ली बैठी है। बिल्ली का भूरा रंग धूप में चमक रहा है। बिल्ली का रंग सुनहरा लग रहा है। विदेशी कैदी की ब्राउन दाढ़ी और बिल्ली के बदन के सुनहरे रोओं में ऐसा सगापन है कि लगता है दोनों एक ही मां के पेट से निकले हैं, जुड़वां। जेल में हर जगह जीवन हहरा रहा है। कहीं कैदी मिल बैठ कर ट्रांजिस्टर सुन रहे हैं, कहीं गप्प लगा रहे हैं, कहीं कैरम खेल रहे हैं। लेकिन किसी के चेहरे पर खुशी या संतोष नहीं है। गम भी नहीं है। चिढ़ है, नफरत है, नकार है। एक भी कैदी ऐसा नहीं मिला जिसे अपने किये का पछतावा हो। अव्वल तो अपने को कोई गुनहगार समझता ही नहीं है। हर एक का मानना है कि उसे फंसाया गया है। अगर कत्ल भी हुआ है, तो वह महज वारदात थी। उसका उसमें कोई हाथ नहीं था। महिला वार्ड में लड़कियां मिलीं। सब युवा कैदी। सबके चेहरों पर श्रृंगार प्रसाधन ᄉ पाउडर, बिन्दी और काजल। दो के होठों पर लिपस्टिक। एक से मैंने पूछा, ÷÷यहां कैसे आ गयीं?''
उसने कहा, ÷÷स्वामी मर्डर।''
÷÷अरे कैसे हुआ?''
वह सावधानी से बोली, ÷÷मैं नहीं किया। वह दूसरी वाली ने किया। मेरे को फंसा दिया। कोई बात नहीं। छह साल हो गये। चार साल बाद उसको देख लूंगी।''
उसके चेहरे पर दृढ़ता है। न दिवंगत के लिए अफसोस, न अपने लिए मायूसी। बस एक मकसद है। बाहर निकलते ही उस दूसरी वाली को सबक सिखाना है।
दूसरी लड़की का सिंगार ज्यादा चटक है। उम्र भी कम है। ÷÷जेल में पाउडर लिपिस्टिक कौन लाकर देता है?'' मेरी जिज्ञासा थी।
÷÷मां भेजती है।''
÷÷मिलने आती है?''
÷÷नहीं, मां काम पर जाती। आकर मेरे दोनों बच्चों को संभालती। बाजूवाले भट्टाचार्य के हाथ भेजती।''
÷÷क्या हो गया, यहां कैसे आ गयी?''
÷÷स्वामी मर्डर।''
मैंने उस पर दूसरी नजर डाली।
वह ताड़ गयी। बोली, ÷÷जब मैंने मर्डर किया ही नहीं तो मैं विडो (विधवा) कैसे हुई। नहीं हुई ना। इसी से मैं सिन्दूर लगाती। मां काली की दी हुई डिब्बी है। कालीघाट से लायी मैं।'' रवि घबरा गये, ÷÷चलो यहां से। हत्यारिनों का वार्ड है यह।''
ग्यारह में से पांच स्वामी मर्डर में बंदी हैं, उम्र कैद। चार नशीले पदार्थों की तस्करी में बंदी हो गयीं और दो को पता नहीं उन्हें क्यों बंदी बनाया गया। अलीपुर और प्रेसिडेंसी दोनों जेलों में विचाराधीन कैदियों की संख्या मुजरिमों से ज्यादा है। लौटने से पहले मधु का आग्रह था कि हम उन कैदियों से मिलें जिन्हें फांसी की सजा दी गयी है।
एक तरफ, एक कतार में दस बीस कोठरियां हैं। एक दूसरे से अलग। हर एक के आगे पहले आंगन है, उसके बाद कोठरी। दिन में भी वहां सशस्त्रा सिपाही ड्यूटी पर तैनात खड़े हैं। पहली कोठरी में मैं और मधु कदम रखते हैं। सजायाफ्ता कैदी हमें देर तक देखता है : अर्राता हुआ, लाल आंखें निकाल कर हमारी ओर लपकता है। हम डर कर भागती हैं। बाहर रवि की घुड़की मिलती है, ÷÷वह हमला कर देता तो? क्या जरूरत थी इतने करीब जाने की।''
जेल के सुपरिंटेंडेंट मंडल जी कहते हैं, ÷÷इन्हें दूसरे मानुषों को देखने का अभ्यास नहीं है खासतौर पर महिलाओं को।'' बड़ी देर तक मन धड़धड़ाता रहा। फांसी कैदी की उभरी हुई लाल आंखें, भूखा भेड़िया अंदाज और चेहरे पर चिड़चिड़ भाव काफी देर हमारा पीछा करता रहा। मंडल जी मनुष्य मनोविज्ञान के अच्छे पारखी हैं। उन्होंने हमें अलीपुर जेल का अस्पताल दिखाया। एकदम साफ सुथरे बिस्तर, ड्यूटीरूम में नर्स और डॉक्टर दोनों उपस्थित।
÷÷मरीज कहां हैं?'' मैंने पूछा।
÷÷सब ठीक होकर वार्ड में चले गये।'' डाक्टर का जवाब था।
÷÷ज्यादा बीमार कोई पड़ता नहीं है। हमारे यहां अच्छा खाना दिया जाता है सबको।''
मंडल जी हमें जेल के रसोईघर में ले चले।
हर कैदी को पांच रोटी, कटोरा भर दाल और एक सब्जी मिलती है। मंडल जी हमें रोटियां दिखाते हैं, ÷÷देखिए, वजनदार हैं, कैदी भूखा नहीं रहता।''
रवि समझ रहे हैं यह रोज का वातावरण नहीं है। जेल अधिकारियों को खबर हो गयी है कि जेल सचिव के मित्रा जेल देखने आ रहे हैं। चंद घंटों में उन्होंने यह आदर्श जेल बना डाली है।
अधीक्षक के कार्यालय में हमें चाय मिलती है। एक लड़का मॉनिटर पर हमें जेल की वीथियां और शेष कक्ष दिखाता है। पता चलता है यह भी उम्र कैदी है। उसका कहना है अपने दोस्त की हत्या मैंने नहीं की, वह एक हादसा था। चाय बनाने वाला लड़का भी लाइफर है। वह हमारे पास खड़ा हो जाता है। दोनों; देखने में एकदम मासूम लग रहे हैं। मैं सोच रही हूं आक्रोश का न जाने कौन सा ऐसा क्षण होगा जब इनके हाथों अपराध हो गया।
जेल परिसर में इतनी हरियाली है कि यह बगीचे की तरह लग रहा है लेकिन यहां सन्नाटा छाया है। इतने हजार इंसानों के होने पर भी किसी की हंसी या आवाज सुनाई नहीं पड़ती। ऐसे ही एक हरेभरे खुले और निर्जन स्थल पर हमें ले जाया जाता है। वहां एक ऊंचा चबूतरा है जिस पर लोहे का भारी गर्डर लगा है। नीचे लोहे का जंगला है। चबूतरे के नीचे छोटे किवाड़ों वाली कोठरी जैसी है जिसमें ढलान बनी है। यह फांसी स्थल है। सिपाही बताता है ÷यहीं धनंजय चटर्जी को फांसी हुई थी।' पिछले दिनों बलात्कार का अपराधी धनंजय चटर्जी, कलकत्ते में मीडिया की सुर्खियों का केन्द्र रहा था।
मैंने कहा, ÷÷इस जगह पर न जाने कितने स्वाधीनता सेनानियों को तख्ते पर चढ़ाया गया होगा।''
सिपाही कहता है, ÷÷हम आपको लेटेस्ट बताया।''
16, लॉर्ड सिन्हा रोड, कलकत्ते का एक महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक पता है। एक समय यहां हिन्दी के अनन्य तपस्वी, महात्मा गांधी के विचार अनुयायी और स्त्राी शिक्षा के उन्नायक श्री सीताराम सेकसरिया रहते थे। उन्हीं के अथक प्रयासों से कलकत्ते में हिन्दी माध्यम से स्त्राी शिक्षा की प्रमुख संस्थाएं स्थापित हुईं जिनमें मारवाड़ी बालिका विद्यालय और शिक्षायतन शामिल हैं। उन्होंने हिन्दी साहित्य में लेखिकाओं के लिए ÷सेकसरिया महिला पारितोषिक' स्थापित किया जिसने महिला लेखन की प्रगति में अपूर्व भूमिका निभायी। महादेवी वर्मा और सुभद्रा कुमारी चौहान के जीवन परिचय में इस बात का सगर्व उल्लेख रहता था कि वे सेकसरिया पुरस्कार प्राप्त रचनाकार हैं। सुभद्रा जी को तो दो बार यह पुरस्कार प्राप्त हुआ। भारतीय भाषा परिषद की स्थापना में भी सेकसरिया जी का स्वप्न और आदर्श, प्रेरणा और पराक्रम, कार्य और व्यवस्था काम आयी। उनके अनन्य सहयोगी भागीरथी जी कानोड़िया का भी इसमें समान योगदानथा।
उसी पते पर अब उनके बेटे अशोक सेकसरिया रहते हैं। महल में बैठा एक फकीर। बेतरतीब दाढ़ी, खिचड़ी बाल, दो एक टूटे दांतों पर बाद में नजर पड़ती है। पहली दृष्टि में उनका निश्छल चेहरा, दिपदिपाता गोरा रंग और सहज प्रसन्न भाव ही दिल में समा जाता है। वे स्वयं कहानीकार एवं पत्राकार रहे हैं लेकिन क्या मजाल जो अपने बारे में एक शब्द भी बोल दें। हमेशा दूसरों में दिलचस्पी लेने वाले अशोक जी हिन्दी साहित्य के गहनतम पाठक हैं। उनके जीवन की ऊपरी बेतरतीबी उनके अंतर की वैचारिक तरतीब की तहें खोलती है। कलकत्ता निवासी लेखिकाओं के वे कथा गुरु हैं। कथा रचना के क्षेत्रा में लेखक उनके सामने घुटुरन चलना सीखते हैं और राष्ट्रीय स्तर के साहित्यकार बन जाते हैं। उन्हें कोई ईर्ष्या नहीं होती। दूसरे की उपलब्धियों में परम प्रसन्न अशोक जी जीवन की भौतिक आवश्यकताओं से निस्संग रहते हैं। उन पर, युवा कथाकार शर्मिला बोहरा जालान ने ÷वागर्थ' में अद्भुत संस्मरण लिखा था जिसकी कुछ यादगार पंक्तियां हैं : ÷÷न जाने मुझे क्या हुआ था। कहानी लग गयी थी या लग गये थे अशोक जी। हाथ तो पकड़ा था उस लेखिका का पर प्रेम में पड़ गई ÷जी' के। हां वहीं जिन्हें लोग अशोक सेकसरिया के नाम से जानते हैं। जो कभी गुणेन्द्र सिंह कम्पानी के नाम से कहानी लिखा करते थे और जो दैनिक हिन्दुस्तान के सम्पादकीय विभाग में भी थे। ....वह इस संसार के बारे में क्या सोचते विचारते रहते। किसको किसको चिट्ठी पत्राी लिखते रहते। जानती तो इतना कि वह एक विचित्रा जीव हैं। कोई भी बात हो खूब प्यार से समझाता है पर गुस्सैल भी कुछ कम नहीं है।''
पीछे देखने पर लगता है कलकत्ते में निश्छल लोगों की यह विशिष्टता ज्यों की त्यों सुरक्षित बची हुई है इसमें अवश्य शहर की कोई खासियत होगी। कभी कभी कलकत्ता एक बड़ा सा इलाहाबाद जान पड़ता है। लेखक समुदाय अपने आप में मगन रहता है। वह जिस सुर में जीने का अभ्यस्त है उसी में जीता है, दुनिया का कोई प्रलोभन उस पर असर नहीं करता। दुर्गा पूजा के पहले बांग्ला के सभी प्रमुख रचनाकार जनता के लिए अनुपलब्ध हो जाते हैं। सभी पत्रिाकाएं अपने दुर्गा पूजा विशेषांक छापती हैं जिनमें एक दो नहीं पांच पांच लघु उपन्यास दिये रहते हैं। बस रचनाकार लेखन में मगन हो जाते हैं। कुछ लेखक दो एक छद्मनाम से भी लिखते हैं। किस्सागोई की सृष्टि जरूर बंगाल में ही हुई होगी।
इसी के साथ याद आता है इस शहर का ÷कलकत्ता बोई मेला' बांग्ला में बोई का अर्थ है पुस्तक पर बेई का अर्थ है विवाह। सो कलकत्ते का पुस्तक मेला दिल्ली के विश्व पुस्तक मेले से भी बड़ा, रंगारंग और रौनकदार उत्सव है जिसमें अटूट भीड़ उमड़ती है। बच्चे बूढ़े और युवा सब इस बोई मेले में चाव से आते हैं, वापस जाते हुए हर एक के हाथ में नयी पुस्तकों, पत्रिाकाओं का पैकेट जरूर होता है। देश के सभी प्रकाशक अपना स्टॉल यहां लगाते हैं। एक बार आनंद प्रकाशन के स्टॉल के बाहर लोगों की लम्बी कतार दिखी। कारण पूछा तो पता चला तस्लीमा नसरीन स्वयं अपनी पुस्तक पर हस्ताक्षर कर लोगों को दे रही हैं। लेखकों के लिए लोगों के मन में स्नेह और सम्मान है, उनकी अगली पुस्तक पढ़ने की ललक है। इस दृष्टि से कलकत्ता लेखकों के लिए आदर्श नगर है। यह बांग्ला साहित्य का ही कमाल है कि बांग्ला से इतर भाषाओं के रचनाकार भी कलकत्ते के साहित्य संसार को विस्मय से देखते हैं। विशेष रूप से हिन्दी समाज। परिषद ने 10, 11, 12 मार्च 2006 को कथाकुम्भ का आयोजन किया तो इसमें हिन्दी और उर्दू के रचनाकारों ने दिल खोल कर सहयोग किया। साहित्य अकादमी ने इस आयोजन का संयुक्त दायित्व निभाया। इस कथाकुम्भ में सत्तर लेखकों ने भाग लिया और हिन्दी उर्दू के सांझा मंच से विचारोत्तेजक वातावरण बना। जहां नये लेखक प्रयोगधर्मिता और परिवर्तन पर जोर देते रहे वहीं पुराने रचनाकारों ने कहानी के विकास क्रम की बात रखी। कथाकुम्भ में आने वालों में कृष्णा सोबती, से लेकर नीलाक्षी सिंह तक, हिमांशु जोशी से लेकर मो. आरिफ तक सबने अपने वक्तव्यों की मौलिकता बनाये रखी। इन सबके साथ साथ सैकड़ों साहित्यकार वे भी थे जो आतिथेय की भूमिका निभा रहे थे और कलकत्ता नगर के निवासी थे। श्री कृष्ण बिहारी मिश्र, से लेकर शैलेन्द्र तक, अशोक से सरिया से लेकर युवतम निशांत तक सबने शिरकत की। लेखकों की भारी भागीदारी के कारण ही इसे कथाकुम्भ का नाम दिया गया। इस ऐतिहासिक आयोजन में भारतीय ज्ञानपीठ के न्यासी आलोक जैन की उपस्थिति इसे एक अद्भुत संदर्भ प्रदान कर रही थी। इकतालीस साल पहले दिसम्बर 1965 में कलकत्ते में ही आयोजित कथा समारोह में आलोक जैन की माताश्री श्रीमती रमा जैन प्रत्येक सत्रा में आयी थीं। इस समारोह ने हिन्दी कथा संसार में अद्भुत हलचल मचायी थी। उस समारोह में जैनेन्द्र कुमार, भगवती चरण वर्मा, यशपाल, अश्क, अमृतलाल नागर, राकेश, कमलेश्वर और राजेन्द्र यादव सहित सभी दिग्गज शामिल थे। उस समारोह में मैं और रवि सबसे कम उम्र के रंगरूट थे। सन् साठ के बाद की हमारी पीढ़ी ने वहीं अपनी अलग पहचान के लिए संघर्ष आरम्भ किया था। समस्त रचनात्मक मतभेदों के बावजूद शिक्षायतन के मंच पर तीन पीढ़ियों के रचनाकारों की उपस्थिति चमत्कार से कम अनुभव नहीं था।
कथाकुम्भ आयोजित करने का स्वप्न और यथार्थ काफी अलग किस्म का रहा। परिषद के अध्यक्ष का यह संचित सपना था कि हम यह विशद् सम्मेलन अवश्य करवायें। अध्यक्ष, चूड़ीवाल जी 1965 वाले कथा समारोह में संस्कृति संसद के पदाधिकारी की हैसियत से सम्मिलित रहे थे। वे इतिहास दोहराना चाहते थे। उन्हें यह अंदाजा था कि रवि और मैं इस काम को अंजाम दे सकते हैं। कई चुनौतियों के बीच इसका सफल आयोजन हम सब को प्रसन्न कर गया। यह मार्च का महीना था।
फिर आ गया अपै्रल। टी.एस. इलियट ने यों ही नहीं लिखा था ÷एप्रिल इज द क्रुएलेस्ट मंथ (अपै्रल सबसे जालिम महीना है)। हमारे लिए अपै्रल कयामत की तरह आया। चूड़ीवाल जी यकायक अस्वस्थ हुए, उनकी हालत आनन फानन बिगड़ती चली गयी, वाक्शक्ति समाप्तप्राय हुई और अंततः 18 मई 2006 को उनका निधन हो गया। रवि ने उदास स्वर में कहा, ÷÷लगता है अब हमारे जाने के दिन आ गये।'' जिस धागे ने हमें शहर से बांध रखा था, वह धागा ही टूट गया। चूड़ीवाल जी की न्यायप्रियता और पारदर्शिता की परिषद में अभी बहुत जरूरत थी। उनके बिना परिषद विसंगतियों का पिरामिड थी।
शहर अच्छा लगना कम हो गया। कार्य क्षेत्रा कुरुक्षेत्रा बन गया।
घर से चले थे हम तो खुशी की तलाश में।
गम राह में पड़े थे वही साथ हो लिये।
जीवन में कभी स्वाभिमान से समझौता नहीं किया था। कलकत्ते में क्यों करते! इससे पहले कि दूसरों की आचार संहिता अपनी विचार पद्धति में रुकावट डाले; अपनी ईगो को क्षत विक्षत करे अपना बिस्तर बांध लेना चाहिए।
हम निकल पड़े हैं। एक बार फिर खुली सड़क पर अपना सीना ताने। सुबह के पांच बजे हैं। हमें दिल्ली की उड़ान भरनी है। हमारी टैक्सी दमदम एयरपोर्ट जा रही है। रवि पूछते हैं, ÷÷तुम्हें कलकत्ता याद आयेगा?''
मैं उनका हाथ दबा देती हूं। कलकत्ता पीछे छूटता जा रहा है।
TOP (Back to अनुक्रम)
Copyright © Tadbhav.com 2001-2007 All Rights reserved.