27 नवम्बर, 1977 को मुम्बई में जन्मे गीत चतुर्वेदी समकालीन रचनाशीलता के विरल उदाहरण हैं। कविता, कहानी और अनुवाद के क्षेत्रा में उन्होंने यादगार काम किये हैं। कविता के लिए उन्हें पिछले दिनों प्रतिष्ठित भारत भूषण अग्रवाल पुरस्कार मिला। प्रस्तुत है उनके कथाकार की उपलब्धिᄉ यह लम्बी कहानी।
हमने अच्छा किया या बुरा
इस सोच से बहुत आगे
एक मैदान है
मैं तुम्हें वहां मिलूंगी
जब आत्मा अपने से भी ऊंची
उस घास के बीच लेटती है
तो दुनिया इतनी ठसाठस भरी होती है
कि उसके बारे में कुछ भी बोलना
अच्छा नहीं लगता
विचार, भाषा, यहां तक कि यह कहना
हम एक दूसरे के लिए है
जहां कोई मायने नहीं रखता।
जलालुद्दीन रूमी
डिम्पा की मां के बारे में तो आप जानते ही होंगे। मैंने जब पिछली से पिछली बार कहानी लिखी थी, तो आपको बताया ही था उसके बारे में। भूल गये लगता है? यार, अपन ने लम्बे टैम तब अस्सल लुक्खागिरी की है, तो अपुन को ÷काहनी' में भोत इंटरेस्ट है। ÷काहनी' बोले तो किसी की अक्खी लाइफ का एक्स रे। जब लुक्खागिरी के मूड में होते, तो ÷काहनी' बोलते। जब अकेले में बैठ कर सोचते, तो कहानी सोचते। दोनों में डिफरेंस है। तो डिम्पा की मां अपन लोगों को बहुत जमी थी, क्योंकि उसके नितम्ब बहुत बड़े बड़े थे और हम लोगों में एक शर्त लगती थी, खासकर तब, जब वह बिरला गेट पर भाजी लेने आती थी। जब वह भाजी लिया करती, तो हम पीछे से उसे देखते हुए यह शर्त लगाते कि आज कौन उसके हिप्स पर चिकोटी काटेगा, कौन चमाट मार सकेगा, वगैरह वगैरह। और कहीं दिलचस्पी नहीं होती थी, बस हिप्स।
डिम्पा की मां को वैसे कोई खास आब्जेक्शन नहीं होता था, पर अगर चिकोटी ज्यादा तेज कट गयी, तो वह बवाल कर देती थी। धीरे से सहला दो, तो वांदा नहीं। ग्रांटेड है।
जब वो आती, तो हम लोग गुनगुनाना शुरू करते थे ᄉ आधा किलो, एक किलो। आधा किलो, एक किलो। उसके विकट नितम्ब बहुत नैसर्गिक तरीके से अप एंड डाउन होते थे और हम उसे तराजू के रूपक में देखते थे। जैसे तराजू का भारी पलड़ा नीचे होता है, हल्का ऊपर, वैसे ही उसके नितम्ब भी ऊपर नीचे होते थे।
शर्त के कारण येड़ा ढेपलू तीन बार फंसा था। शायद वो ज्यादा ही जोर से चिकोटी काटता था। या फिर उसे ऐसा लगता था कि यह दस्तक है, अगर डिम्पा की मां ने उसे पहचान लिया, तो उसके घर में उसकी फ्री एंट्री हो जाएगी और फिर तो खल्लास। झक्कास में धमाल, फुक्कट में बजाओ माल। पन ऐसा कभी हो नहीं पाया। येड़ा ढेपलू को तीन बार डिम्पा की मां के चमाट गाल पर झेलने पड़े। और मजे की बात है कि तीनों बार डिम्पा की मां ने उसे पहचाना।
बोली ÷÷रंडी के, फिर आ गया तू।''
और तड़ाक। येड़ा ढेपलू ने शर्त लगाना बंद कर दिया। यही नहीं, डिम्पा की मां अगर बिरला गेट पर दिख भी गयी, तो येड़ा ढेपलू सीधे कल्याण निकल जाता, डुक्कर पकड़ के।
सच्ची बोले तो तीसरी बार बेचारे येड़ा ढेपलू का कोई कसूर ही नहीं था। चमाट तो टकले गुड्डू गांधी ने मारी थी। दो बार येड़ा ढेपलू पिट गया, तो तीसरी बार उसने शर्त लगाने से ही मना कर दिया। गुड्डू गांधी ने उसे बहुत उकसाया। जमाने भर के हीले दिये। पर येड़ा नहीं माना, तो नहीं माना। फ्लैट नकार। तय हुआ कि इस बार किला फतह करने का जिम्मा गुड्डू गांधी का। साला, गुड्डू गांधी भोत शाणा बनता था। अक्खा टाइम टकला रहता था। दाढ़ी बढ़ी रहेंगी, चल जाएंगा, पर टकले पे बाल नहीं मंगता। जब छोटा था, तो बाप ने उसको बहुत प्यार से गुड्डू नाम दिया था। उसके टकले को देख हममें से किसी ने गांधी नाम दे दिया। बाप और दोस्त का प्यार मिल गया, तो गुड्डू गांधी बन गया। हम लोगों ने सोचा कि हर बार बेचारे येड़े को पड़ती है, इस बार गांधी के शाणपणे की थोड़ी वाट लगनी चाहिए। डिम्पा की मां से खायेगा, तो शाणपणा निकल जाएगा। तो तय हुआ कि हाथ तो गांधी ही फिरायेगा। गांधी ने भी टंगड़ी मार दी। येड़ा ढेपलू उसके साथ गाड़े तक जायेगा, जिधर डिम्पा की मां दो रुपये की भाजी के लिए सौदागरी कर रही है।
गुड्डू गांधी गया। साथ में येड़ा भी। येड़ा डर रहा था। दो चमाट याद थे उसको। वह थोड़ा पीछे ही रहा। गाड़े के पास भीड़ तो होती है। येड़े को पता नहीं चला कि गांधी ने कब हाथ साफ किया। उसे तो डिम्पा की मां के लल्ले काले चेहरे पर भभकती हुई लाल आंख दिखाई दी और उसका हाथ अपने गाल की दिशा में बढ़ता दिखाई दिया। रापचिक काला क्रिश्चियन हाथ। माईला...येड़े का उदरीच वाटरलू होगया।
डिम्पा की मां बोली, ÷÷यह रंडी का..हमेशा तंग करता है।''
किसी ने पूछा, ÷÷क्या हो गया?''
÷÷अरे, ये हरामी का बच्चा है।''
दो चार लोग और पलट गये। क्या हो गया, क्या हो गया, की रट लग गयी।
डिम्पा की मां बस इत्ता बोली, ÷÷ये स्साला हरामी है...।''
दो लोग आगे बढ़े, तो लगा, येड़े को सलटा देंगे ओर येड़ा भी नक्की ढक्कन, कि जगह से हिले ही नहीं। आंख फाड़ कर बस डिम्पा की मां को देखे जावे। उसको मजबूत पड़ती पब्लिक की, उससे पहले ही गांधी एक्टिव हो गया। पूछा, ÷÷क्या हो गया आंटी? क्या हो गया भइया?''
÷÷ये स्साला हरामी है...''
÷÷क्या किया रे? बोल? भड़वे? बोल?''
गांधी ने येड़े को हड़काना शुरू किया और धक्के मारते हुए थोड़ा आगे तक ले गया। फिर बोला, ÷÷निकल ले लपुट। तेर्कों बचाके यहां तक ले आया। अब निकल ले। मेरी गारंटी नहीं अब चल निकल।''
और येड़ा वहां से भागा, कि साला दूसरे दिन तक किसी को नजर नहीं आया। जब आया, तो गांधी की बैण्ड बजा दी।
साले, मजे तेरे और पड़ी मेर्को।
गांधी ने उसको समझाया कि कितनी चतुराई से उसको पब्लिक से पिटने से बचा लिया उसने। और येड़ा ये बात मान भी गया। दोनों में फिर पक्की दोस्ती। येड़ा को चैरिटी में जो मिला था, वह हर वक्त भूले रहता था, पर डिम्पा की मां बिरला गेट पर आयी नहीं कि येड़ा ढेपलू की फटने लगे। तभी से हम लोग उसे ÷येड़ा ढेपलू फट्टूभाई, डिम्पा की मां ने सॉलिड बजायी'ᄉ कहने लगे थे। हालांकि इसके बाद भी शर्त लगाने में कभी कोताही नहीं हुई। गुड्डू गांधी हर बार सहला आता, कभी पकड़ा नहीं जाता, और धीरे धीरे पूरे बिरला गेट में ये फेमस हो गया कि डिम्पा की मां फिराने देती है, बशर्ते प्यार से फिराओ। गांधी को, पता नहीं, क्या तरीका आता था, कि धीरे धीरे डिम्पा की मां के लिए शर्त लगना ही बंद हो गयी। वह आती, तो पहले ही हम बोल देतेᄉ जा रे गांधी। आ गयी तेरी।
तो जैसा कि आप जानते ही हैं, डिम्पा के तीन नाम हैं। पहला नाम तो आप जान ही गये, दूसरा नाम है अशोक और तीसरा नाम है डेविड। इस नाम को डिम्पा सरनेम की जगह इस्तेमाल करता है। स्कूल के शुरुआती दिनों में उसके नाम के साथ एक और नाम जुड़ा था ᄉ कुमार। यानी अशोक कुमार डेविड। पर चिढ़ के मारे उसे जल्द ही वह नाम हटाना पड़ गया। स्कूल के बच्चे उससे पूछते कि तेरे बाप का नाम कुमार है क्या? वह बोलता नहीं, तो सवाल आता, फिर नाम के साथ कुमार क्यों लगाया है? वह कुछ लोगों के लिए राष्ट्र से भी बड़े महाराष्ट्र की उससे भी बड़ी राजधानी के पास बसा हुआ छोटा सा कस्बा था, जहां मराठी बोलने वाले लोग रहते थे और उनमें नाम रखने का रिवाज ऐसा था ᄉ नामदेव सखाराम बांडेकर, अतुल रमेश करमरकर, विजय दीनानाथ चव्हाण। तो जो बीच का नाम होता था, वह बाप का मान लिया जाता था और लोग बाप का नाम साथ में बोलने पर या तो बहुत फख्र महसूस करते थे या गाली जैसा। सो, कुछ चिढ़ते भी थे। तो अशोक कुमार डेविड के नाम में से कुमार इसलिए हट गया कि बाकी छात्राों को वह पसंद नहीं आया। इसके बाद भी डिम्पा की टेंशन कम नहीं हुई थी। अब सब पूछते ᄉ ये डेविड किसका नाम है रे?
वह बोलता ᄉ मेरा सरनेम है।
पन ऐसा कैसा सरनेम? ये तो नाम होता है।
और उसके बाद डेविड नाम वाले कुछ लोगों का जिक्र होता है। डिम्पा ने एक दिन बहुत परेशान होकर अपने बाप राधेश्याम डेविड, जिसके कारण उसे डेविड जैसे एक नाम को सरनेम की जगह इस्तेमाल करने की गंदी आदत पड़ी थी, से जिद की कि वह अपने बेटे के लिए एक अच्छा सा सरनेम खोज कर लाये ᄉ जैसे पाटिल, चव्हाण, साठे, जोशी, पांडे या मिश्रा। पर उसके बाप ने उसे डांट दिया कि जो मिला है, उसी में सब्र कर। मेरे बाप ने मुझे कोई सरनेम नहीं दिया, मैं तेरे लिए कहां से लाऊं।
और मन मार कर डिम्पा को इसी सरनेम के साथ काम चलाना पड़ा। एक दिन राधेश्याम डेविड ने किसी अखबार में एक सरनेम पढ़ लिया- चाटे। उसके बाद जब भी डिम्पा सरनेम का जिक्र छेड़ता, राधेश्याम डेविट चाटे का हवाला देते और कहते, इससे तो अच्छा सरनेम है न तेरा। डिम्पा मान जाता। और उसके बाद उसने इसे एक मजबूत तर्क की तरह स्वीकार किया।
तो बातों बातों में आपको यह भी पता चल गया कि डिम्पा के बाप के दो नाम थे। राधेश्याम और डेविड। उनमें अपने सरनेम को लेकर कोई काम्प्लेक्स नहीं। उनका एक और नाम था साहिब, पर यह नाम उनकी बीवी के सिवाय कोई नहीं लेता। बीवी उसे नाम नहीं मानती, यह तो फीलिंग है। फीलिंग को कोई नाम दे सकते हैं क्या? यहीं, लगे हाथ यह बता दिया जाए कि डिम्पा की मां के चार नाम हैं। पहला तो आप जान ही गये, दूसरा नाम है हेमा। यह नाम उसके मायके वाले भी कभी नहीं लेते। किसी को याद ही नहीं। स्कूल में लिखा हुआ था। बाद में शादी के कार्ड पर छप गया। उसे शादी से पहले भूतपूर्व नाम छकुली से जाना जाता था। शादी हो गयी, तो राधेश्याम डेविड ने उसे डार्लिंग कहना शुरू किया और यह उनकी जबान पर इस तरह चिपका कि जब कभी झगड़े के दौरान उन्हें अपनी पत्नी को गाली देनी होती, तो कहते ᄉ साली हरामखोर डार्लिंग...। यह सुनने में फनी लग सकता है, पर जब राधेश्याम डेविड के मुंह से इस तरह शब्द निकलते, तो पूरी कॉलोनी में आफत आ जाती। और इसके बदले में डिम्पा की मां भी क्या न बोले, एक से एक आभूषण सिंगार के साथ भाषा को सजाया जाता है कि रीति काल का कोई कवि भी वहां से मूतते हुए भागे।
डिम्पा की मां के चौथे नाम के बारे में काफी कहा जा चुका है। वह पारिवारिक नाम है। पूरा परिवार उसे ढोता है, भले नयी पीढ़ी को वह पसंद नहीं। जिस जगह से डिम्पा का बाप आया था, वहां कोई सरनेम चलता भी नहीं। बीसियों साल पहले वे लोग झाबुआ में रहा करते थे। एक दिन कोई सिस्टर नन आयी। उसने इनका पूरा नाम नहीं बदला। पानी छिड़का और सिर्फ डेविड नाम जोड़ दिया। कहा ᄉ आज से भैरू बाबा की पूजा बंद। ये खीस्त है, तुम्हारा नया देवता। फिर उसके भजन गाये गये ᄉ खीस्त बाबा तेरी अजब है कहानी। राधेश्याम डेविड जब छोटे थे, तो उन्हें खीस्त बोलने में बहुत मशक्कत करनी पड़ती थी, पर उन्होंने यह बात किसी से कही नहीं। पुरानी पीढ़ी के लोग विरासत पर सवाल वैसे ही नहीं करते थे। जो पुरखों ने दिया, सिर माथे लगा लिया। पर उनकी जुबान की बाबा ने सुन ली, जल्द ही खीस्त, यीशु हुआ, फिर ईसा, फिर जीसस। ये नाम सही था। जुबान को आराम मिला। संकट के समय ÷ओ खीस्त बाबा' बोलने में कई बार खांसी आ जाती थी। ÷ओ जीसस' चल जाएगा।
नाम के साथ डेविड जुड़ने के बाद राधेश्याम डेविड के पिता जी को जो पैसे मिले थे, उससे उन्होंने झाबुआ छोड़ दिया और शिरपूर आ गये। वहां उन्होंने पानी से बरफ बनाने का धंधा शुरू किया और साइकिल पर गली गली घूम कर बरफ बेचने लगे। जूनियर डेविड जब कांबा के पास इस कॉलोनी में आये, तब तक उनके पास बारहवीं और आईटीआई का सर्टिफिकेट था, उम्र में 27 दिन बड़ी एक बीवी थी और अगर सब कुछ ठीक रहा, तो उसके पेट में उन्हीं का बच्चा भी था। हां जी, राधेश्याम डेविड को अक्सर यह शक हो जाता है कि डिम्पा की मां के पेट में जो कुछ भी है, वह उनका नहीं है। कई बार वह डर जाते हैं, जब डिम्पा की मां कॉलोनी के किसी घर से कुछ खाकर आ जाती है। किसी दूसरे का पेट में जाए, उन्हें बर्दाश्त नहीं। वह किसलिए कमाते हैं? पेट में डालने के लिए ही न। सो, पेट उनके लिए बहुत अहम है। पेट में जाने के रास्ते भी।
मैंने बताया था कि डिम्पा की मां अपनी किस्मत पर हमेशा रोती रहती है। जिन्दगी ने उसे इतने संघर्ष नहीं दिये कि उसका रंग काला हो जाए, वह तो बचपन से ही ऐसी है। जितना काला उसका चेहरा है, उससे ज्यादा काले उसके बाल हैं। और बाल भी कमर से नीचे तक लपकते, पर एक बार डार्लिंग के साथ किसी झगड़े को अंजाम तक पहुंचाने के लिए मिस्टर डेविड ने कैंची से उन बालों को काट दिया था। उसके बाद डिम्पा की मां के बाल पीठ से नीचे गये ही नहीं। उसके चेहरे की कालिमा में उसकी आंखें इतनी सफेद लगती हैं, मानो चिल्ला चिल्ला कर कुछ बोलना चाहती हैं। संस्कृत के किसी विद्वान ने उसे देख लिया होता, तो उसका पांचवां नाम ÷चिल्लाक्षी' रख देता। उसके काले रंग के बारे में बहुत बातें होतीं। जिस मां को अपनी बेटी से दुश्मनी निकालनी होती, वह डिम्पा की मां को सर्वश्रेष्ठ उपमा की तरह प्रयोग करती।
पर अगर डिम्पा की मां के सामने उसके रंग का जिकर कर दें, तो उसके चेहरे पर बहुत तिरछी मुस्कान आ जाती। बहुत शर्माते हुए वह कहती, ÷÷मैं ऐसी नहीं थी रे। बहुत साफ रंग था मेरा। पर मेरा साहिब है न रे जो, बहुत बड़ा रंगरेज है। जब मुझे खूब प्यार करता है, तो मेरा रंग उजला हो जाता है। जब नाराज होता है, तो मेरा रंग काला हो जाता है। जब मुझसे बातें करता है, तो मैं नीली होती हूं। जब मुझे छूकर गुजरता है, तो लाल पड़ जाती हूं। इन दिनों वह मुझ पर बहुत नाराज है। क्या करूं, मेरे मिस्टर अब भी मुझ पर शक करते हैं बोलो, ये भी कोई बात हुई। लड़का सोलह का होने आया, अब भी शक करते हैं। पर प्यार भी बहुत करते हैं।''
यह कहते हुए इतना डूब जाती थी, इतनी देर तक बोलती रहती थी कि सामने वाला फिर कभी उसके सामने उसके रंग के बारे में कुछ कहने की हिम्मत नहीं कर पाता था।
डिम्पा की मां को यह बताने में बहुत गौरव होता था कि उसका पति अब भी उस पर शक करता है।
डिम्पा की मां शाम को आठ बजे घर में घुसी थी। राधेश्याम डेविड सोफे पर बैठा था। रंगरेज का चेहरा आज जर्द था। रंग बदल देगा। डिम्पा की मां को तब डिम्पा पैदा हो चुका था। उससे पहले जम्बो भी पैदा हो चुका था। डिम्पा की मां को जम्बो की मां भी कहा जा सकता था, क्योंकि पहली संतान तो वही था, लेकिन पैदा होने के कुछ समय बाद ही जम्बो को डिम्पा की मां का भाई ले गया था। डिम्पा की मां का भाई, राधेश्याम डेविड का दोस्त था। शिरपूर में खासा रसूख रखता था। डेविड पहले उसके कारखाने में ही नौकरी करता था। वहीं पर डिम्पा की मां को उसने पहली बार देखा था। नहीं, कोई फर्स्ट साइट लव नहीं हुआ था। डिम्पा की मां भले कितनी भी काली थी, पर हमेशा से वह ऐसी नहीं थी कि उस पर हंसा जाए। आज हम लोग जब डिम्पा की मां को याद करते हैं, तो समझ में आता है कि उसने अपना स्टाइल सिग्नेचर डेवलप किया था। उस जमाने में फैशन मैग्जीन्स इतनी नहीं थीं, न ही इतने सारे फैशन डिजाइनर। फिल्मों में जो दिखा दिया जाता था, वही आम जनता का फैशन हो जाता था। आज तो अलग से फैशन सेगमेण्ट है। फैशन फिल्मों से आगे हो गया है। सैलेब्रिटीज पहले ही तय कर देती हैं कि आने वाला साल का स्टाइल सिग्नेचर क्या होगा। तो डिम्पा की मां ने उस पिछड़े समय में भी अपना स्टाइल सिग्नेचर बना रखा था, यह बात आज समझ में आती है, पर उन दिनों में भी वह सबसे अलग लगती थी। उसका रंग पहले से ही काला नहीं था, वह तो कालेपन में भी एक चमकते उजास से भरी रहती थी। वह तो उसका साहिब रंगरेज है, उसे जाने कैसे रंगों में रंगता रहता है।
शिरपूर की उस शाम को जब कारखाने के काउंटर पर डिम्पा की मां बैठी हुई थी, तो डेविड ने उसे देखा था। वह डिम्पा की मां के चेहरे को ध्यान से देखता, उससे पहले डिम्पा की मां खड़ी होकर थोड़ा झुकी थी और उसका कुर्ता छाती से खुल गया थोड़ा सा। डेविड की नजर डिम्पा की मां के दूधिया खरगोशों पर सबसे पहले पड़ी। डेविड दंग रह गया। इतना काला बदन और इतने दूधिया खरगोश। डिम्पा की मां वापस बैठ गयी। पल भर में किसी ने उसकी रहस्य की आवृत्त दुनिया में प्रवेश कर लिया है, उसे नहीं पता चला था। शादी के बाद पहली रात जब डेविड उसके खरगोशों को बेतहाशा प्यार कर रहा था, तब वे दूधिया नहीं थे।
डेविड ने पूछा, ÷÷तुम्हें यहां पाउडर लगाने का बड़ा शौक है न?''
डिम्पा की मां चौंक गयी थी, ÷÷तुम्हें कैसे पता?''
÷÷बस, देखा है मैंने।''
÷÷क्या देखा है तुमने?''
÷÷तुम्हारे उछलते हुए खरगोशों को सफेद रुई का लिहाफ ओढ़े देखा है।''
÷÷मतलब?''
÷÷हां, मैंने तुम्हारा चेहरा देखने से पहले तुम्हारे खरगोशों को ही देखा था। छोटे से गोल, दोनों के बीच की लकीर, जो किसी सरहद की तरह नहीं है।''
÷÷कैसे देख लिया तुमने?''
डिम्पा की मां याद करने लगी कि उसने कभी सपने में भी डेविड को नहीं देखा था। उसकी सिर्फ तस्वीर ही दिखाई थी उसके भाई ने और कहा था ᄉ बघ छकुली, ये तेरा नवरा है। तेरी शादी इससे बनने की। उसे बिल्कुल याद नहीं कि डेविड उस तस्वीर से बाहर निकल कर उसके कुर्ते के गले में कैसे बैठ गया कि उसे वहां से उसके खरगोश दिख गये।
÷÷झूठ बोलते हो जी तुम।''
÷÷विश्वास नहीं, तो बताओ, मुझे कैसे पता चला कि तुम्हें यहां पाउडर लगाना बहुत अच्छा लगता है।'' डिम्पा की मां चुप हो गयी। हां, कैसे पता चल सकता है?
÷÷जिस दिन मैंने पहली बार इन खरगोशों को देखा था, मेरे दिल में ये बात आ गयी थी कि एक दिन ये मेरे होंगे।''
÷÷बता दो, कब देखा था?''
÷÷पहली बार सिर्फ एक बार देखा था। उसके बाद बार बार देखा। आंख बंद होती, तो नजर आंख से निकल कर तेरे कुर्ते में चली जाती थी। वहां बैठ कर मैं देर तक तेरे खरगोशों को देखा करता था। प्यारे से नन्हें, फुदकते हुए खरगोश।''
÷÷हट्ट।'' डिम्पा की मां शर्मा गयी।
खरगोश एक सम था। साहिब ने उसे सफेद रंग में रंगा था। सफेद रुई का लिहाफ ओढ़े फुदकता खरगोश, जिसकी आंखों में कत्थई रंग का बिन्दु था। जिसके चेहरे के चारों ओर उभार था। जो उनके जीवन का सम था। डेविड जब नाराज होता, तो डिम्पा की मां बात को खरगोश तक ले आती। वह बरसों तक पूछती रही कि बता दो, कब दिखे थे तुम्हें खरगोश?
डेविड बरसों तक नहीं बताता।
÷÷हां देखा, सिर्फ इतना बता दूं कि तेरा चेहरा देखने से पहले देखा था खरगोश। और उनको देखते ही तय किया था कि एक दिन मेरे होंगे ये खरगोश।''
भयंकर गुस्सा और जानलेवा झगड़े को खरगोश ने अपना जिक्र आने पर कोमल प्यार और गांगेय रूलाहट में बदलते देखा है। खरगोश बहुत ताकतवर था। उसका जिक्र आता था, तो पत्थर सा हो गया दिल पिघल कर उसकी कंदरा में बहने लगता।
डेविड जब क्रोध में जलते हुए, पार्क की बेंच पर जाकर बैठता, तो पीछे से एक छोटा सा कंकड़ आता, जिस पर एक कागज लिपटा होता। उसमें बहुत खराब हैंडराइटिंग और गलत स्पेलिंग्स में लिखा होताᄉ आज नाही बघायचं खरगोश? आओ न, आज उन्होंने बर्फ जैसी रुई का लिहाफ पहना है। देखो न, ठंड के मारे गले जा रहे हैं तुम्हारे खरगोश।
डेविड इस कागज को फाड़ कर फेंक देता। यहां वहां देखता। कोई नजर न आता। वह जिद में बैठा रहता। फिर एक कागज आता, उसमें भी खरगोश के इंतजार के बारे में लिखा होता। डेविड उठता और डिम्पा की मां को बांहों से पकड़ कर बाहर ले आता। पार्क की सूनी बेंच पर दोनों एक दूसरे का हाथ हाथों में लिए बैठे रहते। डेविड की आंखों से आंसू गिरते रहते। डिम्पा की मां अपनी उंगली की पोर पर एक एक आंसू जमा करती और कहती, ÷÷हर बूंद आंसू, खरगोश की कत्थई आंख में रोप देना। मेरा खरगोश तुम्हारा हर गुस्सा, आंसू अपनी आंख में समेट लेना चाहता है।''
डेविड की आंखों से और आंसू बहने लगते। डिम्पा की मां का रंग बदल जाता। उसके साहिब ने आंसू से उसका पूरा शरीर रंग दिया। पहले उसके होंठों का रंग बदला। फिर उसके गालों का। फिर उसके खरगोशों का। उसका पोर पोर उजला हो गया। डिम्पा की मां ने बर्फ का लिहाफ ओढ़ लिया।
दोनों हाथों में हाथ डाले देर तक कॉलोनी की सड़क पर भटकते रहते। बीच बीच में रोते। फिर कस के एक दूसरे को पकड़ लेते। डिम्पा की मां डेविड की हथेली चूमती और कहती, ÷÷मालूम क्या साहिब? आत्मा हथेली के सिरे में रहती है। हथेली चूमने का मतलब आत्मा चूमना होता है। देख साहिब, मेरे होंठ तेरी आत्मा को चूमते हैं। मुझे अपनी रूह के रंग में रंग दे।''
लल्ले, राधेश्याम डेविड पर सेंटी होने का दौरा पड़ जाता। भगीरथ के बुलाने पर गंगा पहले डेविड की आंखों में गिरी थी। शिव की जटा में तो बाद में गयी थी। बोले तो, शिव ने चीटिंग की। डेविड की आंखें इस वक्त यही कह रही हैं। वह भरे हुए गले से कहता है ᄉ माझी रानपाखरूं...(मेरी बनतितली)
और अरुण दाते की आवाज में गाता है ...
आज हृदय मम विशाल झाले
त्यास पाहुनि गगन लाजले
(आज मेरा हृदय बहुत विशाल हो गया है, जिसे देख आसमान भी लजा रहा है।)
डिम्पा की मां मुस्कराने की कोशिश करती आंखों से देखती, एक लैम्पपोस्ट के नीचे खड़े हो जाती है। लैम्पपोस्ट से बहुत हल्की पीली रोशनी नीचे गिर रही है। डिम्पा की मां जब अपने बरामदे में खड़ी हो यहां देखती है, तो उसे कोई यहां सिर झुकाये बैठा दिखता है, जिसके चारों ओर रोशनी के बीच एक काला अंधेरा घेरा दिखाई देता है। डिम्पा की मां उस लैम्पपोस्ट से टिक कर खड़ी हो जाती है और सुर जोड़ती है :
आज माइया किरणकरांनी
ओंजलीमध्ये धरली अवनी
अरुणाचे मी गंध लावले...
(मुझ पर रोशनी करने वाली किरणों ने अपनी अंजरियों में भर लिया है धरती को। मैंने अपनी पूरी देह पर सूरज की सुगंध लगा ली है।)
आज रंगरेज का रंग बदला हुआ है। डेविड ने पहली बार कहा, ÷÷साली डार्लिंग, तू ज्यादा समय तक घर से बाहर मत रहा कर।''
÷÷क्या हो गया?''
÷÷कुछ नहीं, बस मैंने कह दिया है ना। ज्यादा समय तक घर के बाहर मत रहा कर।''
बर्फ से ढंके हुए उन दिनों में ऐसा बहुत कम हुआ था कि डिम्पा की मां घर में आयी हो और डेविड उसका इंतजार करते बैठा हो। डिम्पा कॉलोनी में खेलता रहता था और डेविड पालियों में नौकरी करता था। कभी रात पाली, कभी दिन पाली। कलपुर्जों की फिटिंग करता था। घर आता, तो सोने की लगी रहती। आज वह डिम्पा की मां के घर में घुसने के वक्त सोफे पर इस तरह बैठा था, जैसे इंतजार ही कर रहा तो।
दोनों के बीच बहुत अजीब किस्म का सम्बंध था। दोनों बहुत लड़ते थे और शायद उतना ही प्यार करते थे। उनका प्यार मिसाल था और झगड़े भी। हर झगड़े के पीछे प्यार ही होता है, ऐसा डिम्पा की मां हर झगड़े के बाद कॉलोनी के हर घर में जाकर कह आती थी, क्योंकि उनके घर के भीतर हुआ झगड़ा थोड़ी ही देर में कॉलोनी के पत्ते पत्ते, बूटे बूटे तक पहुंच जाता था। अगर किसी को रात बारह बजे सड़क पर दो आत्माएं एक दूसरे की बांहों में बांहें डाले, बाबा आदम और बब्बी ईव के अपराधों के पथ पर चलती दिखतीं, तो भूतों की तमाम खबरों के बाद भी यह मान लिया जाता था कि डेविड दम्पति आज नाइटवॉक पर निकला है। कॉलोनी के थिएटर में दिखाई जाने वाली साप्ताहिक फिल्मों के सबसे करुण दृश्यों पर अगर किसी को रोने की आवाज सुनाई दे जाए, तो समझ लिया जाता था कि मिस्टर एंड मिसेज डेविड आज बहुत इमोशनल हैं और घर जाते जाते रास्ते में घंटों प्यार करेंगे। सालाना जलसा तब तक खत्म घोषित नहीं होता था, जब तक डिम्पा की मां और राधेश्याम डेविड साथ साथ ठुमके न लगा लें। और महीने पखवाड़े की किसी एक रात में जब सारी कॉलोनी में किसी महिला की दारुण चीखें गूंजती थीं, रात भर लोगों के दरवाजों पर कोई सिसकी आहट करती थी, तो बाकसम, वह भूत नहीं होता था, डिम्पा की मां रो रही होती थी। वह जितना धीमे हंसती थी, उतना ही चिल्ला कर रोती थी।
डिम्पा की मां का पिटना एक सार्वजनिक कर्म था। यह ऐसा दृश्य था, जिसे देखने के बाद लोग देर तक दरवाजा नहीं खोलते थे। दरवाजा खोलें, तो क्या पता, डिम्पा की मां बाहर ही खड़ी हो, कब दौड़ कर आपके घर के भीतर आ जाए और राधेश्याम डेविड डिम्पा की मां से ध्यान हटा कर आप पर लगा दे, डिम्पा की मां को गालियां देना छोड़ आपको देने लग जाए और कह दे कि आपके साथ ही सोती है यह। इसे पिटते देख आप इसे बचाने के लिए अपना दरवाजा खोल कर खड़े हो गये हैं। आप आयं बायं करते रह जाएं, लड़ा जाए, या पहले इसे शांत कराया जाए, इसका सिर फोड़ दिया जाए या सिर पर ठंडा पानी डाला जाए, आपको समझ में नहीं आता। आप और कुछ बोलें, तब तक डेविड आपसे धक्का मुक्की कर चुका होगा। आपके घर के भीतर घुस कर, डिम्पा की मां को पकड़ कर बाहर ला चुका होगा ओर उसे गालियां देते हुए ले जाएगाᄉ ÷÷साली, अक्खी कॉलोनी में तमाशा कर दिया है। इधर भाग रही है, उधर भाग रही है, चल घर में।''
हम सबको लगता कि अब घर ले जाकर डेविड उसे और मारेगा। वह तो चला जाता पर आपके घर में नया बखेड़ा शुरू हो जाता। आपकी बीवी एकाध बार तो जरूर पूछ लेती ᄉ ÷÷कब सोये थे डिम्पा की मां के साथ?'' आप भौंचक उसका मुंह देखते रह जाएं और वह बात को मजाक में उड़ा दे। एक घर का झगड़ा दूसरे घर में ट्रांसफर हो जाए।
पहली बार ऐसा तब हुआ था।
कोई तपती हुई दोपहर थी, जब बाहर खेलते कई बच्चों ने डिम्पा की मां को पेटीकोट और ब्लाउज में ही बाहर दौड़ते देखा था। उसके पीछे बेल्ट लेकर डेविड दौड़ रहा था ᄉ नाड़े वाला धारीदार कच्छा पहने हुए। वे दोनों शायद अपराह्न ᄉ अंतरंगता में थे और उसी समय किसी बात को लेकर तनातनी हुई थी। दोनों में जब भी तनातनी होती, तो शुरुआत में कोई संभालना नहीं चाहता था। बात बढ़ती रहती, बढ़ती रहती और बढ़ ही जाती। फिर बहुत बड़ा हंगामा होता, चीखें गूंजतीं, पकड़ा पकड़ी होती, और उसके बाद दोनों में से एक को कुछ ख्याल आता और वह दूसरे को पकड़ कर घर में लेजाता।
इस वक्त डिम्पा की मां पेटीकोट और ब्लाउज में कॉलोनी की काली, डाबर से बनी हुई साफ सुथरी सड़क पर दौड़ रही है और डिम्पा का बाप पीछे है। इस वक्त कॉलोनी की औरतों ने पहली बार जाना था कि डिम्पा की मां पेटीकोट भी सैटिन का पहनती थी। जैसा फिल्मों में हीरोइनें। ज्यादातर औरतें कॉटन का रद्दड़, सस्ता पेटीकोट पहनती हैं और उनके लिए डिम्पा की दौड़ती हुई मां का धूप में चमकता सफेद सैटिन का पेटीकोट गहरे आश्चर्य में डालने वाला था। दूसरे दिन जब कुछ औरतें डिम्पा की मां के घर उसका हालचाल जानने गयी थीं, तो उनकी दिलचस्पी उसकी पिटाई से ज्यादा यह जानने में थी कि इसके पास और कौन कौन से पेटीकोट हैं। वहीं लोगों को पहली बार पता चला था कि डिम्पा की मां कितनी अच्छी कारीगर है। एंब्रॉएडरी, क्रोशिया, बुनावट, सिलाई सब में एक्सपर्ट।
जब डिम्पा की मां दौड़ रही थी उसका सैटिन का पेटीकोट लहरा रहा था, तो औरतों ने उसमें लटकती हुई झालरें देखी थीं। सिल्क की झालरें गहरे सफेद रंग की थीं। चमकती हुई झालरें। उसके ब्लाउज में सिल्क की लेस लगी हुई थी, वह भी डिम्पा की मां ने खुद ही लगायी थी।
तो डिम्पा की मां सैटिन का सफेद पेटीकोट और सफेद ब्लाउज पहने कॉलोनी की पतली सड़कों पर दौड़ रही थी और उसका पति बेल्ट ताने उसके पीछे। डिम्पा की मां के होंठों के नीचे से खून टपक रहा था। उसके कमर तक के बाल खुले हुए थे। उस वक्त तक वह बहुत ज्यादा मोटी नहीं हुई थी। भव्य लग रही थी। पिटने से बचने के लिए दौड़ती एक भव्य स्त्राी। संवार संवार कर बनाये हुये रूप को सबको दिखाते हुए दौड़ती एक भव्य स्त्राी। डर के लिहाफ में लिपट कर अनावृत्त दौड़ती एक भव्य स्त्राी। बेल्ट लहराते दौड़ते आते पति को बार बार पीछे मुड़ कर देखती हुई एक भव्य स्त्राी। थोड़ी देर पहले तक प्यार के महासागर में गोते लगाने के बाद खौफ के रंग में पगी हुई एक भव्य स्त्राी।
यहीं कहीं सैटिन के सफेद पेटीकोट के कारण डिम्पा की मां का पैर अटका और सड़क पर ढुलक गयी। बहुत तेजी के साथ उसके पेटीकोट के अंदर का शरीर दिखा और फिर छिप गया। उसका सिर किसी पत्थर से लगा और हाथ उसके पेट के नीचे आकर दब गया। दर्द से वह बुरी तरह चीख उठी। डेविड अब तक उसके पास पहुंच गया और सनाक से एक बेल्ट दे मारी। डिम्पा की मां बिलबिला उठी और उठने की कोशिश में फिर गिर पड़ी।
उसने पलट कर पति को देखा। वह गुस्से में कांप रहा था। गालियां बक रहा था। डिम्पा की मां के काले चेहरे पर उसके काले बाल बिखरे हुए थे। उसका चेहरा दिख ही नहीं रहा था। बाल हटाते हुए वह चीखी, ÷÷और मार साले भड़वे। इसी में शांति है तुझको, मार डाल। आज मार डाल मुझे। तू साला भड़वा कभी यकीन कर नहीं सकता मुझ पर। इससे तो अच्छा है, मर जाऊं। मार डाल मुझे और जाकर फोड़ दे अपना घंटा। हरामी की औलाद...मार...मार मुझको...मार...''
डिम्पा की मां के होंठों से खून बह रहा था। आंखों में छाया हुआ था। माथे से बह रहा था। उसकी कोहनी छिल गयी थी। उल्टी हथेली, जहां आत्मा का वास होता है, वहां खून छलका हुआ था। डिम्पा की काली मां, डिम्पा की लाल मां में बदल गयी थी। रंगरेज ने फिर उसका रंग बदल दिया था। उसका साहिब रंगरेज है। उसके रंगों से खेलता है। उसके बदन की चुनरी में अपनी मर्जी का रंग भर देता है। उसकी मर्जी कभी पूछता तक नहीं। कैसा जोगी है। मन नहीं रंगता। कपड़ा रंगता है।
÷÷नहीं घर आकर नहीं मारा उसने मुझे। वह मुझे देर तक अपनी बांहों में ले रोता रहा। फिर बोला, तुझसे कितनी बार कहा है न, ज्यादा देर तक घर से बाहर मत रहा कर। क्या करूं, मैं सुबह 8.40 की लोकल से निकल जाती हूं, फिर शाम को आने में टाइम लग जाता है। स्टेशन से कॉलोनी तक आना भी तो टेंशन का काम है। रस्ते में बिरला गेट से भाजी भी लेती हूं। बस मिल जाए, तो ठीक, नहीं तो ऑटो करना पड़ता है कई बार। पन इनको मेरे पे हमेशा डाउट रहता है। इनको लगता है कि मैं हॉस्पिटल नहीं जाती, कहीं और जाती हूं। क्या बोलूं, शायद एक दो बार ये मेरे पीछे पीछे हॉस्पिटल भी आये हैं। अब कितना समझाऊं, ये बात तो समझने की ही होती है। हर वक्त बोलता है कि मुझ पर विश्वास करता है। जब शांत रहता है, तो बहुत अच्छा रहता है, पर जाने क्या हो जाता है बीच बीच में।''
डिम्पा की मां घर आयी औरतों से कह रही थी या खुद से, नहीं पता। कल का वाकया ऐसा था कि डिम्पा की मां का मन ही नहीं हो रहा था कि किसी का चेहरा देखे। वह ऊपर से मुस्कुरा रही थी, पर भीतर ही भीतर उसके दिल में हल्ला हो रहा था। कल दोपहर को डेविड उसे ले आये और उसके बाद देर तक उससे प्यार करते रहे। प्यार करते रहे मतलब उसके घावों को सहलाया। उसे देर तक देखते रहे। डिम्पा की मां चुप थी। उसे समझ में नहीं आ रहा था कि इस वक्त कैसे रिएक्ट किया जाए। कुछ पलों पहले जो आदमी जंगलियों की तरह व्यवहार कर रहा था, सड़क पर उसे दौड़ा कर मार रहा था, जिसे हमेशा ये शक रहता था कि कहीं मैं किसी के साथ सोती तो नहीं, कभी सड़क या बस में मेरा दुपट्टा जरा ढुलक जाए, तो जो आदमी जान ले ले कि तेरा कैरेक्टर ही ऐसा है, वह आदमी आज सरेराह मुझे पेटीकोट में दौड़ा रहा है, जो अपनी इज्जत के बारे में हमेशा मुझे चार बातें सुनाता रहता है और जिसे जरा सी फिक्र नहीं कि आज उसकी इज्जत का क्या हुआ है, उस आदमी की प्यार और सम्भाल को कहां सहेजूं? क्यों स्वीकार करूं? क्यों नहीं पलट कर उसे दो हाथ मार दूं और कहूं कि भाग यहां से भड़वे...
डेविड उसके घावों पर कॉटन से डेटॉल लगा रहा है। जलन के मारे रूह हंगामा कर रही है। उसके भीतर जैसे कोई जुलूस निकल रहा है। हजारों लोग सड़क के किनारे खड़े हैं और नारे लगा रहे हैं। लेकिन जैसे किसी ने रिमोट पर म्यूट का बटन दबा दिया है। देखने पर पता चल रहा है कि बहुत हंगामा हो रहा है, लोग उछल रहे हैं, शब्द अपने रूप का सबसे भयंकर नृत्य कर रहे हैं, हवा में हाथ भांजे जा रहे हैं, मुट्ठियां तनी हुई हैं, लेकिन कोई आवाज नहीं हो रही। या तो उस आवाज को जिन कानों के रास्ते भीतर की दुनिया में जाना था, जिस जुबान के रास्ते बाहर की दुनिया में आना था, वे कान अंधी खाईं की मानिन्द हो गये हैं, वह जुबान काठ हो गयी है। वह उसके बालों में हाथ डाल रहे हैं। बालों को सहला रहे हैं। डिम्पा की मां को याद आता है कि वह एक वक्त इन बालों को पेड़ की छांव की तरह महसूस करना चाहता है और दूसरे वक्त इन्हें जला देना चाहता है। वह उसकी आंखों की कोर को पोंछ रहा है, वह देर तक उनमें झांक रहा है। उसे याद आता है कि वह एक पल इन आंखों को समंदर में चहकती हुई सीपी कहता है और अगले पल इन्हें फोड़ डालना चाहता है। डिम्पा की मां की आंखें झुक रही हैं। वह बार बार उसका सिर उठा रहा है। वह बार बार सिर झुका कर आंखें हटा रही है। कैसी विडम्बना है, उसने सड़क पर मुझे मारा है, फिर भी कितनी जोर आजमाइश कर रहा है नजरें मिलाने की, मैंने सिर्फ उसे कुछ गालियां दी हैं, वो भी बुरी तरह आजिज आने के बाद, पर मैं नजरें भी नहीं उठा पा रही। इसलिए भी नहीं उठा पा रही कि क्या अब इससे कभी प्यार के दो बोल भी बोले जा सकेंगे?
पार्वती बाई सावंत ने एक बार बहुत सही कहा था कि कभी मर्द को अपने दिल के बारे में पूरी तरह मत बताना। वह तेरे दिल में हमेशा छेद करता रहेगा कि वहां से कोई बात निकल कर उस तक आ जाए। मत बताना कभी भी। उसे सिर्फ उतना ही बताना, जितने में वह खुश हो जाए, जितने में उसे अहसास हो कि हां, वही है सब कुछ। उसके आगे जहां बढ़ी, जहां उसे यह बताया कि उसके आगे भी कुछ है, वहां वह हाथ से निकला। वह तेरा जीना हराम कर सकता है। वह अगर बहुत प्यार करे, तो भी डरना। वह अगर बहुत नफरत करे, तो भी डरना। मर्द काबू करने की चीज होता है। और उसके लिए कभी मशक्कत वाला रास्ता मत अपनाना। कोशिश करना कि सिर्फ एक निगाह हजार हर्फ बोल दे।
डिम्पा की मां ने हजार हर्फों वाली वह निगाह उठायी, जो बाहर सड़क पर दौड़ते वक्त जाने कहां बिला गयी थी। जब वह दौड़ रही थी, तो क्यों नहीं पलट कर एक बार उसी हजार हर्फों वाली निगाह से देख लेती? डिम्पा की मां ने उसे देखा। उसकी आंखें भरी हुई थीं। उसे बहुत दुख हो रहा था। उसका साहिब...वहशी रंगरेज...।
÷÷डार्लिंग, पता नहीं, क्या हो जाता है मुझे...माफ कर देना यार...फिर हाथ उठाया तुझ पर...नहीं मारना चाहिए था तुझे...जो भी बात थी, बात करके हो सकती थी...पर क्या करूं, मैं गुस्से में रहता हूं, तो तू सम्भाल लिया कर...तू भी ऐसे जवाब देती है कि और आग लगती है...''
÷÷साहिब...हजार बार मार...हर रोज मार...तेरा गुस्सा...तेरी मार...सब सिर माथे है। बहुत प्यार करता है न मुझसे...इसीलिए तो इतना हाथ भी उठाता है...तुझे दे दिया है मैंने अपना ये शरीर...सजा कर दिल में रख...या खाल उतार कर दीवार पर टांग...सब तेरा है...तेरे रंग में है...सिर्फ तेरे रंग में...पर ये न बोला कर कि मैं कहीं और जाती हूं...किसी और के साथ...जो कुछ है, सिर्फ तू है...और अब इन सबके लिए कोई समय नहीं रे साहिब...मत बोला कर ऐसा...''
और वे फिर इमोशनल हो गये। नाइटवॉक पर निकल गये। दिन में जिस सड़क पर डिम्पा की मां देर तक दौड़ायी गयी थी, उसी सड़क पर वह राधेश्याम डेविड की बांहों में बांहें डाल कर घूम रही थी। उसने पसंदीदा सफेद रंग की साड़ी पहनी थी, जिस पर गुलाबी रंग की एम्ब्रॉएडरी उसने खुद की थी। उसने गले में वह हार पहना था, जो उसके पिता ने उसे शादी के कुछ ही महीनों बाद लाकर दिया था। वह सड़क पर चल रही थी और सोच रही थी कि जिन लोगों ने उसे दिन में देखा है, कम से कम वही लोग उसे रात में भी देख लें। देखें कि उसके साहिब ने फिर उसका रंग बदल दिया है। देखें कि उसका साहिब कितने प्यार से उसकी चूनर में पे्रम का रंग बांधे है। कैसे रात की हवा में उसकी चूनर लहरावे है... कैसे खोया खोया है उसके रंग में, गंध में, देखो कि रात की इस हल्की रोशनी में मेरे दुखते हुए शरीर से भी सूरज की सुगंध आ रही है... मेरे साहिब ने सूरज की हल्दी बना कर मेरे जख्मों पर लगाया है... इस हल्दी से कैसे मेरा सियाही जैसा रंग झक उज्जर उज्जर होवे है...स्याही रंग छुड़ाए के रे दियो मजीठा रंग... बांधणी चूनर मेरी...
देर रात तक डेविड दम्पत्ति सड़क के किनारे भटकते रहे। फिर उन्होंने सुधीर फड़के के गाने गुनगुनाये। फिर उन्होंने एक दूसरे की हथेली में बसी आत्मा को चूमा। फिर उन्होंने आंसुओं से दिन की कलुषता का आचमन किया। आत्मा का प्रच्छालन।
डिम्पा की मां जितनी काली थी, डेविड उतना ही तगड़ा और खूबसूरत था। कमाल का रेसलर था। बदन में ताकत का झरना था। छह बाई छह की सेटी को टांग से धक्का मार कर खसका देता था। डिम्पा की मां जब खासी मोटी हो गयी थी और उसके नितम्ब पूरी कॉलोनी में चर्चा का केन्द्र हो गये थे, तब भी डेविड डिम्पा की मां को अपनी गोद में उठा कर दिन भर घूम सकता था। और उसके बाद भी थकान नहीं। इस तरह की बातें डिम्पा की मां ही कॉलोनी वालों को बताया करती थी।
शिरपूर में डेविड ने जब डिम्पा की मां को पहली बार देखा था, उससे पहले तक उसके जीवन में कुछ खास नहीं हुआ था। जो हुआ भी था, उसे वह डिम्पा की मां के खरगोशों को देखने के बाद भूल गया था। उसने उसके भाई से दिल की बात कही ᄉ बहुत डरते डरते। हालांकि इस बारे में कई दिन तक सोचता रहा कि पहले बात किससे की जाए, डार्लिंग से या फिर उसके भाई जॉन विश्वनाथ बटनवाला से। उसके भाई का बिजली के बटन बनाने का कारखाना था। डेविड वहीं काम करता था। बारहवीं पढ़ने के बाद प्रोफेशनल कोर्स करने का बड़ा फैशन था। इसी के चलते डेविड ने आईटीआई कर लिया और फिटर के रूप में वहां ज्वाइन कर लिया। छोटा सा कारखाना था। छोटे से कस्बे में। डेविड ने अपनी मां के रास्ते जॉन तक जाना चाहा। मां और ज्यादा रिस्की थी। दस सवाल पूछने लगी। क्या जानता है तू लड़की के बारे में? पता नहीं, किदर किदर मुंह मारा होगा। कभी उसको ढंग के कपड़ों में देखा है? क्या क्या नहीं लगाती वह थोपड़े पर? मेली कलूटन। तेरे लिए गोरी लड़की ढूंढ कर लाऊंगी मैं।
डेविड की मां के सपने अलग किस्म के थे। डेविड सुंदर था। गांव में गुजर जाए, तो हर लड़की के दिल में उछल कूद मच जाए, पर डेविड को खरगोश बुला रहे थे। उसने बटनवाला से बात कर ली। और जाने क्या राज था, बटनवाला पहली ही बार में मान भी गया। डेविड ने कहा कि एक बार वह छकुली से मिलना चाहता है।
बटनवाला ने मना कर दिया, ÷÷मिलने की क्या बात है? तेरा फोटू दिखा देता हूं उसको। मेरी साइड से फाइनल है। तू डेट वगैरा निकलवा ले।''
शाम को डेविड ने कारखाने में सबको बता दिया कि वह बटनवाला की बहन से शादी करने वाला है। सब चौंक गये। किसी ने कुछ नहीं कहा था, डेविड को याद है, बस, सबकी आंखें फटी की फटी रह गयी थीं।
÷÷तू बटनवाला की बहन के साथ... नहीं रे... ऐसा नहीं हो सकता...''
÷÷कायकू नहीं हो सकता?''
÷÷अरे... तेरे सामने क्या है रे वो... तेर्को तो साले मस्त पिक्चर में जाने का मंगता..''
÷÷मेर्को नहीं करनी पिक्चर विक्चर। मेरी नक्की है उसके साथ... बटनवाला से बात हो गैली है।''
फिर किसी ने कुछ नहीं कहा। डेविड ने बटनवाला की बहन से शादी की और उसके तीसरे ही दिन बटनवाला ने उससे कहा कि कल्याण के पास कांबा में नयी कम्पनी खुली है। उसने उसकी बात वहां कर दी है। बिजली बनाती है कम्पनी। वहां चले जा। फिर भी डेविड को शिरपूर से निकलते निकलते तीन महीने लग गये। उसमें से ज्यादातर दिन अपनी मां के साथ लड़ने में बीते। फिर मां शिरपूर में ही अपने भाई के पास रहने चली गयी।
डेविड बहुत गुस्सैल, हर बात में आस्तीन ऊपर कर लेने वाला और शौकीन किस्म का था। उसे नाटकीयता बहुत पसंद थी। सादा सा गुलाब भी वह इतने ड्रामे के साथ देता था कि आप उसके ड्रामे पर मर मिटें। रजनीकांत की तरह उसे सिगरेट उछाल कर पीने में बहुत मजा आता था। बस जब तक सड़क पर खड़ी है, डेविड उसमें नहीं बैठेगा। बस चल पड़ी है, तो डेविड अपनी जगह से हिलेगा। बस रफ्तार पकड़ चुकी है, तो डेविड अपनी जगह से उठेगा। बस अब बहुत दूर हो गयी है, तो डेविड बला की तेजी के साथ दौड़ेगा और हत्था पकड़ कर बस में कूद जाएगा। वह जितनी बार दौड़ती हुई बस में चढ़ता, उतनी बार ड्राइवर को मन ही मन गाली देता साला, अपुन से पल्ली?
कमोबेश यही बात उसके काम में भी थी। शिफ्ट मैनेजर ने 11 बजे काम सौंपा है। सात बजे तक पूरा करके देना है। डेविड को काम की कोई टेंशन नहीं रहती। पांच बजे तक घूमता रहेगा। फिर एक घंटे में धड़ाधड़ सब कुछ निपटा देगा। सात बजे से पहले काम पूरा है। डेविड अपनी अदाओं पर ख्+ाुद ही मरता था। बाकी लोग उसकी आदतों का मजाक उड़ाते थे।
कॉलोनी जाने के चार महीने बाद जब वह शिरपूर लौटा, तो उसकी मां ने डिम्पा की मां का हाल पूछते हुए कहा था, मैं बोली थी न, बहुत फेमस है वो। बहुत कुछ सुना उसके बारे में मैंने। यही वास्ते तो बटनवाला एक बार में ही मान गया था। शिरपूर की इस यात्राा में डेविड का इतना ज्ञान बढ़ा था कि वह उस ज्ञान को संभाल नहीं पाया और आकर डिम्पा की मां पर उल्टी कर दी। डिम्पा की मां उसे बार बार समझाती रही कि उसके बारे में कहा बहुत जाता था, पर वह ऐसी है नहीं।
एक रात डेविड ने बहुत इमोशनल होकर डिम्पा की मां से पूछा, ÷÷सच बताना डार्लिंग, कोई था न, शिरपूर में सब बोलते हैं। कोई था, तभी तो बोलते हैं। वरना क्यों कोई बोले? मेरे बारे में तो कोई नहीं बोलता?''
÷÷साहिब... तुम मर्द हो। कुछ भी करोगे, कौन बोलेगा... पर लड़की के बारे में सब बोलते हैं। वह जैसी जगह थी, वहां जरा सा लिपस्टिक लगा लो, तो चार बात फैल जाती है। जरा सा स्लीवलेस पहन लो, तो मान लेते हैं कि आपने कुछ भी नहीं पहना है। साहिब, पढ़े लिखे हो। इतना तो समझो।''
डेविड ने फिर कहा, ÷÷बता दो। कोई तो था। प्लीज। बता दो।''
÷÷कोई नहीं था। हां, मेरी क्लास में एक लड़का था, जिसे बहुत पसंद करती थी मैं। उसके साथ रहना चाहती थी। एक बार उसका हाथ भी पकड़ा था। हम सब लोग पिक्चर देखने गये थे, तब। पर फिर कुछ भी नहीं हुआ था। वह अपने घर। मैं अपने घर। उसके बाद वह लड़का खुद ही दूर रहने लगा। शायद उसका कोई अफेयर था। बाकी किसी को देख लो, तो वह पसंद आ ही जाता है। ऐसा तो होता है। किसी को देखो, तो देखने को दिल करता है। पर ऐसे कई लोगों से तो बात भी नहीं हो पायी। शादी पार्टी में जाते थे हम लोग। तो ऐसा कुछ भी नहीं था रे। भरोसा कर।''
÷÷है रे भरोसा। पर जो सुना, वही तो पूछा है। ये मत सोचना कि तेरा साहिब तेर्पे डाउट करताहै।''
÷÷नहीं, मैं नहीं सोचती ऐसा रे। पर अच्छा नहीं लगता, जब तू ऐसे सवाल करता है।''
पर डेविड का ज्ञान धीरे धीरे बढ़ता गया। कोई बेताल था, जो पीठ पर लदा था। बेताल आपका अतीत होता है। जब तक पेड़ पर टंगा रहे, आप खुश रहते हैं। जैसे ही पीठ पर आता है, दस सवाल पूछने लगता है। आप उसके सवालों के जवाब खोजने दौड़ते हैं, दौड़ते रहते हैें। वह आपको पस्त कर देता है। राजा विक्रम पागल हो गया था उसके पीछे दौड़ते दौड़ते। डेविड राजा विक्रम की संतति था। उसकी किसी पुश्त के लहू से निकला। अपनी पीठ पर बहुत भरोसा था उसको। ताकतवर थी। बेताल पेड़ पर टंगा था। गया, उसकी पूंछ खींच ली। बेताल पेड़ छोड़ उसकी पीठ पर आ लदा।
डेविड एक खेत था। लिहाफ ओढ़ा खेत। लिहाफ तले उसने कुछ बीज बिखेर रखे थे। लिहाफ के कारण अंदर गर्मास रहती थी। लिहाफ के बाहर पानी बरसता था, तो रिस रिस कर भीतर जाता था। जैसे स्पंज के भीतर पानी जमा होता है। जैसे ककड़ी के भीतर पानी रहता ही है। ककड़ी खाओ, तो मुंह पानी से भर जाता है। लिहाफ को दबाओ, तो पानी उलचने लगता है। जब पानी के साथ गर्मास मिलती है, तो बीज का मुंह खुल जाता है। डेविड शराब पीता था, तो उसके भीतर के बीज बोलने लग जाते थे।
डिम्पा के पैदा होने के कुछ साल बाद उसकी मां ने नौकरी शुरू कर दी थी। शिरपूर के समय से ही वह टे्रण्ड नर्स थी। शिरपूर के एक अस्पताल में नौकरी करती थी, पर शादी के कारण उसे छोड़ना पड़ा था। शादी के बाद उसका बड़ा मन था कि कोई नौकरी करे। कुछ नहीं, तो पास के मांटेसरी में जाकर बच्चों को ही पढ़ा आये। डेविड को लगता था कि नौकरी के बारे में केवल तभी सोचना चाहिए, जब आपको पैसों की जरूरत हो। फिर भी कभी वह नौकरी के खिलाफ नहीं था।
डिम्पा की मां ने थोड़े हाथ पैर चलाये, तो उसे दादर के एक बड़े अस्पताल में नर्स की नौकरी मिल गयी। उसे सिर्फ एक दो बार ही जाना पड़ा था। बटनवाला ने सिर्फ एक बार बोलने पर ही डेविड के साथ उसका रिश्ता मंजूर कर लिया था। जम्बो सिर्फ आठ महीने ही डिम्पा की मां के पेट में रहा था। डॉक्टर ने बहुत दुखी होकर बताया था कि बहुत कमजोर पैदा हुआ है, समय पूरा नहीं कर पाया। कॉलोनी में उसे डिम्पा की मां के पति के रूप में जाना जाता था। डिम्पा की मां किसी भी घर में बेरोक टोक जा सकती थी। नाइटगाउन पहन कर भी। बाहर वाला कोई टोके, तो बात मजहब की हो जाती कि हमारे में तो ऐसा अलाऊड है। डेविड टोके, तो क्या साहिब, इतने भी पिछड़े मत बनो। कपड़ा तो है, पूरा बदन ढंकता है। देखो, कुछ दिख रहा है क्या? चाहे शादी हो या पार्टी, डेविड और डिम्पा की मां साथ खड़े हों और कॉलोनी के लोग आ जाएं जो वे डेविड से नमस्ते करते और फिर डिम्पा की मां से मुखातिब हो जाते। कोई घर आता, तो हॉल में बैठ कर डेविड से सबसे पहले यही पूछता, काय भाऊ? वहिणी कुठे? और जब वहिणी आकर हॉल में बैठ जाती, तो भाऊ की कोई बखत ही नहीं। जो आता, वो डिम्पा की मां से ऐसे बात करता, जैसे एक दो जन्मों की पहचान हो। कॉलोनी के गेट से बाहर निकलो, तो ऑटो वाले तैयार, डिम्पा की मां को बिठाने के लिए। आओ आओ भाभी। अच्छा, तो आज भाई साहब भी साथ में ही जायेंगे। भाभी भी बोले, हां न? क्यों, नहीं जा सकते क्या? बिरला गेट पहुंचो, तो भाजी वाले पहले ही बोलने लग जाएं ᄉ भाभी, आज करेला मस्त...अ...आएला है। ले के जाओ। केले वाला दूर से ही आवाज लगाने लगे। साला, कई बार तो देखा है कि नईम केलेवाला पैसे ही लेने से मना कर देवे। आनंद कट पीस सेण्टर में घुसो, तो काउंटर वाला तीन बार मुस्कराये देख कर। बोले सिन्धी मेंᄉ अचो सैहब, अचो। वंज, स्टूल खणी अच। बैठो भाभी। और भाभी भी पूछ लेवेᄉ क्या जी, कैसी है थाईज अभी? अभी जास्ती तो नहीं दुखता ना? अब आनंद वाले की थाईज का दर्द इसको कहां से मालूम पड़ गया? आनंद वाला बोलेᄉ इधर तो दिखा नईं सकता, पन दर्द तो कम हैं आप अच्छा दवा बताया था।
डिम्पा की मां से हर कोई बात करता है, डेविड से कोई नहीं करता। ऐसे ही थोड़े कोई औरत इत्ती फेमस हो जाती है?
ये सारे बीज खेत में बिखरे हुए थे। एक एक बीज अलग अलग, सोने के दाने की तरह। हर बीज का खेत के साथ एक अलग रिश्ता होता है। उसे बीज और खेत के सिवा कोई नहीं जान सकता। ऊपर से देखने में ऐसा लगता है कि हर बीज का खेत के साथ एक जैसा जुड़ाव है।
डेविड के दिमाग में घूमता रहता था एक एक बीज। एक एक वाकया। वह रस्ते भर डिम्पा की मां को छेड़ता रहता ᄉ ÷÷क्या मैडम? बहुत चलती है आपकी तो? लीडर बन जाने का।''
और डिम्पा की मां खुश हो जाती। उसे लगता कि उसके पीआर ने आज फिर उसके पति को प्रभावित कर दिया है। वह और जोश से अपने पीआर को खाद पानी देती। डेविड को लगता, यह औरत बहुत बड़ी बेशर्म है। अब और चिढ़ा रही है। डिम्पा की मां डेविड के सामने नईम केलेवाले से दो मिनट और ज्यादा बात करती। बताती ᄉ ये मेरे मिस्टर हैं। नईम केलेवाला नमस्ते बोल कर फिर डिम्पा की मां की सेवा में लग जाता। आनंद वाला बोलताᄉ अरे, बहुत हैण्डसम हैं आपके मिस्टर। और डिम्पा की मां एक ऐंठ से भर जाती। डेविड को लगता ᄉ साला, दुनिया मानती है कि मैं इससे जास्ती हैण्डसम है, यही नहीं मानती। फिर भी दस लोगों के मुंह लगती रहती है।
डिम्पा की मां बोलती ᄉ ÷÷साहिब, तेर्को मेर्पे बहुत डौट होता रहेंगा न?''
साहिब बोलता ᄉ ÷÷कायका डौट रे? ठीक है न।?''
÷÷फिर कायको मेर्को ऐसा बोलता?''
डेविड मौन में चला जाता। एक ऐसी ढाल, जो तलवार टूट जाने के बाद काम में आती है।
शाम होने के बाद डेविड के मुंह से शराब की बास आने लगती थी। पहले वह घर में ही बैठ कर पीता था, अब बाहर पीता है। शराब की बास से डिम्पा की मां का सिरदर्द होने लगता है। डेविड सोचता है, बाहर से पीकर आयेगा, तो घर आते आते आधा बास तो वैसे ही मर जायेगा।
उसने कई लोगों से सुना है कि डॉक्टर और नर्स के बीच खतरनाक रिश्ता होता है। कोई भी डॉक्टर अपनी नर्स को नहीं छोड़ता। उसने कई लोगों से सुना है कि कैसे सब्जी वाले घर के भीतर घुसते हैं और फिर घर बना कर रहने लग जाते हैं। कैसे लाइट फिटिंग करने वाले एक बार घर में आकर मरम्मत कर जाते हैं और कैसे उस घर की लाइट बार बार खराब होने लगती है। उसे उल्हासनगर की सिन्धी औरतें याद आ गयीं, जो पूरी दोपहर बॉलकनी में खड़ी रहती हैं। बाबू सम्पत ने बताया, तो उसको यकीन नहीं आया था ᄉ इन सबके मरद बिजनेस में जास्ती लगे रहते हैं, घर में कम ध्यान देते हैं। तो बेचारी दिन भर बालकनी में खड़ी रहती हैं और कोई जास्ती देर तक इनको टापे, तो घर में बुला लेती हैं। एक बार जाओ, तो बार बार जाने को मिलता है।
उसे बाबू सम्पत याद आने लगा। उससे छोटा है। ऑर्डर पर एसी ठीक करने जाता है। क्या एक से एक किस्से सुनाता है। विश्वास ही नहीं होता। कैसे एसी ठीक करने के बाद उसी घर में मजे करता है। बोला है, मेर्को ऑफिस में फोन आता है कि कल दोपहर को मेरा एसी खराब हो जाएंगा, आने का ठीक करने को। मेर्को क्या, मैं भी एडे्रस नोट कर लेता है। जाएंगा न, फुक्कट में मिलता है, कायको छोड़ने का? घिस थोड़े ई जाएंगा मेरा।
डेविड शराब पीता है और बाबू सम्पत की बातों पर सोचता है। डेविड शराब पीता है और नईम केलेवाले के बारे में सोचता है। डेविड शराब पीता है और डिम्पा की मां के बारे में सोचता है।
डिम्म्पा की मां सिर्फ छह महीने नौकरी कर पायी। छोड़ कर घर बैठना पड़ा। अस्पताल में बताने तक नहीं जा पायी कि क्या हो गया है और क्यों उसे नौकरी छोड़नी पड़ रही है। उसने डिम्पा को डॉ. कस्बेकर का फोन नम्बर दिया और कहा उनको बता देना, मैं दस पंद्रह दिन की छुट्टी पर हूं। जास्ती मत बोलना, सिर्फ इतना ही।
लम्बे समय के बाद उसके जीवन में ऐसी दोपहर आयी थी। जब से वह जॉब करने लगी थी, उसकी दोपहर घर में नहीं होती थी। अस्पताल में ड्यूटी पालियों में होती थी, लेकिन उसे एक घंटे टे्रन का सफर करना होता है और घर में छोटा बच्चा है, यह कह कर उसने मोहलत ले ली थी कि वह सिर्फ दिन में ही काम कर पायेगी। संडे के दिन घर में रहती थी। डिम्पा के बाप से ज्यादातर शाम या सुबह ही मुलाकात हो पाती थी। बहुत दिनों से वह कुछ नहीं बोल रहा था, पर एक दिन डिम्पा के बाप ने सुबह उसे लोकल नहीं पकड़ने दी।
वह नाइट शिफ्ट पर था और सुबह सात बजे घर पहुंचा, तो डिम्पा की मां तैयार हो रही थी। जब से वह नौकरी करने लगी थी, डेविड ज्यादातर नाइट शि¬फ्ट पर ही रहता था। दिन में डिम्पा की देखभाल करता था। डिम्पा की मां के नौकरी पर जाने से डेविड ने बहुत खुशी जतायी थी। उसे लगा था कि यह ज्यादा समय बाहर रहेगी, तो इसके बारे में बातें नहीं फैलेंगी। तब कॉलोनी के लोगों से इसका मिलना जुलना भी कम हो जायेगा। प्यार के नाजुक लम्हों में, जब उसकी आंखों की कोरें गीली होती थीं, वह कई बार डिम्पा की मां को समझा चुका है कि कॉलोनी में उल्टी सीधी बातें चलती ही रहती हैं। हर किसी के बारे में कुछ न कुछ बोला जाता है। एक बार वह सावंत की लड़कियों के बारे में कहने लगा। अभी उमर ही क्या है उनकी? कैसी कैसी बातें कही जाती हैं उनके बारे में? बड़ी वाली को तो कई लोगों ने बैठी चॉल के पीछे लड़कों के साथ देखा हैᄉ अजीब हालत में। उसकी मां के बारे में भी सुना है न कि दीनानाथ काम्बले के साथ चिपकी रहती है। बेचारा विजू सावंत, आईचा नंदी बैल है। पीछे बीवी तो गुल खिलायेगी ही।
÷÷हां, करमरकर की बीवी के बारे में भी ऐसा ही बोलते हैं सब लोग।''
÷÷पता नहीं, तुझसे मिलने आती है वो तो।''
÷÷नहीं, लोग बोलते हैं कि वो तुमसे मिलने आती है, साहिब।''
÷÷क्या बोलना चाहती है तू कि मैं उसको लेकर घूमता हूं?''
÷÷मैंने तो ऐसा नहीं कहा, लोग बोल रहे थे, तो तुमको बता दिया। मुझे सलाह दे रही थीं कुछ बुजुर्ग औरतें कि करमरकर की बीवी को ज्यादा घर में मत आने दिया करो। वह मर्दों को फांस लेती है।''
÷÷और तूने सलाह नहीं मानी?''
÷÷मैं क्या बोलती?''
÷÷मुझे भी बहुत सारे बुजुर्ग सलाह देते हैं कि डिम्पा की मां सबके साथ हंस हंस कर बातें करती है, श्री.पु. जोशी के साथ घंटे घंटे लाइट के खम्भे के नीचे खड़ी रहती है। उसको पता होता है कि आनंद कटपीस सेण्टर वाले की जांघ में चोट लगी है। पता नहीं कब देख ली उसने उसकी जांघ? नईम उससे पैसे नहीं लेता। भाजी मार्केट में वह लड़कों को देखती रहती है केवल। मैं क्या बोलूं उनको?''
÷÷मुझे नहीं पता, मेरे बारे में ऐसा बोलते हैं। मैं तो सबसे ही बात करती हूं। जो मिल जाता है, उससे। आनंद वाले को चोट लगी थी, तो उसको एक दवा बता दी थी मैंने। बस। मेरा नेचर ही ऐसा है, मैं सबसे मिलती हूं। बात करती हूं। वे लोग भी मुझसे बात करते हैं। पर इसका मतलब यह तो नहीं कि मैं खराब औरत हूं।''
÷÷हां, तो मैं भी यही सोचता हूं, पर लोगों का मुंह बंद करते बैठने से तो अच्छा है कि अपन अपने नेचर को बदल डालें। किसी को बोलने का मौका ही नहीं देने का।''
उनमें देर तक बात होती रही। कई दिनों बाद डिम्पा की मां को ऐसा लग रहा था कि साहिब सच में बहुत समझदार है। वह बात को गम्भीरता से लेने लगा है। शक ऐसी बीमारी है, जिसके बारे में बात करना भी अब अच्छा नही लगता। इसे बातचीत और आपसी समझ विश्वास से ही दूर किया जाता है, साहिब यह बात समझ ले, तो अच्छा होगा। साहिब मुझ पर इतना शक करता है, लेकिन इसके बारे में क्या कम बोला जाता है। अभी उसी दिन जोशी भाई साहब बोल रहे थे कि डेविड को समझाओ जरा, वह काम पर बिल्कुल ध्यान नहीं दे रहा। उसका मन कहीं और लगा हुआ है। शराब भी बहुत ज्यादा पीने लगा है। काम पर भी पीकर ही आता है। यूनियन है, जिसके कारण कोई कुछ नहीं कर रहा, वरना किसी दिन मुश्किल हो जाएगी। करमकर की बीवी जब घर में आती है, तो उसी को देखता रहता है। उसके आगे पीछे घूमता रहता है। एक बार करमकर की बीवी घर में आयी। लो कट गले का सूट पहन रखा था। कैसे उचक उचक कर उसके गले में देख रहा था मैंने टोका भी थाᄉ काय हो? खरगोश खोज रहे हो क्या? कैसे सकपका गया था। इधर उधर देखने लगा था।
साहिब को लग रहा था कि डिम्पा की मां सब कुछ समझती है। उसको पता है कि उसका स्वभाव ही ऐसा है, जिसके कारण चार लोगों को शक होता है। अगर डिम्पा की मां उसकी बातों का अर्थ समझ ले, तो दिक्कत ही नहीं होगी। वह क्यों फिजूल में लोगों से बातें करती रहती है, लोगों को बातें बनाने का मौका देती है। जोशी के साथ खम्भे के नीचे खड़ी थी, तो कई लोग अपनी बाल्कनी में खड़े होकर देख रहे थे दोनों को। कैसे हंस हंस कर बात कर रही थी। बीच बीच में ताली मार रही थी उसके हाथ पर। बिरला गेट पर भी इसके बारे में कुछ न कुछ बोला ही जाता है।
पर उस दिन डिम्पा के बाप ने उसे ऑफिस ही नहीं जाने दिया। उस दिन हल्की सी ठंड थी। धूप थोड़ी देर से आयी थी। डिम्पा की मां बरामदे में गीले कपड़े डाल रही थी। चिड़ियां खूब बोल रही थीं। वह डिम्पा को बुला कर चिड़ियों को शोर करता दिखा रही थी। कभी एक चिड़ियां उड़ कर कुर्सी के पास आ जाती, तो अचानक कई सारी चिड़ियां उड़ कर ऊपर की ओर जातीं। डिम्पा उन्हें देख चिल्ला रहा था ᄉ चिऊताई... चिऊताई... ये माइया घरात... चिऊताई... चिऊताई... ये तुला मी तांदूला देईन...
तभी धड़धड़ाता हुआ डेविड आया। आते ही सनक गया।
तू दिन में खाना कहां खाती है?
अस्पताल में। डब्बा लेकर जाती हूं न मैं।
अस्पताल में किसके साथ?
अरे, स्टाफ रहता है साथ में। कैण्टीन है
नहीं, कस्बेकर के साथ खाती है तू।
वो तो एक ही दिन खाया था। उसका डब्बा नहीं आया था घर से, इसलिए मैंने पूछ लिया कि खाओगे क्या? बोला हां, तो उधर ही बैठ कर खा लिया।
एक ही दिन? रोज खाती है तू उसके साथ। तेर्को क्या लगता है, मेर्को कुछ भी मालूम नहीं पड़ेगा क्या?
और उसके बाद दोनों में फिर हो गयी। ऐसे माहौल में संवादों को कोई महत्व नहीं होता। किसी भी भाषा में कहे जाएं, सबका असर एक सा पड़ता दिखता है। दोनों की जुबान लाल मिर्च की नोंक जैसी हो जाती थी। उस दिन जो लड़ाई हुई कि बाप रे बाप! अक्खी कॉलोनी सहम गयी॥ उनके घर की दीवारें उड़ गयीं। दरवाजे टूट कर बिखर गये। दीवार पर लगा पलस्तर पपड़ियों में तब्दील होकर फर्श पर झरने लगा। पहले चूना फैला, फिर मिट्टी और उसके बाद बहुत तेज हवा आयी, जिसमें पहले उनकी छत उड़ी, फिर फर्श पर पड़ी मिट्टी और उसके बाद पूरी फर्श ही उड़ गयी। वह जमीन इतनी बेतरतीब और नालायक लग रही थी कि वहां अरसे से कुछ रहा ही न हो। लादियों पर बने गुलाबी फूल सूख गये। एक एक पंखुड़ी बह कर पूरी कॉलोनी में फैल गयी। खिड़कियों के पल्ले पहले जोर से टकराये, फिर ऐसे लड़े, जैसे किसी ने पीछे से गरदन पकड़ उन्हें भिड़ा दिया हो। फिर अचानक खिड़की उछल कर दूर जा गिरी। दरवाजे खौफ में दीवारों और चौखटों का साथ छोड़ भागे। चार आठ दीवारों के पीछे जो कुछ बंद था, दीवारों के हट जाने के कारण एक अजीब सी नंगई में आ गया।
जैसे पानी के फव्वारे उछलते हैं और आसमान को छूने की जिद करते हैं, गालियां निकल रही थीं और आसमान की ओर फूहड़ तरीके से दौड़ रही थीं। हर गाली, पिछली से आगे निकलने की गलाकाट होड़ में थी।
एक बार फिर डिम्पा की मां पस्त हाकर जमीन पर पड़ी थी। डेविड के हाथ में कैंची थी। वह उसे डिम्पा की मां की आंख में भोंक देना चाहता था। उसके पेट में डाल देना चाहता था। उससे उसके शरीर के खास अंगों को चीर कर दो फांक कर देना चाहता था। डिम्पा की मां बार बार बच रही थी। डेविड ने उसके कमर तक लहराते बालों के बीच कैंची खुभो दी और झटके से बाहर खींची। एक बड़ा से गुच्छा जमीन पर बिखर गया। डेविड की कैंची चलती रही। जमीन बालों से पट गयी। डिम्पा की मां के बाल कट गये। इतने छोटे कि वह खुद भी आईने में अपना चेहरा देखे, तो न पहचान पाये। कहीं से छोटे, कहीं से बड़े। कहीं सिर की चमड़ी झलकती, तो कहीं कानों तक लटकती लट झूल रही होती। जैसे तूफान के बाद दांतों में धूल का आभास होता है, आंखों में किरकिर कुछ बजता रहता है, कानों की लौ मिट्टी में सराबोर होती है, और उंगलियां आपस में रगड़ो, तो कणों की खरखराहट रूह को खरोंच जाती है, वैसे ही डिम्पा की मां के पूरे शरीर में होने लगा। उसे लगा, वह बाल झड़े खजुआ कुत्ते की तरह हो गयी है, जिसके शरीर के बचे खुचे बाल दूसरे कुत्तों के साथ लड़ाई के कारण जगह जगह से नुंच गये हैं। उसके पीछे से जख्म झांक रहे हैं और उन पर मक्खियों ने बुरी तरह हमला कर दिया है। उसके शरीर में इतनी भी ताकत नहीं बची कि अपनी पूंछ हिला कर वह मक्खियों को भगा सके।
उस घर में दीवारें नहीं बची थीं। दरवाजे, खिड़कियां नहीं बचे थे। छत और फर्श भी नहीं थी। सोफे, पलंग, मटके, टेबल, गिलास और थाली की आड़ में ही जाना था। डिम्पा की मां उठ नहीं पा रही थी। उसने महसूस किया, उसका पेटीकोट गीला हो चुका था। गीलेपन ने उसके दर्द को और बढ़ा दिया। उसे लगा, न केवल दीवारें, दरवाजे बल्कि उसके शरीर का हर कपड़ा उड़ कर दूर जा गिरा है। पूरी कॉलोनी उसी को घूर घूर कर देखे जा रही है। वह अपने कटे हुए बालों की आड़ लेकर छुपने की कोशिश करने लगी। वह घुटने दबा कर अपना जिस्म मोड़ रही थी, जैसे गोल कर सिर और घुटने ेक बीच सरका देगी। उसका पूरा शरीर कांप रहा था। बचपन में उसने एक मरती हुई गौरैया पर मग्गे से पानी डाल दिया था। वह ऐसे ही कांप रही थी उस वक्त। गौरैया की आंख से चींटियों की पूरी कतार बाहर निकल रही थी। सबकी आंखों में चींटियां रहती हैं। जब वे गीले होकर मर जाते हैं, चींटियां उनकी आंखों से निकल कर चली जाती हैं, किन्हीं और आंखों की तलाश में। डिम्पा की मां की आंखों में खुजली होने लगी। उसे जमीन पर कतार बांध कर चलती चींटियां साफ दिख रही थीं।
डेविड की कैंची दूर छिटकी पड़ी थी। वह आसपास कहीं नहीं था। डिम्पा की मां के नथुनों में उसकी बदबू बसी हुई थी। दरवाजे पर जहां तोरण टंगे हुए थे, वे वहां नहीं थे। वहां गालियां किसी धागे में गूंथ कर टंगी हुई थीं। डेविड ने सिलबट्टे के बीच रख कर डिम्पा की मां को पीस दिया था। उससे जो रस निकला था, उसकी अल्पना बना कर उसने द्वार की सजावट की थी। जो रस बच गया था, उसे कॉलोनी की तरफ उलीच दिया था।
पीछे दूसरे कमरे के दरवाजे के पास खड़ा डिम्पा रो रहा था। वह बुरी तरह डरा हुआ था। वह किसी श्मशान में पड़ी थी। आसपास दुखी पिशाचिनियों की सिसकियां थीं बस, जो कानों तक आने से पहले मद्धम हो जाती थीं।
डिम्पा की मां ने एक सपना देखा था। कोई लड़का है, जो पेट के बल लेटा है। उसके हाथों में एक किताब है। मगरमच्छ की तरह लेटा वह अपने कंधे उठाये है। कोहनियों के बल पर टिका है। किताब में आंखें धंसाये है। उसका पेट निकला हुआ नहीं है। उसका रंग क्या है, उसे याद नहीं। उसने क्या पहन रखा है, यह भी उसकी नींद में खो गया। उसने उस लड़के से कोई बात की थी, वह लड़का पलटा था और उठ कर उसकी ओर आया था। उसने क्या कहा था, शब्द नींद की किसी अबोध करवट में दब गये थे। वह उठी थी, तो उसे अपने बिस्तर पर पिसे हुए शब्द और एक आकृति मिली थी, जिसे लाख कोशिश के बाद भी वह पहचान नहीं पायी थी।
जब वह उठी, तो उसके शरीर को किसी ने आटे की तरह गूंद दिया था। वह कितनी सदियों से सो रही है। उसे बिलकुल भान नहीं कि इस बीच दुनिया में क्या हो गया है। नींद में ही उसने खुद को कई हिस्सों में बांट दिया। उसमें से एक हिस्सा निकला और उसने दरवाजे की शक्ल ले ली। और जाकर एक ओर खड़ा हो गया। एक और अंग निकला, खिड़की बन गया। उसने अपने बदन से खाल उतारी और जमीन पर बिछा दी। फिर देर तक रोती रही, आंसुओं को लकड़ी की एक कलम में भर कर अपनी खाल पर चित्रा बनाने लगी। उस चित्रा में एक फूल था, कुछ पत्तियां, दूर कुछ पहाड़ियां थीं और उनके पीछे से निकल रहा सूरज था। सूरज के मुंह पर चिड़ियां उड़ रही थीं। उसने जमीन पर पड़े बालों को बुहारा और उनमें से कुछ बाल लेकर चिड़ियों के इर्दगिर्द रख दिया। चिड़ियों को काले पंख मिल गये थे। अब वे उड़ रही थीं। उड़ते उड़ते उन्होंने आवाज नहीं की। डिम्पा की मां ने उनसे आवाज न करने की गुजारिश की थी। उस चित्रा में उसने एक गुड़िया के बाल उसकी कमर से नीचे तक जाते थे। किनारे पर एक बिल्ली बनाई और गुड़िया बनायी और अपने नुचे हुए बालों को उसके सिर पर लगाया। इस तरह गुड़िया बहुत सुंदर बन गयी। गुड़िया के बालों से रबर निकाल कर बिल्ली के नाखून घिस दिये। फिर अपने छः बाल उठा कर बिल्ली के मुंह के दोनों ओर रख दिये। बिल्ली को मूंह मिल गयी थी। उसकी मूंछ खूंखार शेर से बड़ी थी, लेकिन उसके पास नाखून नहीं थे। इस तरह उसने अपनी खाल से फर्श बनायी। फिर उसने अपने हाथों को काट कर अलग कर दिया। उन्हें किसी रोल की तरह खोलने लगी। उसे दीवारें भी बनानी थीं। इस वक्त वह बिन दरवाजे, दीवारों, खिड़कियों के मकान में थी, जिसके ऊपर छत तक नहीं थी और फर्श भी नहीं। उसने अपने टुकड़े टुकड़े करके घर को पूरा बनाया। वही दीवार थी, दरवाजा भी वही।
फिर उसने अपनी आंखों को निकाल कर दीवार पर दे मारा। उससे एक आईना बन गया। उसने आईने में खुद को देखा। सामने डिम्पा की काली मां खड़ी थी, जिसका रंग कुछ समय पहले तक सफेद था। उसका साहिब बहुत बड़ा रंगरेज है। उसे अपनी मर्जी का रंग पहना देता है। आईने में जो सामने खड़ी थी, उसने कोई सपना नहीं देखा था।
जब वह छोटी थी, तब से उस युवक का सपना देखती थी। जब उसकी शादी हो गयी, तो उसे वह सपना आना बंद हो गया। शादी के बाद एक बार उसने डेविड को बताया था कि मुझे वह सपना हमेशा आता था, लेकिन अब नहीं आता। डेविड ने मुस्कुराते हुए कहा था कि वह लड़का अब सपने से निकल कर उसके जीवन में आ गया है, उसकी तलाश पूरी हो गयी है, तो फिर भला वह सपने में क्यों आने लगा? डिम्पा की मां ने कभी इस तरह से सोचा भी नहीं था। सपने का रहस्य बहुत अलग तरह से उसे समझ में आया। क्या वह कोई परी थी, जिसे सपने में आकर दिखाया जा रहा था कि दुनिया में कोई है, जो तेरा इंतजार कर रहा है? कोई है, जो उठ कर तेरे पास तक आयेगा, और तुझसे खूब प्यार करेगा। कि उसके बाद तुझे किसी चीज की जरूरत नहीं होगी।
डेविड ने कहा, तू उस लड़के के पास नहीं गयी थी, वह लड़का तेरे पास आया था। मैं आया था न तेरे पास, तेरे भाई के जरिए। तुझसे हाथ मांगा न मैंने? अगर तू मेरे लिए नहीं बनी होती, तो भला एक बार में ही क्यों मान जाता तेरा भाई? ऊपर वाला जोड़ी ऐसे ही बनाता है। कोई सोच सकता है कि मैं इतना हैण्डसम, तू...मतलब...उतनी नहीं, फिर भी तुरंत हो गयी शादी। इसी को बोलते हैं कि जोड़ी यहां नहीं, वहां से बनके आती है।
और दोनों इस बात से इतना भावुक हुए थे कि आने वाले संडे को दोनों हाथ में कैण्डल लेकर कल्याण के सेंट जोसेफ चर्च गये थे, जीसस का शुक्रिया अदा करने। वहां एक तस्वीर में मैरी जीसस को गोद में लेकर खड़ी है। मैरी के चेहरे पर मातृत्व की प्रसन्नता है। पर ध्यान से देखो, तो ऐसा भी लगता है कि मैरी अभी बिलखने लगेगी। कोई कैसे एक ही वक्त में खुश भी हो सकता है और दुखी भी, मैरी बता रही थी। डिम्पा की मां ने मैरी की गोद देख कर अपने बारे में उससे कुछ कहा था।
जो रिश्ता ऊपर वाले ने बनाया था, जिसके कारण एक ही बार में बटनवाला ने हां कर दी थी, वह रिश्ता आज इतना नापाक हो गया था कि डेविड कह रहा थाᄉ तेरा तेरे भाई के साथ ही चक्कर था। वह तुझे किसी के मत्थे करना चाहता था और वो मैं निकला। तभी एक बार में ही मान गया था वो। तूने आठवें महीने में ही बेटा जन दिया था और उसे लेकर भी गया तेरा भाई। भांजे को नहीं, अपने पाप को लेने आया था वो।
डिम्पा की मां कागज की तरह हो गयी थी। डेविड की कैंची उसके पेट से आरपार निकल गयी। वह चिन्दियों में तब्दील हो गयी। उसने अपना सिर झटका और वापस पलंग पर ढह गयी। पता नहीं, कितनी देर तक वह वैसे ही पड़ी रही। घर में कोई नहीं था। डेविड तब का गया है, डिम्पा को दीनानाथ काम्बले की वाइफ ले गयी। वह चाहती भी थी कि कम से कम डिम्पा यहां न रहे। वह चाहती थी कि कोई भी न रहे। उसके घर में हर कोई देख रहा है। उसका घर एक स्टेज में तब्दील हो गया है, ऊंचाई पर है। चारों ओर लोग गोल बना कर खड़े हैं। उसे नंगा देख रहे हैं। कागज की नाव और हवाई जहाज बना कर उसकी ओर उछाल रहे हैं।
बाहर अंधेरा हो गया था। उसने घर के भीतर कोई बत्ती नहीं जलायी है, फिर भी रोशनी बहुत है। उसने देखा, उसी के शरीर से निकल रही है रोशनी। पूरी कायनात को उसका शरीर रोशनी दे रहा है। क्या बिसात है उसकी, एक बुझा हुआ दिया तो है, पर रोशनी फेंकता हुआ बुझा हुआ दिया, जिसे किसी ने लहू से जलाया है।
वह उठी। आईने के सामने गयी। खुद को देखा नहीं जा रहा। कितनी बेढब लग रही है। जिन बालों पर परफ्यूम छिड़क कर डेविड सूंघा करता था, उन बालों को कैसे काट डाला उसने? एक लट अभी भी साबुत बची थी। डिम्पा की मां ने माप कर देखा, वह हिप्स के बीच गटरलाइन तक जाती थी। उसके सारे बाल वहां तक पहुंचते थे। सब उससे लम्बे बाल का राज पूछते थे। बटनवाला उससे जब लड़ता था, धमकी देता था कि तेरे बाल काट दूंगा। जब वह छोटी थी, तो एक बार बटनवाला ने कैंची दिखाते हुए कहा था, आज तू सोयी और मैंने तेरे बाल काटे। डिम्पा की मां सो ही नहीं पायी थी। उसने सारे बालों को इकट्ठा कर गोल बना दिया था और उसे स्कार्फ में समेट लिया था। बार बार आंखें खोल कर देखती कि जॉन कहीं आ तो नहीं गया कैंची लेकर? कई रातें उसने बालों के कट जाने के खौफ में बितायी थीं। बटनवाला उसे देख कर हंसता रहता। बार बार कैंची की याद दिलाता। एक दिन बटनवाला उसके लिए दो लीटर का शैम्पू का पैक लेकर आया। एक बार बीयर की दो बोतल देकर गया और बोला, इससे शैम्पू से भी अच्छे धुलते हैं बाल। एक बार उसके लिए रोलर कैंची, ड्रायर और अलग अलग रंगों के कई रबर बैण्ड देकर गया। तब डिम्पा की मां का खौफ थोड़ा कम होना शुरू हुआ। उसने काफी समय बाद बीयर का इस्तेमाल किया, क्योंकि उसे डर लगा था कि यह कोई दवा है, जिसे लगाया, तो बाल साफ होजाएंगे।
उसने लम्बी बची उस इकलौटी लट को गोल किया और एक स्कार्फ में समेट लिया। स्कार्फ सिर के चारों ओर लिपटा हुआ था। वह किसी नन की तरह लग रही थी। नन के चेहरे पर हमेशा अवसाद की लकीरें होती हैं। अवसाद गाम्भीर्य देता है। वह बताता है कि लौकिकता से अब इन चेहरों का कोई लेना देना नहीं। यह अवसाद ही इन्हें दूसरी दुनिया में ले जाएगा। डिम्पा की मां ने मन ही मन अवसाद के लिए प्रार्थना की। उसने अपना चेहरा पकड़ा और निचोड़ दिया। जो पानी निकला, उसे एक तश्तरी में रख दिया। धीरे धीरे यह पानी नमक के एक पहाड़ में बदल जाएगा। उसने अपने जीवन का नमक वहां रख दिया है।
स्कार्फ पहन कर वह बरामदे में गयी। चारों ओर अंधेरा था। आज तो कोई स्ट्रीट लाइट भी नहीं जल रही। उसे नीचे कुछ भी नहीं दिखा। उसने चालीस वाट वाला बल्ब जलाया। नीचे सारे बाल बिखरे हुए थे। सब मर गये थे। किसी ने उठ कर यह नहीं कहाᄉ उठाओ हमें, अपने सिर में रोप लो। ऐसे रोपो कि कोई कैंची कामयाब न हो पाये। उसने झाडू उठायी और सबको एक झटके में बुहार दिया। वह जल्दी जल्दी यह मंजर साफ कर देना चाहती है। इस तरह कि एक बाल भी न हो। दुनिया मुझे ढूंढे मगर मेरा निशां कोई न हो।
डेविड और डिम्पा की मां में इससे पहले भी कई बार झगड़े हुए थे, लेकिन इस झगड़े ने गहरा असर छोड़ा था। सबसे बड़ा असर उनके बेडरूम में पड़ा था। इससे पहले भी कई बार झगड़े हुए थे, लेकिन दोनों कभी अलग नहीं सोये थे। पलंग एक ही रहता था। वे लड़ते, झगड़ते, एक दूसरे का खून पीने को उतारू रहते, पर रात गहराती और जब आंखें बगावत करने लगतीं, तो एक ही बिस्तर पर धंसते थे। और नींद की ही किसी अनजानी करवट में कब वे दोनों एक दूसरे से चिपके होते, दोनों को नहीं पता चलता। वे मानते थे कि नींद में वे एक दूसरे के करीब हो जाते हैं। डेविड फिर कहता, देखा न, एक दूसरे के लिए ही बने हैं हम। तू जागते में कितना भी लड़, नींद तो निर्दोष होती है। उसमें हम क्यों करीब आ जाते हैं फिर? वे एक थाली में नहीं खाते थे, एक ही बाथरूम में एक साथ नहीं जाते थे, पर एक साथ न होकर भी एक दूसरे का साथ महसूस करते थे।
इस झगड़े के बाद डिम्पा की मां ने दो पलंगों को जोड़ कर बनाये गये डबल बेड को अलग अलग कर दिया। बीच में चार फुट का गैप। निर्दोष नींद न पाट सके, इतना गैप। अब कोई जाग कर ही इतनी दूर आ सकता है और किसी की जाग में जब इतना जहर भर गया हो, तो नींद भी निर्दोष कहां रह जाती है?
डिम्पा की मां ने घर के भीतर ही बंटवारा कर दिया था। अगर कोई एक चीज दोनों की साथ थी, तो वह था साथ में खाना पकना। पूरे परिवार के लिए डिम्पा की मां ही खाना बनाती थी। बाद के दिनों में जब जम्बो उनके साथ रहने आ गया था, तब खाना बनाने और घर को साफ करने की जिम्मेदारी उस पर आ गयी थी, पर उसमें बहुत समय था। डिम्पा की मां के सिर पर हमेशा स्कार्फ बंधा रहता था। काले रंग के बदन पर टंगे काले चेहरे के ऊपर काले नुचे बालों को छिपाता हुआ काला स्कार्फ। उस स्कार्फ के साथ ही वह बाथरूम में घुसती थी, उसी स्कार्फ के साथ ही वह बाहर निकलती थी। डेविड चाह कर भी नहीं देख पाया कि उस स्कार्फ के नीचे क्या था। दोनों में बातचीत तो वैसे भी होती नहीं थी, सिर्फ इशारों में ही होता था। डिम्पा पुल था। डिम्पा, जाकर बाप को बोल दे, उसका खाना थाली में लगा पड़ा है, किचन से जाकर उठा लेवे। और डिम्पा की मां अपनी थाली लेकर बेडरूम में चली जाती थी। पहली पलंग से चार फुट दूर रखी दूसरी पलंग पर बैठ कर खाती थी। एक बार डेविड ने चार फुट पहले रखी पहली पलंग पर बैठ कर खाने की कोशिश की, तो डिम्पा की मां अपनी थाली लेकर बरामदे में चली गयी। डेविड थाली लेकर वहां भी चला आया, तो डिम्पा की मां ने थाली उठा कर कौओं के सामने फेंक दी। उसने आलमारी से अपने कपड़े भी अलग कर दिये थे। पहले डेविड बाथरूम में घुसता था, तो उसे वहां अपनी अंडरवियर, तौलिया टंगे हुए मिलते थे। वह अपनी गीली अंडरवियर बाथरूम के फर्श पर ही पड़ी छोड़ कर चला जाता थाकि उसके जाने के बाद डिम्पा की मां उसे उठा लेगी और धोकर बरामदे में सूखने को टांग देगी। उस दिन ऐसा हुआ कि डेविड नहाने के लिए बाथरूम में घुसा, पर उसके पास तौलिया नहीं था, अंडरवियर भी नहीं। उसने ध्यान नहीं दिया। जाने की जल्दी में फटाफट पानी डाला और अंडरवियर गीली लेकर साइड में गिरा दी। तब उसका ध्यान गया कि कल की अण्डरवियर अभी तक वहीं गिरी पड़ी है। उसे उस दिन बिना अंडरवियर पहने ऑफिस जाना पड़ा। एक दिन उसके पेट में बहुत दर्द हुआ और वह दर्द से चिल्लाता रहा। पर डिम्पा की मां अपनी जगह से नहीं उठी, तो नहीं उठी। चार फुट दूर रखी अपनी पलंग पर बाइबल पढ़ती बैठी रही। डेविड में हिम्मत नहीं हो रही थी कि वह उठ कर किचन तक जाए और वहां आलमारी में रखी अपनी दवा ले आये। उसने डिम्पा को आवाज दी। डिम्पा के लिए वह आलमारी ऊंची थी। उसने स्टूल लगा कर वहां तक पहुंचने की कोशिश की, पर दवा क्या उतार पाता, खुद ही गिर गया। उसकी पें पें ने डेविड के पेट का दर्द और बढ़ा दिया। वह उठ कर गया। डिम्पा की ठुड्डी फट गयी थी। उसको स्कूटर पर बिठा डॉक्टर के पास ले गया। तीन टांके आये डिम्पा को। वहीं से डेविड ने अपने लिए भी दवा ली और घर आया। देखा, डिम्पा की मां बिल्कुल नया गाउन पहन कर बरामदे में खड़ी थी। वह गाउन डेविड खरीद कर लाया था और डिम्पा की मां ने कहा था वह गाउन अपनी शादी की सालगिरह पे पहनेगी। डेविड को बहुत बुरा लगा। डिम्पा मां को बाहर खड़ा देख रोने लगा। जाकर अपना टांका दिखाने लगा। डिम्पा की मां ने उसे झिड़क दिया और भीतर भेज दिया। भीतर घुसते वक्त डेविड उसके पास थोड़ी देर तक खड़ा रहा कि वह कुछ बोलेगी या पूछेगी, लेकिन उसने कुछ नहीं कहा। वह झुटपुटे को देख रही थी या हवा को, नहीं पता। लेकिन वह जिस ओर देख रही थी, उस ओर डेविड का चेहरा नहीं दिख सकता। थोड़ी देर बाद डिम्पा ने उससे कहा कि होमवर्क करा दो, तो डिम्पा की मां ने जवाब दियाᄉ हट जा, नहीं तो जान ले लूंगी तेरी। और इतनी जोर का धक्का दिया कि डिम्पा पीछे दीवार पर जाकर टिका। इतनी जोर से रोया कि पेट दर्द से जूझ रहे डेविड ने पलंग के नीचे पड़ा गिलास खींच कर डिम्पा की मां को दे मारा। गिलास डिम्पा की मां की बांह पर आकर लगा। फिर जमीन पर आवाज करते हुए डोलने लगा। डिम्पा की मां ने अपनी बांह देखी और शोर करते डोलते गिलास को। फिर गिलास उठाया और किचन की तरफ जाने लगी। अचानक क्या सूझा कि पलटी और खींच कर गिलास डेविड को दे मारा। वह पहले लेटे हुए डेविड के पेट पर गिरा और उछल कर दीवार से टकरा कर चिंचियाया। डेविड ने सपने में भी नहीं सोचा था कि गिलास इस तरह उसके पास लौट कर आयेगा। वह बुरी तरह डर गया। इससे पहले कि कुछ करता, उसने देखा, डिम्पा की मां दौड़ कर किचन में जा रही है। उसने वहां जाकर दरवाजा बंद कर लिया। डेविड उसी तरह बिस्तर में पड़ा कराहता रहा।
डिम्पा की मां ने एक दिन सोनी ब्यूटी पार्लर वाली को घर में बुलाया। डिम्पा की मां के चेहरे पर चोट के दाग अभी भी थे। सोनी वाली ने उसके चेहरे की सफाई करनी थी। डिम्पा की मां ने अपने शरीर के बाल भी साफ कराये। उसने सोनी वाली के सामने स्कार्फ खोला। जब सोनी वाली गयी, तो स्कार्फ फिर अपनी जगह बंधा हुआ था। डिम्पा की मां ने सिर मुंडा लिया था। पति के जीते सिर मुंडा लिया था। उससे पहले जो स्कार्फ वह बांधती थी, तो अपने सिर पर बचे बेतरतीब बालों को छिपाने के लिए, पर अब जो स्कार्फ बंधा था, वह मुंडे हुए सिर को छिपाने के लिए था। सोने वाली जाते जाते अपने साथ सारे बाल भी ले गयी थी। उस दिन जमीन पर बिखरे पड़े बालों को डिम्पा की मां ने गोलिया कर एक पॉलीथिन में रख दिया था। फिर कभी उस ओर पलट कर भी नहीं गयी। अगर कभी गलती से उस पॉलीथिन की तरफ निगाह चली भी जाती, तो तुरंत कहीं और देखने लग जाती।
डिम्पा की मां के जीवन में ठहराव आ गया था। उसे इस वक्त उस लड़के की याद आने लगी, जिसे वह शादी से पहले पसंद करती थी। वह अगर उसके साथ रहती, तो क्या जिन्दगी का रूप कुछ और होता? पिछली बार जब दादा आया था, तो बता रहा था कि वह लड़का अमेरिका चला गया है। उसने अभी तक शादी नहीं की थी। दादा को पता था कि छकुली उस लड़के से प्यार करती है, पर उसने यह भी कह दिया था कि वह लड़का कभी भी छकुली से शादी नहीं करेगा, क्योंकि वह जिस खानदान से था, वहां कभी अपनी जात के बाहर शादी नहीं हुई है। वह ब्राह्मण लड़का था और डिम्पा की मां के क्लास में ही था। डिम्पा की मां जब इंदौर से शिरपूर आ रही थी, तो सेंधवा में मिला था पहली बार। शिरपूर का ही था। डिम्पा की मां उसके साथ काफी आगे बढ़ चुकी थी, जब दादा ने आकर उसे डेविड की तस्वीर दिखायी थी। दादा ने घंटों उसे समझाया था, तब उसने हां कर दी थी। एक संडे को उन्होंने चर्च में जाकर छकुली और डेविड की शादी कर दी। हफ्तों बाद तक उस लड़के को पता नहीं चल पाया था कि छकुली की शादी हो गयी है। शादी के कुछ दिनों बाद ही दादा ने उसे बाजार में मारा था। दादा जब भी कॉलोनी में आता, डिम्पा की मां कुरेद कुरेद कर उसके बारे में पूछती है। दादा टालता रहता है, लेकिन छकुली को पता है कि जो बात दादा नहीं बताना चाहता, उसे कैसे उसके मुंह से निकाल ली जाए। दादा ने एक बार कहा था कि अगर मुझे पता होता कि वह तेरे लिए इतना मरता है, तो मैं कभी तेरी शादी डेविड के साथ नहीं करता। एक बार वह लड़का मेरे कारखाने में आया था, जब मैंने उसे मारा था उसके बाद। सिर्फ इतना बोला था, छकुली तेरी बहुत इज्जत करती थी। बोलती थी, तेरी किसी बात को नहीं टाल सकती। तूने बोला होगा उसको शादी करने को, तो उसने किया होगा। पर वो मुझको कभी भूल नहीं पायेगी। बटनवाला, तू जानता है न, मैं क्या हूं, मेरा बाप क्या है, तेरे बटन कारखाने के साथ तुझको उठवा दूं तो कोई घंटा भी नहीं उखाड़ सकता मेरा...पर ऐसा करके कोई फायदा नहीं। तुझे जो नुकसान करना था, कर दिया तूने। तूने मेरा नहीं, अपना बहन का नुकसान किया है बटनवाला...
दादा जब यह बात बता रहा था, तो रोने लगा था। वह बता रहा था कि वह लड़का किस तरह रो रहा था। रो रो कर कह रहा था। दादा को लगा था कि वह धमकी देने आया है उसके कारखाने में, पर वह तो बुरी तरह रोने आया था। उस दिन दादा को बहुत दुख हुआ था उसके रोने पर। उसके बाद जब धीरे धीरे वह डेविड और डिम्पा की मां के झगड़ों के बारे में जानने लगा, तो उसे हमेशा उस रोते हुए लड़के का ख्याल आता और वह खुद भी दुखी होने लगता।
डिम्पा की मां आज उस लड़के को याद करके रो रही है। वह बरामदे में खड़ी है। चारों ओर अंधेरा छाया हुआ है। पीली स्ट्रीट लाइट कहीं पर जल रही है, कहीं पर नहीं। दूर पार्क में अब भी कुछ बच्चे खेल रहे हैं। उनका शोर यहां तक आ रहा है। क्लब की ओर जाने वाली सड़क पर एक स्ट्रीट लैम्प के नीचे कोई बैठा है। इतनी दूर से समझ में नहीं आ रहा है कि कौन होगा। कोई है, जिससे पूरी दुनिया नाराज हो गयी है, जिसके पास छिपने के लिए अपना निजी कोना तक नहीं है। जो सिर झुका कर सड़क पर रोशनी के नीचे बैठा अंधेरे की शक्ल ले रहा है। उस दिन जब उस लड़के को पता चला होगा कि छकुली ने चर्च में शादी कर ली है, तो वह भी ऐसे ही किसी सड़क के किनारे खम्भे की मरियल रोशनी के नीचे सिर झुका कर बैठा होगा और रो रहा होगा। डिम्पा की मां का मन हुआ कि वह उसे आवाज देकर बुला ले। उसे अपने साथ बरामदे में खड़ा कर देवे। उससे बातें करे और कहे कि अकेले मत रहना ऐसे समय में। किसी को साथ जरूर ले लेना। इंसान का सबसे बड़ा दुश्मन होता है अपनी मर्जी के खिलाफ मिला अकेलापन। पर उसके गले से आवाज ही नहीं निकल रही। सिर्फ हिचकियां हैं। उसने गालों पर हाथ फिराया। वह पानी की तरह गीले थे। उंगलियां डालो, तो शीत हो जाय।
कहीं से हवा आ रही है। कहीं को जा रही है। सड़क पिघली हुई है। उस पर पत्तियां गिरी हुई हैं। डिम्पा की मां रो रही है। उसकी आंच में बरसों पुराना एक प्रेम तप रहा है।
डिम्पा की मां जहां पूरी कॉलोनी से बातें करती थी, वहीं अब चुप रहने लगी है। बहुत कम लोगों से बात करती है। अगर किसी के घर जाने की जरूरत पड़ भी जाए, तो डिम्पा को भेज देती है। कॉलोनी वालों को भी समझ में आ गया था कि डिम्पा की मां इस समय मातम मना रही है। डेविड की तो खैर किसी से बात होती भी नहीं थी। लोग वैसे ही उससे दूर भागते थे।
डिम्पा घर का प्रवक्ता बन गया था। वह जिसके घर जाता, वह उसे प्यार से बिठाता। चाय के साथ बिस्कुट या बन देता और उसकी मां का हालचाल पूछता। उसके बाप के बारे में बात करता। डिम्पा से यह पूछा जाता कि आजकल उसके घर में क्या चल रहा है। और डिम्पा चाय में डुबो कर बिस्कुट खाते हुए विस्तार से बताता कि कल पापा ने मम्मा को फिर मारा था या फिर मम्मा ने कल पापा को गिलास खींच कर मारा था। डिम्पा ने ही कॉलोनी वालों को बताया था कि उसकी मां ने अपना सिर टकला कर लिया है और पापा इस बात के कारण उससे बहुत नाराज हैं। दोनों में बात नहीं होती, लेकिन लड़ने का कोई मौका हाथ से नहीं जाने देते दोनों। जब मम्मा ने पापा को गिलास मारा था, तो पापा दर्द से रो रहे थे। मम्मा ने तुरंत खुद को किचन में बंद कर लिया था और पापा सो गये थे, पर दूसरे दिन सुबह जब पापा की तबीयत ठीक हुई, तो उन्होंने जमीन पर पड़ा वही गिलास उठाया और मम्मा को ढूंढने लगे। मम्मा बरामदे में खड़ी थी। गये और गिलास उसके सिर पर मार दिया। मम्मा जोर जोर से रोने लगी। मैंने मम्मा को चुप कराया। उसके बाद मम्मा किचन में गयी और संड़सी उठा कर लायी। पापा को ढूंढने लगी। पापा तब बाथरूम में नहा रहे थे। मम्मा ने दरवाजा खटखट किया और पापा से कहा, दो मिनट सुनना जरा। पापा ने आधा दरवाजा खोल कर सिर बाहर निकाला, तो मम्मा ने संड़सी उनके सिर पर दे मारी। पापा ने तुरंत दरवाजा बंद कर लिया। बाद में बाहर निकले, तो उनके सिर पर गोल गुम्मड़ उठा हुआ था। पापा ने मुझसे बोरीलीन मांगी और गोल गुम्मड़ पर लगा लिया।
एक दिन किसी आण्टी ने पूछा कि डिम्पा, तुझे पापा और मम्मा में से कौन पसंद है, तो उसने कहा, कोई नहीं। मम्मा को मैंने कितनी बार बोला है कि अपने बटक्स कम करो। पर नहीं सुनती। जब वह मुझे लेने स्कूल जाती है, तो मेरे सारे फ्रेंड्स मुझे चिढ़ाते हैं कि अशोक की मम्मी के बटक्स अप एण्ड डाउन होते हैं। वह कितनी काली है। और पापा हमेशा डिं्रक करते हैं। ड्रिंक करके वो मम्मा को बहुत मारते हैं। वह मुझे भी कपड़ा उतार कर मारते हैं।
डिम्पा जितना बताता, उससे उतने ही सवाल पूछे जाते। डिम्पा भी जब तक सवाल समझ में न आते, बताता रहता। फिर चुप हो जाता। डिम्पा जब थोड़ा बड़ा हो गया, तो वह कॉलोनी के लोगों से कटने लगा, कोशिश करता था कि कॉलोनी वालों से मिला ही न जाए। क्योंकि कॉलोनी वालों की सवाल पूछने की आदत गयी नहीं और उसे सवालों के मतलब समझ में आने लगे थे। जब वह दसवीं में गया, तो एक बार दामू अण्णा की बीवी ने उससे पूछ लिया, क्या रे डिम्पा, अभी भी तेरी मम्मा के बटक्स अप एण्ड डाऊन होते हैं? डिम्पा तप गया। बोला, क्यों तुम्हारे नहीं होते, तो मैं कर दूं क्या आकर? दामू अण्णा की बीवी, जिसे सब वहिणी कहते थे, का मुंह फटा रह गया। क्या बोले? फिर उसने डिम्पा से उसके घर के बारे में कुछ नहीं पूछा।
उन दिनों डिम्पा बहुत तपा हुआ था। कॉलोनी की ही एक लड़की पुष्पा के साथ उसकी अच्छी दोस्ती थी। बचपन से ही दोनों साथ थे। एक दिन दोनों पार्क में बैठे हुए थे, तो पुष्पा ने ही उसे आइडिया दिया कि वह शिरपूर में अपने मामा को चिट्ठी लिखे कि वह आकर उसे ले जाय। डिम्पा ने कहा कि उसे यह आइडिया पहले ही आया था, पर वह जाना नहीं चाहता। उसे नहीं पता कि उसे वहां पुष्पा जैसी कोई दोस्त मिल पायेगी। यह कहते हुए उसने पुष्पा का हाथ पकड़ लिया था।
जब डिम्पा ने अपने मामा को चिट्ठी लिख कर यह कहा था कि मेरा यहां रहने को मन नहीं करता, मुझे आकर ले जाओ, तो बटनवाला आया भी था। जब वह आया था, तो दिन बदले हुए थे। रंगरेज ने चुनरी का रंग बदल दिया था। किसी भयंकर झगड़े के बाद डेविड और डिम्पा में बात बंद थी, पर किसी माध्यम से फिर शुरू हो गयी थी। घर पर ही डिम्पा की मां जब स्विचबोर्ड को कपड़े से पोंछ रही थी, तो उसे करंट लग गया। वह बेहोश होकर गिर पड़ी। डिम्पा को कुछ समझ में नहीं आया। उसने मां के चेहरे पर पानी डाला। फर्क नहीं पड़ा, तो तिड़के के घर से गेट पर फोन किया डेविड के पास। डेविड जैसे था, वैसे ही दौड़ता आया। ऑटो में बिठा कर डिम्पा की मां को डॉक्टर के पास लेकर गया। दो घंटे बाद डिम्पा की मां वापस आयी, तो डॉक्टर ने कई ताकीदें कर दीं। डेविड ने पांच दिन की छुट्टी ले ली और पूरी तरह से डिम्पा की मां के लिए समर्पित हो गया। डिम्पा की मां के दाहिने हाथ में बुरी तरह मोच आ गयी थी। उस पर पट्टी बंधी हुई थी। डेविड खुद घर के सारे काम कर रहा था। काम वाली बाई को करने नहीं देता था। चौबीसों घंटे साये की तरह डिम्पा की मां के आसपास। उसे किसी चीज के लिए पलंग से उठने की जरूरत नहीं। समय पर खाना, नाश्ता, धुले हुए कपड़े। और मजे की बात, घर भी पूरा साफ सुथरा। वैसे, डिम्पा की मां से ज्यादा सफाई पसंद तो डेविड ही था। पहले भी बी शिफ्ट से रात के बारह बजे जब घर पहुंचता और देखता कि सामान बिखरा पड़ा है, तो कितना भी नशा हो, कितनी भी नींद आ रही हो, जब तक सामान करीने से नहीं रख देता, बिस्तर तक नहीं जाता था। यही नहीं, कभी नंगे पैर चलते समय फर्श पर धूल मिट्टी का आभास होता, तो सारे काम छोड़ कर पहले झाडू पोंछा, फिर कुछ और करता। इसी बात पर कई बार वह डिम्पा की मां से लड़ भी पड़ता। बात धूल से शुरू होती, फिर डिम्पा की मां के गाउन तक जाती, और उसके बाद जोशी, बटनवाला, शादी के पहले क्या क्या किया, सब पता है मुझे और तेरा कैरेक्टर ही ऐसा है, जैसी बातों तक पहुंच जाता। अगर उस वक्त उनकी कुंडलियों में सारे ग्रह शरीफ होते, तो किसी मोड़ पर जाकर हंसी में बदल जाती, वरना सिर फूटता, तलवारें चाकू चलते और कोई एक धराशायी होता। ज्यादातर डिम्पा की मां को जमीन चूमना होता था।
पर वो पांच दिन! डेविड जैसा सेवाभाव शबरी में भी नहीं था। रामायण के सारे पात्रा दूरदृष्टि वाले थे। शबरी ने हजारों साल बाद कलियुग में घटने वाली इस घटना को पहले ही देख लिया था कि कैसे एक पुरुष, बिस्तर में लेटी एक स्त्राी को अपने मुंह से संतरे काट काट कर खिला रहा है। बस, शबरी ने वो आइडिया कॉपी कर लिया, राम आये, तो उन पर अप्लाई कर दिया और वर्ल्ड फेमस हो गयी। बेचारे डेविड को घंटा क्रेडिट नहीं मिला।
फिर भी डेविड ने रग रग सेवा और प्रेम में पग कर डिम्पा की मां की सेवा की। डिम्पा की मां डेविड में आये इस बदलाव को सहन नहीं कर पा रही थी। उसका मन हो रहा था कि वह बिस्तर में ही फूट फूट कर रोये। डेविड चाहता, तो उसको जरा भी नहीं पूछता। डिम्पा की मां बिस्तर में ही पड़ी थी, वह पीछे से कब आ गया, पता ही नहीं चला। चार फुट दूर रखी पलंग, जो बार बार अपनी जगह बदलती थी, पर बैठ कर डेविड ने इस्तरी निकाली और बड़े इत्मीनान के साथ डिम्पा की मां के एक एक गाउन, साड़ी, सूट को प्रेस करने लगा। उसने डिम्पा की मां का डे्रसिंग टेबल खोला और एक एक सामान को करीने से जमाया। जिन चीजों की जरूरत डिम्पा की मां को रोज पड़ती थी, उन सामान को आगे रखा और बाकी पीछे।
और खरगोश फिर उछलने लगे। डिम्पा की मां बर्फ का लिहाफ ओढ़ने लगी। डेविड के होंठों पर फिर अरुण दाते और सुधीर फड़के के गाने आने लगे। फिर रात को दो साये कॉलोनी की पतली डांबर वाली सड़क, जिस पर खूब पत्तियां बिखरी होती थीं, जिस पर ठंडी हवा पैदल चल कर गुजरती थी, पर दिखने लगे हाथों में हाथ डाले। किन्हीं बातों पर जम कर एक दूसरे के कंधे पर सिर रख कर रोते हुए। बहुत सारी रुलाहटें लम्बे समय से उनके भीतर जमा थीं। कंधे का ताप मिला और दिल का द्वार खुला। पहले डेविड रोया, तो डिम्पा की मां ने कसमें दे दे चुप कराया। फिर डिम्पा की मां रोने लगी, तो डेविड ने उसके होंठों को चूमना शुरू कर दिया। फिर वे दोनों देर तक घूमते रहे। उन्हीं सड़कों पर, जहां बहुत हल्की पीली रोशनी पड़ती थी। डिम्पा की मां डेविड के साथ चलते चलते उस लैम्प पोस्ट के नीचे तक पहुंची, जहां एक बार उसने दुख के गहन क्षणों में किसी को सिर झुकाये बैठे देखा था। आज वहां कोई नहीं था। डिम्पा की मां मुस्करायी। बोली, साहिब, कभी मन उदास होगा, तो इसी लैम्प पोस्ट के नीचे आकर बैठ जाना। तुम्हें पता भी नहीं चलेगा, कि मैं तुम्हें देख रही हूंगी। जब तुम मुझसे बात न कर पाओ, भले तुम्हारा कितना भी दिल कर रहा हो, तो तुम कुछ मत करना, यहीं आकर बैठ जाना। तुम महसूस करोगे कि मैं तुम्हारे बिल्कुल साथ हूं। तुम मेरी सांसों को अपने सीने पर महसूस करना।
डेविड की आंखें भर गयीं। कुछ बोलने की कोशिश में उसके होंठ कांपने लगे। डिम्पा की मां ने अपनी बरौनियों से उसके होंठ छुए। जल्दी जल्दी तीन चार बार पलकें झपकायीं। डेविड को होंठों पर गुदगुदी हुई। वह मुस्कराने लगा। उसका साहिब रंगरेज है। उसे बर्फ का रंग पहना दिया है। उसके आंसू जो टपक रहे थे, उन्हें उसने बीच राह बर्फ बना दिया। बर्फ की नथ उसकी नाक से लटक रही है। कानों में उसने बर्फ के बूंदे पहन रखे हैं। वह उसकी पीठ पर बर्फ की कलम से उन दिनों का नाम लिख रहा है, जिन दिनों में वह आग थी। उसके साहिब के हाथ में बर्फ का मोरपंख है, जिससे वह उस पर पसरे सारे बुरे असरों को हवा कर रहा है। उसके साहिब ने जेब से रंगों की पुड़िया निकाली और उस पर छिड़कने लगा। राग रंग, प्रेम रंग, अंग अंग रंग रंग। दुख देह मैल लुटाए दे रे खूब रंगी झकझोर।
डिम्पा की मां की बड़ी बड़ी सफेद आंखें एक बहुत बड़े कैनवास में बदल गयी हैं। वह उस लैम्प पोस्ट से टिक कर खड़ी जो जाती है, फिर पीछे की ओर आधा बदन लचका कर झुक जाती है...
...अरुणाचे मी गंध लावले...
बटनवाला अपने साथ जम्बो को भी ले आया था। डिम्पा की मां ने बहुत दिनों के बाद जम्बो को देखा था, तो उसके दुलार में लगी रहती। पर जैसे ही डेविड सामने आता, वह उसके पीछे पीछे लग जाती। डिम्पा की मां को समझ में नहीं आ रहा था कि वह किसके प्रति प्रेम का ज्यादा प्रदर्शन करे। बहुत दिनों के बाद नजर आये बेटे को या बहुत दिनों बाद वापस आये पति को। कुछ समय पहले तक वह जैसा सोच रही थी, उससे बिल्कुल अलग हो गयी थी। वह डेविड के मुंह पर तपा हुआ लाल चिमटा रख देना चाहती थी, वह उसकी आंखों में एक सलाख भोंक देना चाहती थी, वह उसे प्रेशर कुकर में बंद करके स्टोव पर रख देना चाहती थी, पर ऐसा कुछ नहीं कर पायी और इस वक्त उसका ऐसा करने का मन भी नहीं कर रहा।
कॉलोनी वालों ने डिम्पा की मां के घर में सिर्फ तीन मेहमानों को आते देखा था। एक बटनवाला था। दूसरा डेविड की रिश्ते में एक बहन थी, जो दूर पंजाब के जालंधर में रहती थी। वह अब तक दो तीन बार आ चुकी थी। और तीसरा था डेविड का दुबई में रहने वाला एक भाई। सच में भाई नहीं था, लेकिन डेविड और वह दोनों बचपन से साथ में पढ़े थे, इसलिए भाई ही कहते थे। हालांकि कॉलोनी वालों की मानो, तो उनमें से किसी ने श्री.पं.ु जोशी, दीनानाथ काम्बले, शिरढोनकर और पीजी पांडेय को कई कई बार डिम्पा की मां के घर के भीतर देखा है, जिन्हें वे जानते तक नहीं। पर किसने देखा है, यह किसी को नहीं पता। हर कोई कहता है, कोई बता रहा था, उसका नाम नहीं बोलना चाहिए।
पीजी पांडेय के साथ तो एक बार बहुत ही अजीब वाकया हो गया था। डिम्पा की मां अपने बरामदे में खड़ी होकर बाल सुखा रही थी।
ᄉ बाल क्या सुखा रही थी, धूप सेंक रही थी।
ᄉ धूप क्या सेंक रही थी, किसी को सड़क पर टाइम दिया होगा, उसे टापने आयी थी।
ᄉ टापने क्या आयी थी, सड़क पर जो भी खड़ा होगा, उससे इशारों में बात कर रही थी।
ᄉ बात क्या कर रही थी, टाइम फिक्स कर रही थी कि किस वक्त डेविड घर में नहीं है, और वो किस वक्त आ सकता है।
ᄉ फिर, तुमको मालूम नहीं है क्या, किसी अस्पताल फस्पताल थोड़े जाती थी वो, किसी न किसी को टाइम दिये रहती थी, उसके पास जाती थी। दिन भर उसके साथ रहती थी, फिर रात को घर आती थी।
ᄉ दिन में इतना थक जाती थी कि रात को डेविड जब साथ में सोता था, तो आनाकानी करती थी और डेविड को मिर्ची लगती थी तब। इसीलिए तो जम के धोया था उसने और उसकी नौकरी ही छुड़ा दी थी। अब कहीं जाके दिखा?
ᄉ डिम्पा की मां नहीं जा पायी, तो कॉलोनी में आ गये लोग उसके घर। आखिर, आदत ऐसे ही थोड़े जाती है। जिसको एक बार कई की आदत पड़ जाय, फिर उसका पेट नहीं भरता एक से।
ᄉ भई, जिसको होटल के खाने की आदत पड़ जाय, उसका घर के खाने में मन लगता है क्या?
हजार किस्म की बातें होती थीं। हर कहने वाला दावे से अपनी बात कहता था। हर एक के पास एक बड़ा सा स्कूप होता था। पता नहीं, किसकी बात सच होती थी, किसकी झूठ, पर बोलने वाले हर एक के चेहरे पर इतना तेज होता था कि दुबारा सवाल करने का मन ही नहीं होता किसी का। और कोई डिम्पा की मां से तो पूछने जा नहीं रहा।
ᄉ उससे पूछने तो डेविड जाता है और अगर वह सही हो, तो डेविड भला क्यों मारा करे उसको? क्यों चौराहे पर नंगा करे? वह नंगी होगी, तो क्या डेविड भी नंगा न होगा?
कॉलोनी तो साली वैसे ही अफवाहों का कमाठीपुरा है। एक बात के दस मतलब निकालने का शऊर दुनिया को यहीं से तो मिला है।
तो पीजी पांडे की बात हो रही थी। हां, तो डिम्पा की मां अपने बरामदे में खड़ी थी कि सामने से पीजी पांडे की सात साल की लड़की साइकिल चलाते हुए, गाते हुए आयी कि मेरा रोता अशोक बेटा, सोता नहीं, चाचा बुलावे, तो जाता नहीं, चाची हरामजादी लेती नहीं...कौन सा गाना है वो?
चाची को लगा कि लड़की उसको हरामजादी कह रही है। भड़क गयी। वहीं खड़े खड़े लड़की को गालियां देने लगी। लल्ले गंदी गंदी गालियां। लड़की रोने लगी। बोली, चाची, मैं तो गाना गा रही हूं।
साली, मेरे सामने आकर मुझी को हरामजादी कह रही है। कैसा गाना सिखाया है तेरी मां ने?
चाची, मां ने नहीं, पापा ने सिखाया है।
पापा ने? जा बुला के ला अपने बाप को। चाची ने उसकी साइकिल जब्त कर ली। बाप को बुला के ला। तभी साइकिल दूंगी।
लड़की रोते रोते गेट तक गयी और अपने बाप को बुला कर लायी। वॉचमैन बाप डयूटी पर था। आया। चाची उसको लेकर घर के अंदर। लड़की को साइकिल लौटा दी और पीजी पांडे की क्लास लगा दी। एक घंटे वे दोनों घर में थे।
ᄉ जाहिर सी बात है, डेविड तब घर में नहीं था।
ᄉ अरे, डिम्पा भी नहीं होगा।
ᄉ होगा भी, तो चाची को क्या परवाह? एक कमरे में बंद कर दिया होगा उसको?
ᄉ हां, वैसे भी तो डिम्पा कहता था, मेर्को एक कमरे में लॉकएनकी में रखती है मां।
ᄉ फिर?
ᄉ आईला...मेरी भी कोई लड़की होती...मैं भी उसको चाची के घर के सामने हरामजादी वाला गाना सिखा के भेजता...
ᄉ हा ... हा... हा...
ᄉ तभी तो उस दिन डेविड ने उसको बहुत मारा था। डेविड से छिपती है क्या कोई बात? डिम्पा की मां की हर हरकत जानता है वो।
ᄉ सही बात है। पीजी पांडे की किस्मत है, डेविड उसको मारने नहीं आया।
ᄉ पहले घर संभालेगा कि आंगन?
खैर, डिम्पा की मां के घर में सबसे ज्यादा आता था बटनवाला। साल में दो चार चक्कर मार देता था। कई बार उसे महीनों तक अपनी बहन का हालचाल नहीं मिलता, तो बिना बताये भी चला आता था। शादी के बाद जब पहली बार आया था, तो डेविड बहुत खुश हुआ था। क्या नहीं कर रहा था वो बटनवाला के लिए। उसके लिए भगवान था। उसकी बात रखने के लिए एक बार में मान गया था। उसके दिल की इज्जत की थी। उसके लिए यहां काबा में नौकरी पक्की कर दी थी। चलती थी बटनवाला की। वह यहां आया, तो दौड़ा गया बृजवासी तक। मारवाड़ी पेड़े अपने सामने बनवा कर लाया। साथ में रबड़ी और रसमलाई भी। फिर दिन में खुद ही किचन में जाकर उसके लिए बटाटा बड़ा बनाया। आते समय पाव लेता आया था। बोला, बम्बई की खास डिश है बड़ा पाव। मैंने अपने हाथ से बनाया है। तीन दिन की छुट्टी ले ली। डिम्पा की मां और बटनवाला को साथ लेकर टिटवाला गया, फिर नासिक गया और वहां से शिर्डी के साईंबाबा तक घुमा कर लाया। बटनवाला को जल्दी जाना था, पर जाने ही नहीं दिया। दो तीन दिन तो ऐसे ही रोक लिया। बटनवाला भी बहुत खुश हुआ था उसकी आवभगत से। डिम्पा की मां के साथ वह जिस प्यार से रह रहा था, बटनवाला ने अपनी नजर की दाद दी।
पर डेविड धीरे धीरे बदलता गया। फिर तो ऐसा समय आ गया कि बटनवाला अगर घर के भीतर आया है, तो डिम्पा की मां के लाख बुलाने पर वह बेडरूम से बाहर निकल कर नहीं आता था। एक बार पूछता तक नहीं था कि कैसे आये, क्या सफर रहा, चाय पानी दी कि नहीं? डिम्पा की मां ने एक बार उससे कहा, अरे, एक बार चाय के लिए तो पूछ लो? बोला, शिरपूर में चाय मिलनी बंद हो गयी है, जो यहां आकर पिएगा? बटनवाला कुछ नहीं बोला। शादी के पहले की बात होती, तो कारखाने में डेविड की नाक में रस्सी डाल कर रखता। डेविड ने एक स्क्रू गलत फिराया कि बटनवाला की फिर गयी। ल्ल्ले गालियां। सात पीढ़ी तक किसाब किताब चुकता, भाड़ में जाए गुप्ता।
बटनवाला जम्बो को अपने साथ ले गया, तो डेविड और नाराज हुआ। वह बटनवाला को मना करना चाहता था, लेकिन उसके सामने उसकी जुबान नहीं खुल पायी थी। पहले ही उसका माथा ठनका हुआ था कि जम्बो आठवें महीने में ही क्यों पैदा हो गया? अगर हुआ तो उसे बहुत कमजोर होना चाहिए था, पर वह था भी तंदुरुस्त। और अगर हुआ भी है, तो उसका पहला बेटा है, कम से कम उसके साथ तो रहने दिया जाए। पर तीन साल बाद इधर डिम्पा हुआ नहीं कि उधर बटनवाला जम्बो को लेकर चला गया। डेविड देखता रह गया। साथ में बटनवाला की बीवी भी आयी थी। एक्स्ट्राइच लाड़ दिखा रही थी।
बटनवाला ने डिम्पा की मां से पहले ही बात कर रखी थी। उन दिनों डिम्पा की मां डेविड को लेकर कुछ अलग से विश्वास में रहती थी। उसे लगता था कि एक बार वह हजार हर्फों वाली निगाह से डेविड को देख लेगी, तो उसके भीतर से सारे सवाल निकल जायेंगे, पर डेविड किस मिट्टी का बना था, यह तो खुद मिट्टी भी नहीं जानती थी। जम्बो गया, तो फिर लम्बे समय तक नहीं आया। बीच बीच में डिम्पा की मां कुछ बार शिरपूर गयी जम्बो से मिलने। साथ में डेविड भी गया था। डेविड जम्बो को बड़ा होते देखना चाहता था। वह इतना छोटा था कि डेविड को समझ में नहीं आता था कि वह किसके जैसा दिखताहै।
खैर, जम्बो बड़ा होता रहा और बीच बीच में डेविड जाकर उसके बड़े होने को देख आता। शुरुआत में डेविड ने कुछ नहीं कहा, पर बाद के झगड़ों में जम्बो के आठवें महीने में आ जाने, उसको बटनवाला का ले जाने और शिरपूर में शादी से पहले डिम्पा की मां के बहुत फेमस होने को देखा जा सकता है। जब डिम्पा की मां ने जम्बो का भरा भरा बाप जैसा चेहरा देखा था, तो उसने बटनवाला से कहा थाᄉ दादा, है न अपने बाप का ही। तू फुक्कट में पूछ रहा था। तू क्या, साहिब भी मेर्पे डाउट करता था कि किसका है? ऐसे कैसे होते हो तुम मरद लोग? कैसे खट से पूछ लेते हो, किसका है?
और उसने जम्बो को डेविड के सामने करते हुए कहा था, साहिब, देख लो जी भर के। जब तुम छोटे रहे होगे, तो ऐसे ही दिखते होगे।
डेविड ने देखा, खूबसूरत गोरा बालक, जिसमें से दिव्य ज्योति फूट रही थी, सामने खड़ा था। चारों ओर प्रकाशपुंज था। उसके सिर के पीछे वैसी ही गोल गोल व्हाइट रोशनी थी, जैसी कि हम लोग बचपन से कैलेण्डरों में भगवानों के सिर के पीछे देखते हैं। उसके साथ कोई और बालक नहीं था, वरना डेविड उसी वक्त उन दोनों का नाम बदल कर लव कुश रख देता। डेविड की आंखें भर आयी थीं। उसने जम्बो के माथे पर हाथ फिराया, लेकिन भरी आंखों से वह डिम्पा की मां को ही देखता रहा। डिम्पा की मां के चेहरे से एक सती वाला गौरव निकल पड़ने को अकुला रहा था।
वह बोलने जा रही थी, बिना मतलब तुमने... पर कुछ नहीं बोल पायी। पानीदार नजरों ने उसके होंठों पर उंगली रख दी थी, कुछ बोलने की जरूरत नहीं डार्लिंग। और उस रात को शिरपूर में दोनों बाहर निकल गये थे। डिम्पा को बटनवाला की बीवी की गोद में सोने के लिए छोड़ कर। देर रात तक शिरपूर की सड़कों पर दो साये घूमते रहे।
लेकिन फिर भी बटनवाला के साथ डेविड की दूरी रही, तो रही। वह अब भी उसे देख कर चिढ़ जाता था। डिम्पा की मां ने कई बार पूछा, साहिब, दादा से इतना चिढ़ने क्यों लगे हो?
उसके करम ही ऐसे हैं।
शायद बटनवाला डेविड के कम्फर्ट जोन का अतिक्रमण करता था।
इन दिनों भी बटनवाला घर में है। जम्बो भी यहीं है। लेकिन डेविड दोनों से बात नहीं करता। वह डिम्पा की मां के पास ही बैठा रहता है। बटनवाला जम्बो के साथ खाता है और डेविड के लिए खाना अलग से जाता है, उसके कमरे में, जहां दो पलंगों के बीच अब चार फुट का गैप नहीं है।
बटनवाला सुबह होते ही डिम्पा और जम्बो को लेकर चला जाता है। कभी उल्हासनगर के मार्केट, तो कभी टिटवाला के मंदिर। कभी साथ में लेकर सामने उल्हास नदी चला जाता है। एक बार डिम्पा ने बहुत जिद की कि उसे समंदर देखना है, तो सुबह की लोकल पकड़ी और उसे जुहू चौपाटी ले गया। कुछ ही दिनों में डिम्पा को बटनवाला की इतनी आदत पड़ गयी कि उसे उसी का साथ अच्छा लगने लगा। बटनवाला को बुलाया भी उसी ने था चिट्ठी लिख कर। हालांकि यह बात किसी को पता नहीं थी। मामा को वह पिछले दिनों की एक एक बात बता रहा था। बार बार कहता था कि मुझे इनके साथ नहीं रहना मामा, अपने साथ ले चल। मैं और जम्बो साथ में तेरे पास रहेंगे। अगर तू मुझे अपने साथ नहीं ले के गया, तो देख लेना, एक दिन मैं ये घर छोड़ कर चला जायेगा। या तो सीधा तेरे पास आयेगा या फिर किधर भी चला जायेगा। मेर्को नहीं रहना ये लोकन का साथ।
बटनवाला की हिम्मत नहीं हो रही थी कि वह डेविड से इस बारे में बात करे। उसने डिम्पा की मां से कहा कि वह डिम्पा को अपने साथ ले जाना चाहता है, तो डिम्पा की मां, जिसके बदन का रंग उन दिनों सफेद हो गया था, बोली साहिब इस पर जान छिड़कता है। वह पहले ही तुझ पर नाराज है कि तू जम्बो को ले गया। इसको भी ले गया, तो वो बोलेगा कुछ नहीं, पर मेरी जान ले लेगा। तुझको पता ही है कि वह किसी को कुछ नहीं कहता, सारा गुस्सा मेरे पे निकालता है।
बटनवाला ने तय किया कि डिम्पा की मां भी साथ में शिरपूर चले चले, जिससे डिम्पा का मन भी फ्रेश हो जायेगा और उसकी मां वहां रिश्तेदारों से मिल भी लेगी। कई रातों को लैम्पपोस्ट के नीचे ले ले जाकर डिम्पा की मां डेविड को मना पायी कि एक महीने के लिए वह डिम्पा को लेकर शिरपूर जाना चाहती है।
शिरपूर उसका अपना कस्बा था। वहां की सड़कों, गलियों, पार्कों में उसकी यादें बिखरी हुई हैं। कांबा में वे कहीं घूमने नहीं निकलते थे। घर में कोई ज्यादा आता जाता न था। बाहर वे निकलते कम थे। बटनवाला के साथ डेविड उसे एक दो बार शिर्डी तक, एक दो बार जुहू और बांद्रा तक घुमा लाया था। उसे याद है कि एक बार वे लोग सात संडे लगातार बांद्रा गये थे। वे दोनों बहुत प्यार करना चाहते थे, पर जाने कौन सी बला थी कि दोनों के बीच हमेशा झगड़े होते रहते थे। ऐसे में डेविड ने कहीं पढ़ लिया था कि बांद्रा के माउंट मैरी चर्च में सात संडे तक वैक्स कपल चढ़ायें, तो जीवन में सुख आ जाता है। वैक्स कपल माउंट मैरी के बाहर मिल जाता है।
सात संडे दोनों ने त्योहार की तरह मनाये। डिम्पा को करमरकर के घर में छोड़ कर दोनों सुबह सात चालीस की लोकल से निकले। ट्रेन में भीड़ नहीं थी। डेविड उसके साथ हाथमस्ती किये जा रहा था। और डिम्पा की मां बोल रही थी कि देखा, चर्च के लिए सिर्फ निकले और हमारे रिश्ते ठीक होना शुरू भी हो गये। चर्च पहुंचने के बाद दोनों वैक्स कपल यानी मोम से बने दुल्हा दुल्हन खरीदते और जाकर मदर मैरी के सामने रख देते। उनकी तरह वहां कई वैक्स कपल पड़े थे, वैक्स हैण्ड्स, वैक्स लेग्स, वैक्स डॉल्स पड़े थे। जिसको शरीर के जिस अंग में समस्या है, उस अंग को वैक्स में मदर मैरी को पेश करना होता है। उसके बाद हाईमास होती। ये दोनों साथ में खड़े होकर मैरी से बातें करते रहते। दाहिनी ओर एक झिरी थी। वह कन्फेशन बॉक्स था। डेविड जब भी चर्च जाता, डिम्पा की मां से एक बार जरूर कहता, डार्लिंग, कुछ कन्फेस करना है, तो कर लो।
और हर बार डार्लिंग मुस्करा देती।
बहुत सारी सीढ़ियां उतर कर वे नीचे पहुंचते। डिम्पा की मां ने वहां पहली बार जिन्दगी में किसी फिल्म स्टार को देखा था। जैकी श्रॉफ सामने खड़ा था। डिम्पा की मां दौड़ कर उसके पास गयी। काफी भीड़ थी उसके आसपास। पर डिम्पा की मां भीड़ को चीरतेचारते उसके काफी नजदीक पहुंच गयी। देखती रह गयी। उसे याद है, जैकी ने एक बार उसकी ओर देखा था और मुस्कराया था। डिम्पा की मां ने आसपास देखा, डेविड नहीं था। वह भीड़ से बाहर निकली। उसे डेविड नहीं दिखाई पड़ा। वह जहां से दौड़ कर आयी थी, डेविड वहीं खड़ा उसका इंतजार कर रहा था।
तू एक फिलमवाले के लिए मेरा साथ छोड़ कर चली गयी?
डेविड बहुत डिस्टर्ब हो गया। उसके बाद वे लोग पास ही बैण्ड स्टैण्ड गये। समुद्री चट्टानों पर बैठ कर देर तक कागज की पुल्ली में मूंगफली खाते रहे। डेविड कुछ नहीं कह रहा था। डिम्पा की मां को हवाएं और चीखता समंदर बहुत अच्छा लग रहा था। वह उन्हीं को देखे जा रही थी। उसे मूंगफली खाना अच्छा नहीं लग रहा थाᄉअमोल पालेकर टाइप का टटपुंजिया काम लग रहा था। वह आइसक्रीम का ठेला ढूंढ़ रही थी, पर डेविड ने मूंगफली वाले से दो पुल्ली और खरीद ली।
डिम्पा की मां ने हनीमून शिरपूर में ही मनाया था। उस वक्त डेविड उसके साथ रोज बाजार के लिए निकलता था। भले कुछ न खरीदना हो, पर शाम को बाजार घूमना डिम्पा की मां को बहुत पसंद था। उन दिनों डेविड हर वह काम करता था, जो डिम्पा की मां को पसंद हो। रात का खाना खाने के बाद वे दस बजे घर से निकल जाते, गली में घूमते रहते, रात को आइसक्रीम वाले वहां बहुत घूमते हैं। डेविड डिम्पा की मां के लिए रोज रात एक कॉर्नेटो लेता था। एक ही आइसक्रीम को जीभ से सहलाते हुए वे गलियों में घंटा गुजार देते थे। उसे याद है कि वह रात के इस एक घंटे के लिए पूरा दिन इंतजार कर लेती थी। कितना बड़ा रंगरेज है वो? उसका साहिब। हर रंग दिखाता है, लेकिन नेह का रंग भूलता नहीं। प्रेम का रंग छूटता नहीं। हर रंग पर ये रंग भारी है। कितना चोखा रंग है उसका। धोय से छूटै नहीं रे दिन दिन होत सुरंग।
वह शिरपूर के बाजार में घूम रही थी। दादा ने कल ही बताया कि वह लड़का, जिसने अब तक उसके कारण शादी नहीं की थी और जो अमेरिका चला गया था, एक महीने से शिरपूर में है। दो तीन बार मिल चुका है, और चाहता है कि एक बार तू उससे मिल ले। डिम्पा की मां ने पहली बार में ना कह दिया, लेकिन फिर थोड़ी देर बाद बोली, घर पर ही बुला ले उसको। मैं उससे मिलने बाहर नहीं जाऊंगी।
शिरपूर की गलियां उससे पूछ रही हैं कि तुम वही हो, जो बाइक की पिछली सीट पर बैठ कर चिल्लाते हुए यहां से गुजरती थी? उसकी उंगलियां माथे पर गयीं। यहां उसने एक बार एक लाल रंग की बिन्दी लगायी थी। डिम्पा की मां को बिन्दियां बहुत अच्छी लगती थीं।
÷÷मैंने सपना देखा है तुमने अपने होंठों से मेरे माथे को छुआ है। तुम्हारे गोल होंठों ने वहां एक बिन्दी बना दी है। थोड़ी देर बाद तुम फिर मेरे माथे पर चूम रहे हो। उससे मेरी बिन्दी मिट जाती है और मैं बहुत रोने लगती हूं।''
÷÷पगली। बिन्दी मैंने ही तो लगायी थी। मैंने ही हटायी है। मैं जितनी बार तेरा माथा चूमूंगा, वहां सूरज की बिन्दी लगेगी। मैं तेरा माथा नहीं, तेरे भीतर बसे अपने आप को चूमता हूं और उससे कहता हूं कि आ, मेरे भीतर बस जा।''
और उसने मुझे बाइक पर बिठाया, मार्केट पहुंच गया। एक दुकान में घुस गया। वहां उसने अपने हाथों से बिन्दियां छांटीं। गुलाबी रंग की एक नेल पॉलिश ली और भवों के ऊपर लगाने वाले सितारे लिए।
÷÷मुझे ये सितारे अच्छे नहीं लगते?''
÷÷लेकिन तुम पर बहुत अच्छे लगेंगे।''
उसने बिन्दी को अपने होठों से पकड़ा और मेरे माथे पर लगा दी। फिर उसे देर तक चूमता रहा।
÷÷देखो, बिन्दी को परमानेण्ट कर दिया मैंने। मेरे होंठों के दाब से वह हमेशा के लिए तेरे माथे पर चिपक गयी है।''
डिम्पा की मां को लगा, यह वही दुकान है। वह अभी रो देगी। जम्बो और डिम्पा उसके साथ थे। वह दुकान में घुसी। पता नहीं, याद नहीं आ रहा, वही है या कोई और? एक गिलास पानी मांगा। देर तक वहीं सोफे पर बैठी रही। पूरी दुकान भरी पड़ी थी सामान से। बिन्दियां, मेकअप, पाउडर, कॉस्मेस्टिक्स, रंग बिरंगी चूड़ियां, बेटेक्स के गहने...सड़क पर कई बाइक्स खड़ी थीं। वह भी ऐसे ही टेढ़ी बाइक लगाता था। उसे कितनी बार कहा था कि ऐसे कभी गिर जायेगी, वह हंस देता था। कई बार हम बाजार के बाहर ही बाइक छोड़ देते थे। और यहां देर तक पैदल घूमते रहते थे। दिन का खाना हम साथ ही किसी होटल में खाते थे। खाने का ऑर्डर देने से पहले वह सारे आइटम्स जोड़ कर अंदाजा लगा लेता था कि कितना बिल आयेगा और मैं लाख बोलूं, दो रुपया टिप तो रख दो, कभी नहीं मानता था। बोलता, ऐसे फिजूलखर्ची करोगी, तो मेरा घर उजाड़ दोगी।
वह ऊंचा था। एक बार उसने मुझे उठा कर उछाल दिया था, जैसे मैं कोई छोटी बच्ची हूं। कितना डर गयी थी मैं?
÷÷जान ले लोगे क्या? गिर जाती तो?''
÷÷मेरे हाथ किसलिए हैं? जब गिरने का डर लगे, तो इन्हें पकड़ लेना।''
÷÷तुमने मेरे माथे पर बिन्दी क्यों लगायी थी?''
÷÷तुम्हारे माथे ने कहा था।''
÷÷क्या कहा था?''
÷÷मेरे होंठों से कहा था, आओ, हमेशा के लिए यहां सुर्ख सूरज बन कर बस जाओ।''
÷÷लाल बिन्दियों का एक पैकेट देना।'' डिम्पा की मां ने हौले से कहा।
उसने गैस पर चाय की पतीली रखी, तो वह सीधा किचन में ही आ गया।
शायद, वह अब भी वैसा ही दिखता था। उतना ही ऊंचा, वैसा गोरा, सुंदर। चौड़ा माथा। पीछे की ओर समेटे सारे बाल। कॉटन की एक सफेद शर्ट, आस्तीनें मुड़ी हुईं, हल्की नीली रंग की एक जीन्स, स्पोर्ट्स शूज, जिस पर लाल लाइनें खिंची हुई थीं। परेशान कर देने वाली एक महक अब भी उसके भीतर से आ रही थी। उसका पेट थोड़ा सा निकल आया था। आंखें वैसी ही थीं, जैसे बादाम के दो टुकड़े माथे के नीचे दोनों ओर रख दिये गये हों। एक हरी मिर्च नुकीली जैसी नाक। आगे से थोड़ा झुकी हुई। और संतरे की फांक को बीच में चीर दो, वैसे होंठ। जैसे संतरे में रसीले रेशे दिखते हैं, उसके होंठ का रस अब भी वैसा ही था। डिम्पा की मां बीच बीच में उसे देख रही थी। उसकी मूंछ के बालों में थोड़ी सफेदी आ गयी थी। उसके होठों पर रह रह कर कंपकंपी आ जाती थी।
डिम्पा की मां उसे देख कर मुस्करा दी। जवाब में वह नहीं मुस्कराया।
÷÷बाइक अब भी टेढ़ी ही खड़ी करते हो?''
÷÷हां, बाइक ऐसे ही खड़ी की जाती है।'' बरसों पहले भी वह यही जवाब देता था। कुछ लाइनें कैसे हमारे दिमाग में ज्यूं की त्यूं बस जाती हैं। लोगों की छवियां बनती बिगड़ती रहती हैं, जैसे पानी के हिलने पर अक्स हिलता है, पर लाइनें पानी पर नहीं लिखी होतीं। पानी कितना भी हिले, लाइनों के अक्स पर कोई असर नहीं पड़ता।
÷÷तुमने बाल इतने छोटे क्यों करा लिए हैं?''
÷÷ऐसे ही। बड़े बाल संभलते नहीं थे।''
÷÷तुम्हें याद नहीं, मैंने कसम दी थी तुम्हें, कहा था ये बाल मेरे हैं। इन्हें कभी काटना मत।''
÷÷बहुत समय हो गया, हमने एक दूसरे की कसमें माननी कब की बंद कर दीं। है न?''
डिम्पा की मां ने संड़सी से चाय का पतीला उठाया और दो कपों में चाय डालने लगी।
दोनों के बीच गर्म भाप का एक परदा आ गया। पतीले से छन छन की आवाज आ रही थी। जैसे गर्म तपते तवे पर कोई पानी की बूंदें छिड़क रहा हो। डिम्पा की मां की आंखें झुकी हुई थीं। कप में गिरती चाय को देख रही थी ध्यान से। भाप उड़ कर उसके चेहरे पर आ रही थी। एक बार इसने कहा था, जब मैं स्टीम ले रही थीᄉ
÷÷छकुली, देख, भाप बन कर तेरे चेहरे पर चिपक रहा हूं मैं।''
डिम्पा की मां के चेहरे पर भाप सी सनसनाहट आ गयी।
वह उसे अब भी देख रहा था। दूर खड़ा था। पहले के दिन होते, तो वह अब तक उसकी कमर से लिपट चुका होता।
उसकी कमर में सन सन करते भाप घुसी।
÷÷तुम बैठो, मैं चाय लेकर आती हूं।''
उसने दूध का पतीला खोला और चम्मच से मलाई उतारने लगी। उसे गर्म चाय पर मलाई की परत बहुत अच्छी लगती है।
वह अपनी जगह से नहीं हिला। चाय पर मलाई को बिछते, फिर डूबते, फिर ऊपर आते देखता रहा। डिम्पा की मां ने नैसकैफे का पैक खोला। चम्मच से कॉफी के हल्के हल्के बुरादे उठाये और तैरती हुई मलाई पर छिड़क दिया।
वह मुस्कराने लगा।
उसने अपनी हथेली बढ़ायी, जैसे कुछ मांग रहा हो। जब बहुत लाड़ में आता था, तो ऐसे ही हथेली आगे कर देता था, चाहते हुए कि छकुली भी उस पर अपनी हथेली रख दे।
डिम्पा की मां ने टे्र उठा ली और दरवाजे की ओर बढ़ गयीᄉ आ जाओ, हॉल में।
वह हथेली फैलाये खड़ा रहा। सिर झुका कर मुस्कराता रहा।
डिम्पा की मां ने पलट कर देखा, वह जाती हुई डिम्पा की मां को देख रहा था, कनखियों से।
बटनवाला उसे घर में बिठा कर बाहर चला गया था। जम्बो और डिम्पा पहले ही क्रिकेट खेलने चले गये थे। हॉल में कोई नहीं था। वे आमने सामने सोफे पर बैठे थे।
÷÷क्यों मिलना चाहते थे तुम?''
÷÷बस, तुमको एक बार देख कर ताजा कर लेना चाहता था। क्यों, तुम नहीं मिलना चाहती थी एक भी बार?''
÷÷एक बार तो जरूर मिलना चाहती थी। तुमसे कुछ कहना था।''
÷÷क्या कहोगी अब? ये कहोगी कि तुम्हें अब भी एक एक बात याद है? मेरी चाय, मेरी बाइक, मेरी छुअन?''
÷÷प्लीज।''
÷÷तुम कैसे जा सकती थी बिना बताये?''
÷÷यही पूछने आये हो?''
÷÷नहीं, मैं सिर्फ तुम्हें देखने आया हूं।''
÷÷चाय पियो।''
डिम्पा की मां ने अपना कप उठा लिया।
÷÷तुम्हें अब भी लाल बिन्दी पसंद है?''
... ... ... ...
÷÷मेरी बिंदियां खो दी न तुमने?''
÷÷मैंने इस लाल बिन्दी के नीचे छिपा कर रखी है तुम्हारी बिन्दी।''
÷÷और मेरी उंगलियों की छुअन? तुम्हारे बालों में जो सिहरन होती थी? तुम्हें मेरी भाप याद नहीं आती? तुम्हें नहीं याद आती मेरी आवाज, जिसे तुम अपने कानों में पहन कर कहती थी कि मेरी आवाज हवा में तुम्हारा चित्रा बनाती है, कि वह कानों में जाती है और यहां धड़कन चुप हो जाती है...''
÷÷प्लीज... सब याद है मुझे...याद है सब कुछ...''
÷÷याद है, तुमने कहा था, जब तुम्हारी बहुत याद आये, तो उस लैम्प पोस्ट के नीचे बैठ जाना। उसके नीचे अब भी पीली रोशनी आती है...हेमा, तुम्हें दिखता हूं मैं वहां बैठा हुआ? तुमने कभी उस लैम्प पोस्ट तक जाने की हिम्मत क्यों नहीं की?''
÷÷मुझे याद है...याद है...प्लीज...मत बोलो ये सब...''
÷÷क्यों नहीं बोलूं? मैं अभी भी उसी लैम्प पोस्ट के नीचे बैठा हूं...तेरे बारे में जानता हूं छकुली...तू चल मेरे साथ... हम फिर से सब कुछ शुरू कर सकते हैं...''
उसने डिम्पा की मां का हाथ पकड़ लिया। उठ कर बगल वाले सोफे पर आ बैठा। डिम्पा की मां आंखें बंद कर गहरी सांस ले रही थी। उसने अपना सिर पीछे टिका दिया और बंद आंखों से छत पर बसी हुई दुनिया देखने लगी।
उसे लगा, उसके माथे पर लगी बिन्दी पर दबाव पड़ा है। कोई गर्म भाप उसके भवों और मुंदी हुई पलकों पर फिर रही है। उसने अपने गालों पर दो गीले हाथों का दबाव महसूस किया। उन हाथों ने उसके गालों को इस तरह पकड़ रखा था, जैसे गुलाब की कली और डंठल के बीच एक हरा सा पुष्पाधार होता है, फूल उसी की कोख में से बाहर निकलता है, उसकी सुगंध और उसका बीज उसे हरे में महफूज रहता है। वह हरा हटा दो, फूल नीचे गिर जायेगा।
भाप धीरे धीरे नीचे आ रही थी। उसकी नाक की ठंडी कोर पर भाप इस तरह टिक गयी, जैसे उड़ते हुए बादल का टुकड़ा पेड़ की किसी टहनी पर अटक जाता है। उस टहनी पर, जहां एक चिड़िया अपने दो चुरुंगुनों के साथ घोसला बना कर रहती है। बादल वहां थोड़ी देर रहता है और उसके बाद टहनी और बादल एक रंग हो जाते हैं। बादल की जोर जोर की सांसों से टहनी झूलने लगी। टहनी के झूलने से बादल की रुई बिखरने लगी। थोड़ी सी रुई पिघली और टहनी पर बरसात होने लगी।
उसने अचानक हाथ छोड़ दिया। उसे लगा, वह उठ कर फिर सामने वाले सोफे पर बैठ गया। वह हाथ नहीं छुड़ाना चाहती थी। वह चाहती थी कि उसके गोल होंठ एक बार फिर उसके माथे पर एक गोल सूरज उकेर दें। उसकी भाप एक बार फिर उसके भीतर तक को नम कर जाय। उसकी उंगलियों की छुअन से बर्फ पर एक गहरी लकीर बनती जाय।
डिम्पा की मां ने आंख खोली। वह सामने बैठा हुआ था, सिर झुकाये।
गरदन घुमायी, बगल में डिम्पा खड़ा था।
÷÷हां बोल, क्या हो गया?''
÷÷मम्मा, टेन रुपीज देना। मैच लगाया है हम लोगों ने।''
टहनी पर्स लेने भीतर चली गयी।
डिम्पा की मां जब शिरपूर से जा रही थी, तो वह भी बस अड्डे तक छोड़ने आया था। बस निकलते निकलते उसने फिर कहा था, मैं इतंजार कर रहा हूं छकुली। ध्यान रखना मेरी बात का। डिम्पा की मां के गले में कांटे उग आये थे। उसके लिए थूक तक भीतर लीलना मुश्किल हो रहा था। उसे लगा, कोई चाक है, जिस पर उसे रख दिया गया है, वह घूमे जा रही है। कोई बहुत तेज रफ्तार से उसे घुमा रहा है। किसी ने उसका आकार बदलना शुरू कर दिया है। आसपास सब कुछ घूम रहा है। पृथ्वी, चांद, सूरज, आसमान, पेड़, इमारतें, बस, सब घूम रहे हैं। एक अंतहीन घूम है। जैसे कोई डायनामो घूमता है। उसने पलट कर नहीं देखा। बस छूट रही थी। वह लड़का अपनी जगह खड़ा होकर हाथ हिला रहा है। वह नहीं देख रही थी। वह लड़का वहां से चलता है। चलते चलते दूर एक लैम्प पोस्ट के नीचे जाकर बैठ जाता है। वह नहीं देख रही थी। वह खुद भी लैम्प पोस्ट के पास जाकर खड़ी हो जाती है। देखती है, लड़का अपने घुटनों में मुंह छिपा कर बैठा हुआ है। वह नहीं देख रही है।
बस रफ्तार ले लेती है। शिरपूर कस्बा गली दर गली छूट रहा है। सड़क दर सड़क पुराना पड़ रहा है। चक्का घूम रहा है। दुनिया चक्के पर रखी हुई है। चक्का दुनिया के गर्भ में है।
डिम्पा ने कितनी मिन्नतें की थीं कि उसे वहीं शिरपूर में ही रहने दिया जाय, पर डिम्पा की मां नहीं मानी। वह कितनी बार कह रहा था, जम्बो को भी साथ ले लो, पर जम्बो एक किनारे खड़ा हो गया। उसे नहीं जाना इन लोगों के साथ। डिम्पा जम्बो का हाथ नहीं छोड़ना चाहता। बोल रहा था, मुझे रोक लो, वरना जम्बो को भी मेरे साथ भेजो। डिम्पा की मां इतने दिनों से जम्बो से लगातार कह रही थी कि हमारे साथ चलो बेटा, पर जम्बो हर बार यह सुनने के बाद बटनवाला की बीवी के पास जाकर बैठ जाता था। वह इतना छोटा नहीं था कि जाकर पल्लू में छिप सके, पर उसके पास जाने का मतलब यही था। जम्बो कह रहा था बटनवाला से कि डिम्पा को यहीं रोक लो। पर डिम्पा की मां, डिम्पा को साथ में लेकर बस में बैठ गयी।
डेविड चाहता था कि जम्बो अब बड़ा हो गया है, तो यहीं आकर इनके साथ रहे, पर जम्बो खुद ऐसा नहीं चाहता था और बटनवाला भी नहीं चाहता होगा, तभी नहीं आया। डेविड को बहुत बुरा लगा कि बेटा मेरा है और उसे बटनवाला ने एक तरह से किडनैप कर रखा है। बटनवाला पर पहले ही उसका दिमाग सनकता था।
इसी बात पर वह डिम्पा की मां पर भड़क गया। उसका मानना था कि डिम्पा की मां ने ढंग से कहा ही नहीं होगा कि जम्बो को अब उनके साथ रहना है। बटनवाला को कोई संतान नहीं, तो इसका मतलब यह नहीं कि मैं हमेशा के लिए उसे अपना बेटा दे दूं।
डिम्पा की मां पहले तो उसे समझाती रही कि मैंने कहा था, पर खुद जम्बो नहीं चाहता। पंद्रह सोलह साल का हो गया है, अपने बारे में खुद सोच सकता है। बोल रहा था, बुआ, जब भी तेरी याद आयेगी, तेरे पास आ जाऊंगा। है ही कितनी देर का सफर। सच बात है, मैं उसकी बुआ हूं और तुम फूफा हो। बचपन से वह यही मानता आया है। भले उसे यह पता है कि हम उसके मां बाप हैं, लेकिन उसे इससे कोई मतलब नहीं, क्योंकि वह उन्हें ही मां बाप मानता है, तो बोलो, अचानक कैसे मान लेगा कि उसके मां बाप हम हैं, लेकिन डेविड को मानना ही नहीं था।
तंग आकर डिम्पा की मां ने उससे पूछा, एक बात बताओ, जब जम्बो आया था, तब तो तुम उसकी ओर देखते भी नहीं थे, दो मिनट उसके साथ बैठ कर बात तक नहीं करते थे, उससे पहले हमेशा तुम्हें यह लगता रहा कि वह तुम्हारी औलाद है ही नहीं, फिर अब क्यों इतना लाड़ आ रहा है उस लड़केपर?
डिम्पा की मां का इतना कहना था कि डेविड को ताव आ गया। इतने दिनों से वह अकेले था, तो बार बार सोचा करता था कि अपने ताव पर काबू रखेगा। रिश्ता ठीक करने के लिए वह माउंट मैरी तक हो आया है। इस बीच भी वह एक संडे गया था प्रेयर करने। वह नहीं चाहता कि डिम्पा की मां के साथ उसका झगड़ा बढ़ता रहे, पर कुछ न कुछ हो ही जाता है।
और फिर वही हुआ, जो इतने बरसों से होता आया। कोई नयापन नहीं। सब कुछ वही।
डिम्पा की मां एक सपने से निकल कर आयी थी। एक ऐसा सपना, जहां जुबान पर मीठा ही मीठा लगा हुआ था, जहां मोरपंखों से उसके सिर पर हवा की जा रही थी, जहां कोई बादल उसे भिगो रहा था। उस सपने से वह एक भट्ठी में आयी है, जहां उसे सींक में डाल कर तपाया जा रहा है। बरौनियों से नमक उठावाया जा रहा है। किनारे पर बिठा कर चप्पू चलाने को कहा जा रहा है।
कॉलोनी में डिम्पा की मां से बात करने वाला कोई नहीं बचा। वह जहां जाती है, उसे समझ में आ जाता है कि उसे टाला जा रहा है, लेकिन टलना उसकी आदत है नहीं। वह विजू सावंत के घर जाकर बैठ जाती है। उसकी बेटी नंदू सावंत अलग किस्म की प्रॉब्लम में पड़ी हुई है। बेचारी, घर से भाग गयी थी। उसके मां बाप ने उसका घर से बाहर निकलना बंद कर दिया है। उसने पार्वतीबाई को समझाना चाहा कि वह जिससे शादी करना चाहती है, उससे करा दे, वरना आगे चल कर पछताना ही पड़ेगा, लेकिन पार्वतीबाई ने उल्टे उसी को चार बातें सुना दीं। वह नंदू से मिलती है। उसकी आंखें रो रोकर सूजी हुई हैं।
डिम्पा की मां पार्वतीबाई से बात करके उसे अपने घर ले जाती है। वह उसे बाइबल के कई किस्से सुनाती है, जिससे दिल साफ हो जाता है, उस पर का बोझ कम हो जाता है।
नंदू पूछती है, चाची, तुम्हारे दिल पर बोझ आता है, तो क्या करती हो?
बाइबल पढ़ती हूं बेटा। चुपचाप। एक कमरे में बैठ कर। बचपन से मेरी आदत है। जब भी दिल बहुत उदास होता है, मैं वो चैप्टर पढ़ने लगती हूं, जिसमें जीसस दुबारा इस धरती पर आता है। तुम्हें पता है, यह दुनिया की सबसे बड़ी उम्मीद हैᄉ गये हुए आदमी का लौट कर आना। जो आपके जीवन से चला जाता है, जब तक आप उसका इंतजार करते रहते हैं, तब तक आप में ताकत रहती है। जैसे अंधे की आंख चली जाये, तो उसे इंतजार रहता है नजरों के लौट आने का। एक दिन उसका इंतजार इतना गाढ़ा हो जाता है कि उसकी नजर तो नहीं आती, लेकिन उसका इंतजार ही उसका नजर बन जाता है। इंतजार इंसान को सबसे बड़ी मजबूती देता है। इससे बड़ा टॉनिक कोई और नहीं। और जीसस का दुबारा आना यह बताता है कि इंतजार की हमेशा जीत होती है। बस, जीत की शक्ल बदली हुई होती है। उस दिन आपका इंतजार खत्म होता है, आप जीसस के सबसे करीबी बन जाते हैं।
डिम्पा की मां अपने जीवन का सार उसे सुनाती है। उसे अपने पसंदीदा चैप्टर सुनाती है। वह रोज उसके पास आती है। डिम्पा की मां उससे बहुत कुरबत महसूस करती है। एक दिन कहती है, नंदू, तू तो भाग भी सकती है, एक बार अपनी मर्जी कर भी चुकी है। उन लड़कियों के बारे में सोचा है कभी, जो अपनी मर्जी से कभी कर भी नहीं पातीं?
मैं सिर्फ अपने बारे में सोचती हूं, चाची। मुझे ज्यादा चीजें समझ में नहीं आतीं। सच कहती हूं, मन करेगा, तो मैं फिर भाग जाऊंगी। मेरा बाबा बहुत डरपोक है। अगर उसमें थोड़ी भी हिम्मत होती, तो मेर्को कभी भागने की जरूरत नहीं होती। आई तो ठसबुद्धि है। उसको कुछ नहीं समझता। दामू अण्णा की बीवी जैसा बोल के जाती है, बस वैसा ही करती रहती है।
पर तुझे बदनामी से डर नहीं लगता क्या? डिम्पा की मां ने उससे पूछा।
चाची, तुमको लगता है बदनामी से डर?
चाची चुप हो गयी। उसने अपना ध्यान किचन के काम में लगा दिया। नंदू सावंत वहां खड़ी थी, सिर झुकाये अंगूठे से फर्श पर कोई चित्रा बना रही थी या किसी का नाम लिख रही थी या किसी लिखे हुए नाम को दुरुस्त कर किसी और का नाम लिख रही थी या अंगूठे का व्यायाम कर रही थी।
हां, मुझे तो डर लगता है नंदू, बदनामी से।
नहीं, डरना चाहिए चाची। तुझे पता है न, तेरे बारे में क्या क्या बोलते हैं लोग, चाची, तेरे पड़ोसी, इसी कॉलोनी के लोग? इसके बाद भी तू किसी की परवाह नहीं करती, यहां ऐश से रहती है। चाचा के साथ इतना लफड़ा होता है, तू क्यों नहीं छोड़ के चली जाती? जब बिना कुछ किये बदनामी होती है, तो फिर कर के लो न। अपना तो यही फंडा है चाची।
डिम्पा की मां सन्नाटे की दीवार के भीतर चिन कर खड़ी हो गयी। वह अपने हाथ से एक एक ईंट रख रही थी। यह ईंट उसने अपनी आंखों के सामने रखी और बस, कुछ भी दिखना बंद। हर ओर अंधेरा।
एक दिन नंदू ने कहा था, चाची, बहुत आसान होता है किसी को बदनाम कर देना। समझ ले, मैं एक मरद हूं। तुझसे बोलता हूं कि वो देख, वो सामने जो जा रही है न, बहुत कड़क है। परसों दिन में ली थी उसकी मैंने। तो बोलो, क्या सोचोगी तुम? उस औरत से पूछने तो नहीं जाओगी न। यकीन कर लोगी न मेरी बात पर। ऐसा ही होता है। मरद जिसकी सपने में भी लेता है, उसके कैरेक्टर को असल लाइफ में भी बदनाम कर देता है। जिस औरत के बारे में बोलता है कि वह बहुत खराब है, दरअसल उसे खराब करने में वह अपना भी हिस्सा देखना चाहता है। चाचा जिस दिन सपना देखेगा कि तू किसी और के पास से आ रही है तो उस सपने पर विश्वास कर लेगा। उसे लगेगा कि जीसस उसे आगाह कर रहा है सपना दिखा कर।
ये सारी बातें एक ही दिन में नहीं हुई थीं। रोज के टुकड़े टुकड़े को जोड़ दो, तो ऐसी ही बातें बनती थीं। डिम्पा की मां को लगता है कि उसके भीतर भी थोड़ी सी नंदू सावंत होती, तो अच्छा था। थोड़ी सी नंदू सावंत कहां से मिलेगी? उसे नंदू सावंत अच्छी लगी थी। नंदू हर वक्त एक कोशिश करती रहती है ᄉ अपने आप को पाने की कोशिश। उसे पता नहीं, कितना सफल होगी वह। पर खुद को पाने की कोशिश करती लड़की से खूबसूरत कुछ नहीं हो सकता। इसीलिए उसने सबके सामने कहा था, खम ठोंक कर कि फिजूल तुम लोगों ने लड़की को बदनाम कर रखा है। हीरा है वो तो।
डिम्पा की मां खुद अपने भीतर तलाश कर रही थी। वहां कई औरतों का वास था, पर वह किसी को पहचान नहीं पा रही थी।
गुड्डू गांधी को तो जैसे चस्का लग गया था। हाथ फिराते फिराते साला क्या हो गया, रात दिन डिम्पा की मां के बारे में ही सोचे जावे। पहले ऐसी हालत येड़ा ढेपलू की हुई थी, लेकिन येड़ा को जब पड़ी, तो उसके बाद वो भूल गया। वो हम लोगों को पता ही नहीं था, जब एक दिन गुड्डू गांधी डिम्पा की मां की पूरी जन्मकुंडली लेकर बैठ गया। वह पिछले कुछ दिनों से डिम्पा की मां को लगातार फॉलो कर रहा था। डिम्पा की मां रोज सब्जी लेने आती थी बिरला गेट तक। हालांकि इस बात का कोई तुक नहीं था। ज्यादातर कॉलोनी की औरतें संडे टु संडे आती हैं और हफ्ते भर की सब्जी लेकर जाती हैं, पर डिम्पा की मां रोज क्यों आती है। आकर वह नईम केलेवाले के पास लगी कुर्सी पर बैठ जाती है। नईम से अच्छी बनती है। नईम उसके लिए बहुत से काम कर देता है। कुछ औरतों की आदत होती है चेले पाल कर रखने की। कोई जरूरत हो, तो उसको दौड़ा दो। चेलों को कुछ मिलता नहीं, बस, जी हुजूरी में ही निकाल देते हैं पूरा टाइम, उम्मीद के साथ। नईम भी वैसा ही था। नईम के साथ उसकी दोस्ती बहुत पहले हो गयी थी। नईम की तब बहुत ज्यादा उम्र नहीं थी, जब वह केले की दुकान पर बैठने लगा था। डिम्पा की मां उसे रोज देखती थी। एक दिन नईम के हाथ में चोट लगी थी। उसने सिम्पल पट्टी बांध रखी थी। डिम्पा की मां उससे केला लेती थी कभीकभार। पट्टी देखी, तो पूछ लिया। नईम ने बताया, ऐसे ही फल पे चाकू चलाते समय लग गया। डिम्पा की मां ने चोट देखी। उसने बोरोलीन लगा कर पट्टी बांध रखी थी। वह सामने के मेडिकल स्टोर में गयी और एक पाउडर, कुछ दवाएं लेकर आयी। पाउडर लगा कर पट्टी बांधी और उसे दवाइयां दे दी। फिर उससे पूछा, तू कौन सी क्लास में पढ़ता है? बोला, ग्यारहवीं में। डिम्पा की मां उसके लिए ग्यारहवीं की चार किताबें और चार रजिस्टर खरीद कर लायी। बोली, आज से पढ़ाई में जास्ती ध्यान देने का। पता नहीं, क्यों किया उसने ऐसा, पर उसके बाद से नईम उसका भक्त हो गया। डिम्पा की मां आदमी लूटना जानती थी।
तो गुड्डू गांधी एक बार उसके पीछे पीछे तक उसके घर गया। पहले बिरला गेट से कॉलोनी की बस में उसके पीछे बैठा। बस सीधे कॉलोनी के अंदर रुकती थी। आखिरी स्टॉप तक गया। पैदल पैदल डिम्पा की मां के पीछे पीछे उसके घर तक, फिर वहीं से कॉलोनी के एक दोस्त के घर चला गया। वहां उसने डिम्पा की मां के बारे में काफी मालूमात की।
बस, फिर उसका नियम बन गया। रोज उसके पीछे पीछे कॉलोनी की बस में, फिर अंदर तक छोड़ कर आवे। एक दिन डिम्पा की मां के पास बहुत ज्यादा सामान हो गया। बेचारी उठा ही नहीं पा रही थी। उठा कर बस तक न जा पावे। इससे पहले कि वह आसपास देखे, गुड्डू गांधी पहुंच गया मदद के लिए। उठा कर बस में रखा सामान। बस में साथ बैठा। यहां वहां की बात करते हुए टाइम पास किया और उसके बाद घर के दरवाजे तक छोड़ कर आया। गांधी तो घर के भीतर तक जाने की पूरी ट्रिक में था, पर डिम्पा की मां ने उसे रोक दिया। कहा, यहीं रख दो। यहां से मैं एक एक करके ले जाऊंगी। गांधी बोलता रहा गया कि अंदर तक छोड़ आता हूं, पर डिम्पा की मां ने थैंक्यू थैंक्यू बोल कर उसे विदा करदिया।
गांधी बहुत उत्साहित था। उसने डिम्पा की मां के सामने बहाना बना दिया था कि वह कॉलोनी में फलां लड़के का दोस्त है और उसके साथ पढ़ने के लिए वह रोज शाम कॉलोनी में जाता है। बस, रोज का साथ हो गया।
एक दिन बस में डिम्पा की मां से बोला, आंटी, कॉलोनी की लड़कियां...तो...क्या बोले अब?
क्या हो गया?
अरे बस, सब ऐसे ही फेमस हैं।
लड़के कम हैं क्या?
अरे, पर लड़कों का क्या?
देखो, लड़के कुछ कर नहीं पाते, तो लड़कियों को बदनाम करने लगते हैं।
नहीं आंटी, मैंने तो अपनी आंख से देखा है कई को।
तो उसमें क्या है? सबको उनके मां बाप ने बिगाड़ रखा है। जितना दबाओगे, उतना भागेंगी।
हा, फ्री तो छोड़ना ही चाहिए, पर ऐसा होता नहीं। सबसे ज्यादा दिक्कत वहीं होती है, जहां फ्री नहीं होते।
गांधी को लगा कि फ्री बोल कर आंटी ने कई रास्ते खोल दिये हैं।
हम हर रोज उम्मीद करते कि आज गांधी कोई बड़ी मटकी फोड़ेगा। आकर बतायेगा कि आज ये कर दिया, वो कर दिया, वो कर दिया, पर उसको इतने में ही बहुत खुशी हो रही थी। वह डिम्पा की मां का जबर्दस्त पीआर करने लगा था। अगर हममें से कोई उसके बारे में कुछ गलत बोलता, तो गांधी लड़ जाता। इतनी नड़ीबाजी उसने किसी चीज के लिए नहीं की थी।
एक दिन गांधी आया। बहुत सनका हुआ था। वह किसी भी तरह डिम्पा के बाप को मार डालना चाहता था। हम हैरान थे। पूछ रहे थे ᄉ क्या हो गया, बाबा बता तो सही?
मार डालेगा उसको। गया वो साला। आठ इंच का डालेगा उसके अंदर।
ए बाबा बस कर। चल बोल, हुआ क्या?
उसके बाद गांधी ने जो सुनाया, तो हंस हंस कर हम सबका बुरा हाल था। इतना तो कभी येड़ा ढेपलू की हरकतों पर भी नहीं हंसे थे हम।
दो दिन में डिम्पा की मां उसे घर में ले जाने लगी थी। पहले दिन तो सच में सामान बहुत ज्यादा था। डिम्पा की मां बोलती रही कि यहीं रख दो, यहीं रख दो। पर गांधी नहीं माना।
अरे नहीं आंटी, आप खोलो तो सही दरवाजा। अंदर रख देता हूं।
डिम्पा की मां ने दरवाजा खोला, तो गांधी ने एक एक सामान अंदर रख दिया। उसका घर देखने लगा। टाइम पास करने के लिए बातचीत करने लगा कि घर तो बहुत अच्छा मेण्टेन किया है आंटी वगैरह वगैरह।
आंटी ने भी उसकी बातें सुनीं और उसे पानी का एक गिलास पिलाया। उसके बाद गांधी बैठने के बारे में सोचने लगा, तो आंटी ने कहा, ठीक है गुड्डू। फिर कल मिलते हैं। उम्मीद है, कल मेरे पास सामान ज्यादा नहीं होगा और मैं तुम्हें इतना परेशान नहीं करूंगी।
अरे आंटी, अरे आंटी बोलता, शर्मिंदा होने का नाटक करता गांधी निकल गया। अपनी किस्मत को कोसता।
दूसरे दिन भी उसे घर के अंदर जाने में कामयाबी मिल गयी। आज आंटी ने उसके लिए चाय रख दी थी। वह खुद बोल रहा था कि आंटी, चाय फिर कभी पियूंगा, मैं जाता हूं। पर आंटी ने रोक लिया।
चाय बनाने लगी। इतने में दरवाजे की घंटी बजी। गांधी घबरा गया। आंटी ने आवाज दी, दरवाजा खोलना। गांधी ने उठ कर दरवाजा खोला, तो सामने डिम्पा का बाप।
कौन है तू?
म...म...
डेविड उसे धक्का देता हुआ घर में घुस आया। डिम्पा की मां चाय बना रही थी।
कौन है ये?
ये...ग...ग... गुड्डू है। डिम्पा की मां बुरी तरह सकपका गयी। कांपने लगी। वो मेरा सामान ज्यादा हो गया था, तो ये अंदर तक छोड़ने आ गया था।
कित्ता सामान था तेरा?
गांधी की फट गयी। उस दिन सामान था ही नहीं। एक झोला था, जिसमें थोड़ी सी सब्जी थी। कल ही तो इतना सामान लेकर आयी थी बाई।
इतने से सामान को तू नहीं उठा पा रही थी? असिस्टैण्ट लेना पड़ गया? तेरा असिस्टैण्ट और क्या क्या करता हे तेरे वास्ते?
डिम्पा की मां ने गांधी को जाने के लिए कहा।
नहीं रुक बेटा रुक।
दो महीने से तुम लोगों का नाटक चल रहा है। बहुत सामान होता है तेरा और तेर्को घर के भीतर तक छोड़ने आता है ये। फिर दो दो घंटे तक सामान ही छोड़ता रहता है ये। कितना अंदर तक लेती है रे तू इसका सामान?
अंकल, जास्ती मत बोलो। गांधी ने बीच में कहा। उसे बुरा लगा, किसी ने उसकी वाली के बारे में ऐसा कहा। वह तप रहा था। एक तो पहले ही डरा हुआ था। कोस रहा था। आज ही जल्दी भागने को सोच रहा था। शायद डर था, पनौती का।
डेविड को बर्दाश्त नहीं हुआ उसका टोकना।
साले, तू मेरे घर में आकर अय्याशी कर रहा है और मुझको बोल रहा है, जास्ती नको बोलो। तू जास्ती कर रहा है कि मैं?
और सनाक। डेविड ने गांधी को चैरिटी में दिया। रख के। कान के नीचे लाल हो गया।
डिम्पा की मां बीच में आ गयी।
डेविड को एक ओर ले जाने लगी।
साले, दिखना मत कल से यहां पर। जानता नहीं क्या मेर्को? तेर्से बड़ा लुक्खा हूं मैं? पूछ लेना जाके बिरला गेट वालों से। वहीं खड़ा होकर अपनी मय्या ... है न तू?
गांधी के तनबदन में आग लग गयी। डेविड डिम्पा की मां के बस में आने से तो रहा। छुड़ा कर फिर मारने आया। गांधी को सम्पट नहीं, क्या करे? अगर इधर पब्लिक इकट्ठी हो गयी, तो वांदे लगजायेंगे।
गुड्डू, तू जा यहां से। डिम्पा की मां चीखी।
गांधी के शरीर में जैसे जान आयी। वह घूमा, तब तक डेविड का एक और हाथ उसके कंधे पर पड़ा। वह बिलबिला गया। दरवाजे पर गिरा। तेजी से दरवाजा खोला। और बाहर। बंदे ने एक शाणपणा किया। दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। बाहर देखा, कोई नहीं था। डेविड की गालियों के लिए दरवाजा बंद नहीं था। वे दरवाजे के पार भी वैसे ही आ रही थीं। वह कॉलोनी के बाहर आया। रिक्शा पकड़ा और सीधे हम लोगों के पास। रास्ते भर वह सोचता आया कि जाकर सीधा अर्जुन गढ़वाली से मिलेगा और डेविड को फोड़ डालेगा।
हम जितना हंसते, गांधी को उतनी मिर्ची लगती।
गढ़वाली बोला, फोड़ने को तो अभी फोड़ देते हैं उसको। पन ये बता, डिम्पा की मां का क्या हुआ? तू तो दरवाजा बंद करके आ गया, अब वो तो उसकी फाड़ देगा। बेचारी, भाग भी नहीं पायेगी पेटीकोट में।
और सारे लुक्खे फन फन करते हंसने लगे।
उसके बाद डिम्पा की मां गांधी से नजरें नहीं मिला पायी, न ही गांधी। कई दिनों तक तो डिम्पा की मां नजर ही नहीं आयी। एक दिन गांधी कॉलोनी में जाकर देख आया कि वह ठीक तो है। उसे कुछ पता नहीं चला। एक दो लोगों से पूछने की कोशिश की तो वो लोग गांधी को ऐसे देखने लगे, जैसे मंगल ग्रह से आया हो। शाम होने के बाद काफी देर तक छिप कर उसके घर के पास खड़ा रहा, तो टयूबलाइट की रोशनी में डिम्पा की मां का अक्स खिड़की में दिख गया। उसे अच्छा लगा। वह लगातार सोच रहा था कि डेविड को बजा दे, पर गढ़वाली ने उसको हड़का दिया।
बोला, शादी करेगा उससे? तेरी उमर के बच्चे हैं उसको, पालेगा क्या? गांधी कुछ नहीं बोला।
फिर कायको उछल रहा है? गप बस, और ढंग का माल ढूंढ अपने वास्ते। और हां, माल ढूंढ, मालगाड़ी नहीं।
गांधी को फिर बुरा लगा।
बहुत अच्छी है वो। फुक्कट में उसका आदमी उस पर डाउट करता रहता है।
बहुत अच्छी है तो, तेर्को घर में कायको ले के गयी?
वो तो दोस्ती हो गयी थी। ये वास्ते।
दोस्ती से ही होता सब शुरू। तू क्या मां बनाने की नीयत से जाता था उसके साथ?
नहीं, उसका मरद बहुत खराब है। खुद चौबीसों घंटे तर्राट रहता है। रांडगिरी में लगा रहता है। अरे, हम दोनों ने साथ में कित्ती आइटम बजायी है। भोत बड़ा चमड़ी है साला।
और तू उसी की वाइफ को बजाने चला गया? जब तू उसके साथ ये सब कर चुका है, तो तेर्को अपने घर में देख कर वो क्या सोचेगा? फिर कैसे छोड़ेगा तेर्को? सत्यनारायण करवाने आया है, ये सोचेगा वो तेर्को देखके?
वैसे, गांधी येड़ा से बड़ा फट्टू था। वह गढ़वाली से पूछ ही इसलिए रहा था कि वह मना कर दे। इतना ही मन था, तो बिना पूछे ही बजा कर आ जाता। गढ़वाली रोक लेता क्या उसको?
इन दिनों डेविड का दुबई वाला भाई आया हुआ था। डेविड दिल से उसके साथ लगा रहता है। भाऊ बोलता है उसको। एक दो साल पहले आया था पिछली बार। भाऊ डिम्पा पर जान देता है। जब भी आता है, कुछ न कुछ बड़ा गिफ्ट लेकर आता है। पिछली बार आया था, तो डिम्पा के लिए मस्त स्पोर्ट्स साइकल और एक स्टडी टेबल लेकर आया था। चॉकलेट बिस्किट की तो गिनती ही नहीं। डिम्पा की मां के लिए हमेशा मेकअप का सामान होता था। और डेविड के लिए दारू। महंगी विदेशी। डेविड से बहुत दोस्ती है उसकी। इतने साल बाद भी याद रखता है, कम है क्या? चार पांच दिन रहता है, फिर डेविड को लेकर शिरपूर चला जाता है।
इन दिनों आया है, तो सारा समय डिम्पा के साथ रहता है। जितनी देर डेविड घर में रहता है, वह डेविड के साथ, वरना डिम्पा को लेकर बाहर निकल जाता है। डिम्पा उससे दुनिया भर की बातें पूछता रहता है। उसे बहुत अच्छा लगता है दुबई की बातें सुनना, फ्लाइट की बातें सुनना। एयरपोर्ट पर कितना मजा आता होगा, कैसे विदेश में काका अपनी मराठी सुनने को तरस जाता है।
भाऊ दुबई में एक होटल में काम करता है। शिरपूर का है। कमाने के लिए दुबई गया है। उससे पहले दो साल बहरीन के एक होटल में रह चुका है। खाना बनाता है। साउथ इंडियन डिश। भाऊ के हाथ का सांबर कभी पी लो, तो अक्खी लाइफ इंडिया में सांबर पीने को दिल नहीं करेगा। काका एक से एक कहानी बताता है। जब वह बहरीन गया था, तो उसके पास बिल्कुल पैसे नहीं थे। एक दोस्त के साथ गया था। उससे पहले मुम्बई में कुक था वो। पर पहले साल वो बहरीन से लौटा, तो सबसे पहले गांव में तीन एकड़ जमीन खरीदी थी उसने। उसके बाद एक दो साल में आ जाता है महीने भर के लिए। यहां प्रॉपर्टी खड़ी करता है और फिर चला जाता है। ऐसे ही एक भांजे को उसने डॉक्टरी के कोर्स में डाल दिया है। भाऊ का अपना कोई परिवार नहीं है। उसने शादी ही नहीं की। एक बार डिम्पा की मां ने पूछा था, भाऊ, अभी तक क्यों नहीं की? कोई पसंद नहीं आयी क्या?
पसंद तो आयी, लेकिन अभी तक उसने हां नहीं की।
जवाब सुन कर डिम्पा की मां शर्मा गयी थी। बटनवाला के कारखाने में भाऊ भी आता था। बटनवाला के साथ उसकी दोस्ती थी। वह हमेशा डिम्पा की मां को हंसती हुई निगाह से देखता था। जवाब में डिम्पा की मां भी उसे एक हंसती हुई निगाह का दान करती थी।
डिम्पा की मां खाना परोसती है।
भाऊ कहता है, मैंने अक्खी दुनिया का खाना खाया, लेकिन वहिणी जैसा बनाती है, वैसा कोई नहीं बना सकता।
डिम्पा की मां खुश होकर उसे देखने लगती है। कुछ कह नहीं पाती।
भाऊ पलंग पर बैठ कर खाता है। डेविड की आदत है यह। डेविड को कितनी बार बोला जाय कि डाइनिंग टेबल पर बैठ जाओ, उसको नहीं जमेगा। ज्यादा बोलो, तो जमीन पर बैठ जायगा। ज्यादा देर तक जमीन पर बैठेगा, तो फिर कमर दर्द कह कर चिल्लायेगा। बोलेगा, ठंडी जमीन सीधा कमर में घुस गयी।
भाऊ तारीफ की नजर से उसे देखने लगा। उसकी आदत है, देखेगा, तो देर तक देखता रहेगा, नहीं तो नजर भी नहीं उठायेगा।
ये डेविड की तरह क्यों देख रहा है? नहीं, डेविड नहीं, यह तो उसकी तरह देख रहा है? वैसी ही मूंछ है, घनी मोटी। इसकी भी शर्ट से सीने के बाल वैसे ही झांक रहे हैं? नहीं, यह तो गुड्डू गांधी की तरह देख रहा है? डिम्पा की मां उसे देखे जा रही है। उसे लग रहा है, भाऊ को आज पहली बार देख रही है वह। इतने सालों में उसने देखा ही नहीं कि भाऊ उसकी तरह लगता है, जो उसके इंतजार में अभी भी बैठा है। क्या उसका इंतजार कभी खत्म होगा? क्या डिम्पा की मां भी किसी इंतजार में बैठी है? क्या डिम्पा की मां का इंतजार कभी खत्म होगा? क्या भाऊ का हां सुनने का इंतजार कभी खत्म होगा? जीसस लौट कर आयेगा और बतायेगा कि इंतजार की हमेशा जीत होती है। दुनिया की हर चीज को हक है थकने का, इंतजार को नहीं है।
उसने डेविड को वह सपना बताया था। डेविड ने कहा था, तेरा इंतजार खत्म हो गया है।
कैसे खत्म हो गया?
जब मैं तेरे साथ नहीं था, तब भी तेरे साथ था। तेरे सपने में आता था मैं।
हां, तभी तो तुम जब मूड में होते हो, तो कहते हो डार्लिंग, मैं जा रहा हूं। अब सपने में मिलूंगा तुझसे।
हां, सपने में मैं बिल्कुल अलग दिखता हूं। जब तू मेरा सपना देखती है, तो मुझे पता चल जाता है, मेरी आंखों में नींद उतरने लगती है। वे मुंदने लगती हैं। ऐसा लगता है, तेरी नींद मेरी आंखों को अपने पास बुला रही है।
डिम्पा की मां की आंखों में नींद उतरने लगी है। उसकी आंखें मुंद रही हैं।
भाऊ खा रहा है या डेविड? कौन है, जो उसके सामने बैठा है। कौन है, जो इतनी देर से उसे तके जा रहा है? कौन है, जिसकी आंखों का एक कोना उसके लिए गीला रहता है? कौन है, जो सपना देखता है और सामने वाले को सपना दिखाने के लिए अपनी पूरी नींद कुर्बान कर देता है?
भाऊ डिम्पा को एक और कहानी सुनाने में लग गया है। डिम्पा की आंखें चमक रही हैं। अपनी आंखों में सपने बो रहा है। ये जो चमक है, वह खेत में पानी डालने की चमक है। ये बीज बिखेरने वाली चमक आयी। उफ! डिम्पा की आंखें कितनी चौड़ी हो गयी हैं। ये खेत में हल चलने की चमक है। आंखें फिर पानी से भर गयीं। ये बरसात की चमक है। इससे बीज आंखें खोलते हैं। और ये, डिम्पा की आंखें हरी हो गयी हैं। सपनों की फसल लहलहा रही है। डिम्पा, चल, सपनों की फसल को काट लेते हैं, इससे पहले कि फिर एक और बारिश हो, सारी फसल चौपट हो जाए।
डिम्पा की मां के पास अकेलेपन का एक बीहड़ है। उसमें ये चमक कितनी सुंदर दिख रही हैं जब अपनी आंखें बेनूर हो जाएं, तो दूसरों की आंखों की चमक ताकत देती है।
डेविड की आंखों में ऐसी ही चमक आती थी, जब वह डिम्पा की मां के करीब बैठता था।
मैं तेरे पास होता हूं, तो खुशी से मेरा दिल कांपने लगता है। तब मुझे डर लगता है कि मेरी खुशी बचेगी न? रहेगी न मेरे पास ताउम्र?
क्यों नहीं रहेगी? हम दोनों खुशी की इस चमक को अपनी पुतलियों से पकड़ कर रखेंगे।
डिम्पा की मां के बदन का रंग बदल रहा है। साहिब बहुत बड़ा रंगरेज है। उसकी बातें याद करो, तो रंग बदलने लगता है। उसकी आंखों में उसकी रंग की सफेदी छा रही है। उसका मन कर रहा है कि इसी वक्त अंधेरा हो जाए, और वह किसी लैम्प पोस्ट के नीचे बैठ कर देर तक घुटनों में सिर छिपा कर रोती रहे। उसका वादा है जब उदास होना, लैम्प पोस्ट के नीचे एक बार आ जाना। वहां, जहां रोशनी बहुत कम होती है। और जो एक मैदान के किनारे है, जहां सारे विचार और भाषा खो जायेंगे...जहां इस ठसाठस भरी दुनिया के बारे में कुछ कहने को जी नहीं करेगा...जहां भी रहेंगे हम दोनों, वहां नजर जरूर चली जायेगी। हम बिना भाषा, बिना विचार के वहां मिल लेंगे...उस मैदान में, जहां घास होगी हमारी आत्माओं के कद से ज्यादा...
कौन आयेगा लैम्प पोस्ट के नीचे, अगर कभी उदास होकर मैं बैठ गयी तो?
मम्मा, भाऊ कैसा लगता है तुझको?
अच्छा है न। क्यों, क्या हुआ?
मुझे भी बहुत अच्छा लगता है। मैं उसको बोल भी रहा था एक दिन कि काका, तू मेरा बाप होता, तो बहुत अच्छा होता।
तेरा बाप ही अच्छा है रे।
क्या अच्छा है? तू भी बोलेगी अब ये बात?
क्यों? मैंने कब कहा कि अच्छा नहीं है।
पर कहना तो चाहती है न?
नहीं, मेरे लिए बहुत अच्छा है वो। तेर्को दूसरा बाप चाहिए, तो पूछ ले एक बार अपने बाप से। डिम्पा की मां हंसने लगी।
क्या पूछूं कि पापा, मैं तुम्हें रिप्लेस करना चाहता हूं भाऊ से?
हां, पूछ लेना। डिम्पा की मां ने होंठ दबा लिये।
वो मेर्को कुछ नहीं बोलेगा, आ के तुझ पे भड़क जायेगा कि यानी अब तू उसके साथ...
चुप्प। डिम्पा की मां ने आंख दिखायी।
उसकी आदत है वो, पर दिल से बुरा थोड़े है।
मम्मा, दिल को चाटना होता है क्या? और वैसे भी जो दिल में होता है, वो बाहर आ ही जाता है। डिम्पा की मां चुप हो गयी।
मैंने भाऊ से बात कर ली है। मैं अपना पासपोर्ट बनवा रहा हूं। मैं दुबई चला जाऊंगा। यहां नहीं रहने वाला।
क्या करेगा दुबई जाकर?
काका ने बोला है, उसके होटल में बात कर लेगा वो।
पापा से बात कर ले। वो जैसा बोलते हैं...
पापा से बात नहीं करनी। वो कभी नहीं जाने देंगे।
क्यों नहीं जाने देंगे? जाकर अच्छा कमायेगा, तो क्यों मना करेंगे?
मना करेंगे क्योंकि तू भी मेरे साथ जा रही है।
मैं क्यों जाऊंगी? तुझे जाना है तो जा। मैं क्यों जाने लगी?
तू भी चलेगी, क्योंकि मेरे पीछे पापा तेरा जीना हराम कर देंगे।
नहीं रे। मैं उसको छोड़ कर नहीं जाऊंगी।
इतना होने के बाद भी? हर दूसरे दिन का ड्रामा है। बात बात पर मारपीट।
इसका मतलब घर छोड़ कर तो जाना नहीं होता। और जाना ही होता, तो बहुत पहले चली जाती।
चले जाना था, तुझे हम लोगों को लेकर चले जाना था। कम से कम इस माहौल से तो छुट्टी मिलती।
देख डिम्पा, उसको बता कर जाऊंगी, तो वह जाने नहीं देगा। और बिना बताये जाऊंगी, तो बोलेगा, कि भाऊ के साथ भाग गयी है वो।
तो वैसे भी तो इतना बोलता है। तेरे बारे में कम बोलता है क्या?
पर मैंने तो ऐसा कभी किया नहीं। मैं तो सच्ची रही। मुझे क्या फर्क? बोलता रहे।
वही तो मैं भी बोल रहा हूं, बोलता रहे, सोचता रहे। कम से कम तेरी लाइफ तो अच्छी रहेगीन।
जो चीज मैंने नहीं की, उसके लिए क्यों सुनूं मैं?
देख, क्या किया तूने, क्या नहीं किया, इससे फर्क नहीं पड़ता। सवाल एक बेटर लाइफ का है। वैसे, शिरपूर में क्या किया था, मैंने भी देखा था, पर वो दूसरी बात है।
क्या किया था शिरपूर में मैंने।
छोड़। देखा था मैंने।
बोल ना, क्या किया था मैंने?
हाथ नहीं पकड़ा था उसका।
मैंने नहीं पकड़ा था। उसने पकड़ा था। और फिर मैंने छुड़ा भी दिया था। और वो जो भी था, उसको समझने के लिए तू बहुत छोटा है।
मैं छोटा नहीं हूं। तूने हाथ पकड़ा था। पापा तुझ पर चिल्लाता है, तो ऐसे ही नहीं चिल्लाता। बोल ना, भाऊ क्यों आता है रात को तेरे कमरे में?
सटाक। डिम्पा की मां को अब बर्दाश्त नहीं है। उसने अपनी पूरी ताकत से डिम्पा के मुंह पर मारा है। गालों पर नहीं, होंठ पर।
डिम्पा! तू तो अपने बाप की भाषा बोलने लगा है। इतना बड़ा हो गया है तू?
मैं क्या बाप की भाषा बोल रहा हूं? तूने जो किया है, वही बता रहा हूं। तुझको इज्जत से बोल रहा हूं कि यहां से चले चलते हैं।
अरे, तुझको जाना है, तो जा मुझको क्यों ऐसा बोल रहा है?
और तू यहां, जो मर्जी आये, करती रहे? भाऊ ने बोला है, तू आती है, तो वह मुझको भी काम दिलायेगा। तेरे लिए नर्सिंग का काम देखेगा वहां पर।
यानी तू मेरा सौदा कर रहा है। मैं जाऊंगी, तो वो तेरे लिए काम देखेगा, नहीं तो...
कोई सौदा नहीं है मम्मा। डिम्पा चीख रहा था। कोई सौदा नहीं। मेरा सपना है, बाहर जाने का। बस उसके लिए पूछ रहा हूं तुझको। और मैं चाहता हूं कि तू उस आदमी के चंगुल से छूटे, इसलिए बोला।
घर से निकाल कर बाजार में बिठाना चाहता है मुझको? घर में छत है। वहां जाऊंगी, तो भाऊ छोड़ेगा मुझको? जब वो तेरे सामने ऐसी शर्त रख सकता है, जब वो रात को मेरे कमरे में घुस सकता है जबर्दस्ती, तो तेर्को लगता है, छोड़ेगा मुझको?
मम्मा, अगर तू वहां भाऊ के साथ रहेगी, तो रोज तेर्को चौराहे पर नंगा तो नहीं करेगा? मारेगा पीटेगा तो नहीं। कम से कम इज्जत से तो रह लेगी...
डिम्पा की मां ने फिर उसके मुंह पर एक हाथ मारा। और फिर दूसरा। और फिर तीसरा।
मैं मां हूं तेरी...मां हूं...मां हूं तेरी...भड़वे, ऐसे कैसे बोल सकता है तू...मां हूं तेरी... इतना ही भला चाहता है तो अपने साथ रख मां की तरह...रंडी की तरह नहीं...मेर्को बेच कर तू नौकरी ढूंढेगा...सपना पूरा करेगा...
डिम्पा की मां पर आग हाथ रख गयी थी। एक तीली जली थी और उसके नथुनों के जरिए उसके फेफड़ों में घुस गयी थी।
तेर्को इतनी ही फिकर होती मां की, तो लड़ता अपने बाप से...बोलता उसको कि मां को क्यों मारता है...क्यों शक करता है उस पर ...इतना ही मरद था, तो पूछता उससे ...पर तू मुझको बोल रहा है... बाप से भी गंदा है तू...वो तो सिर्फ इल्जाम लगाता है ...सोचता है ... तू तो वैसा करके दिखाना चाहता है ...छी डिम्पा ...कैसे बोल दिया रे तूने...
डिम्पा की मां को लग रहा है कि आज वह इतना रोये कि फिर कभी उसकी आंखों से आंसू ही न निकलें। वह एक तकिए में मुंह छिपाये है। उसे लग रहा है, उसके पूरे बदन पर एक भी कपड़ा नहीं है। उसकी रूह को नंगा कर दिया गया है। उसने जो चूनर बहुत प्यार से पहनी थी, उसे कोई तार तार कर गया है।
डिम्पा के होंठ फट गये हैं। वह मां को उठा कर बिठाना चाहता है, पर डिम्पा की मां उसका चेहरा भी नहीं देखना चाहती। हट जा तू यहां से ... हट जा इस वक्त।
डिम्पा की मां चप्पल उठा कर हाथ में ले लेती है। तू कैसे सोच सकता है ये सब... मुझे बेच देगा तू...
हट पीछे... डिम्पा ने तेजी से उसे धक्का दिया। कसम खा रखी है मेरी बात को न समझने
की...तू न...मेरे बाप की लात खाने की आदी हो गयी है...तेर्को वही लात चाहिए होती है समझने को...
डिम्पा दनदनाता हुआ चला गया।
उसकी मां जमीन पर एक तरफ पड़ी उसका जाना देखती रही।
अंधेरा बहुत हो गया है। आसपास कोई आग नजर नहीं आती, लेकिन पूरी दुनिया का धुआं यहां जमा है। नाक से घुसता है, फेफड़ों को जख्मी कर देता है। पूरा धुआं आंख में जा रहा है। आंख की दीवार पर एक भारी खुरचन है। लाख कोशिश है कि आंखें खोल ले, पर कोई पलकों को रस्सी से बांध कर नीचे की ओर खींच रहा है। काबू ही नहीं। मुंदी जा रही हैं। इतना गाढ़ा धुआं कहां से आ रहा है?
लैम्प पोस्ट के नीचे आज रोशनी बहुत कम है। पीली रोशनी ने बगावत कर दी है। इतना गाढ़ा धुआं और इतनी कम रोशनी। एक पत्थर रखा है लैम्प पोस्ट के नीचे। सफेद रंग का पत्थर। एक आदमी बैठ सकता है बस। सिकुड़ कर। घुटनों के बीच सिर छिपा कर। काली रंग की एक शॉल ओढ़ कर। आधे चेहरे पर शॉल लपेट कर। चेहरे पर सिर्फ इतनी जगह बचती है कि एक जोड़ी आंखें उसमें से झांक सकें। आंख, जिसमें पिटा हुआ आंसू होता है। आंख, जिसमें उम्मीद और इंतजार का अर्क होता है आंख, जिसे कोई ध्यान से देखे, तो उसकी भाषा सुन सकता है। आंख, जहां से रूह शरीर में प्रवेश करती है। आंख, जहां से ईश्वर अपनी रजा बताता है। आंख, जिसे देख कर ईश्वर हमारी रजा समझ जाता है। मैं बैठी हूं यहां एक काली शॉल ओढ़ कर चेहरे को ढांप, रूह का बदन पहन कर। मुझे मिलना है तुमसे इस जगह,
जहां एक मैदान है...
ऊपर से रोशनी गिरती है, जैसे मद्धिम बारिश में बूंदें। बेआवाज।
बेआवाज पिटी है आज डिम्पा की मां। सुबह से ही तांडव मच गया था घर में। डेविड आज अपने सबसे उग्र रूप में था।
देर से आया। और आते ही सनक गया।
तूने भाऊ को भी नहीं छोड़ा?
मैंने क्या किया?
तू रात को भाऊ के कमरे में क्यों घुस गयी थी?
मैं कब घुसी उसके कमरे में?
भाऊ ने ही बताया मुझको। पूछ रहा था, तुझे नींद में चलने की बीमारी है क्या? जाके उसके बगल में क्यों सो गयी तू?
मैं नहीं गयी थी भाऊ के कमरे में। वो भड़वा आया था मेरे पास... हाथ जोड़ कर कह रहा था... चल मेरे साथ दुबई चल... तेरे बिना नहीं जी सकता...
झूठी औरत। कितनी बार तेरे झूठों की गांड खोलूंगा मैं...
पूछ ले उससे ... आज से नहीं... दस साल से बोल रहा है वो मेर्को... मेरे साथ चल करके...
दस साल से चल रहा है तेरा नाटक... साली... तेरी प्यास बुझती नहीं और दूसरे को बोल रही है। उसको जानता हूं मैं बचपन से...और सुन रंडी...तुझे भी जानता हूं...तेरे हर झांटे की हरकत...
मादर...
डिम्पा की मां बोलती रही कि उसने कुछ नहीं किया है। उस पर यकीन करो।
पर डेविड का हाथ फिर चलने लगा था। एक चित्राकार, जो अपनी कृति पर तेजी से रंग फेंक रहा है, ऐसे कि पूरे चित्रा को रंगों का कसाईबाड़ा बना कर रख देगा। किसी की गरदन पर तलवार चला दी हो, तो सिर्फ एक ही रंग चारों दिशाओं में फैलेगा। डिम्पा की मां पर एक ही रंग फैल रहा था। पहले उसकी आंखों का रंग बदला। फिर उसके गालों का। फिर उसके होंठों का। उसके पूरे बदन का रंग बदल रहा है। उसके रंगरेज साहिब ने आज फिर उसका रंग बदल दिया है। उसकी चूनर में फिर उसने अपनी ही मर्जी का रंग भरा है। उसकी मर्जी पूछी तक नहीं।
डिम्पा की मां बेआवाज पिट रही थी। रो नहीं रही थी। बस पिट रही थी। कोई आवाज नहीं। पहले चार खाती थी, तो एक लगा भी देता थी। चार गालियों के बदले एक बार भड़वा तो कह देती थी। उसने अपने बदन को चूनर की तरह बिछा दिया है। हरी घास के ऊपर बिछी हुई चूनर। रंग दे, आज जिस रंग में रंगना चाहता है।
तेरी रजा, मेरी रजा, तू ही मेरा काजी।
उसने आंखें बंद कर ली हैं। साहिब रंग रहा है उसकी चूनर। चूनर सीतल हो रही है। रंगरेज पियारा चतुर सुजान आज फिर दयालु हुआ है। लग रहा है सब कुछ उस पर बार दूं रे तन मन धन और प्रान। उसे लग रहा है कि कितना प्यार भरा हुआ है उसके भीतर। कितना प्यार कर रहा है। सारा कुछ आज ही उंडे+ले जा रहा है। मैं कैसी एक हल्की चूनर में बदल गयी हूं। वह पीट रहा है। मैं उड़ रही हूं। मेरा बदन हवा से हल्का हो गया है। रूई हूं मैं। सफेद रूई का लिहाफ ओढ़ रखा है मैंने। मुझे घाव नहीं लग रहा। मेरा बदन तो चूनर बन गया है। चूनर को घाव कहां लगता है? मैं तो एक रूह में बदल गयी हूं। रूह कहां रोती है? वह तो बस देखती है खुद पर चढ़ती हुई चूनर का रंग।
डिम्पा की घायल मां को घाव नहीं लग रहे। उसके मन में आक्रोश नहीं आ रहा। वह पलट कर उसके सिर पर संड़सी नहीं मारना चाहती। उसे मारा हुआ गिलास मार कर नहीं लौटाना चाहती। साहिब तो बहुत बड़ा रंगरेज है। वह तो उसकी चूनर रंग रहा है।
वह लैम्प पोस्ट के नीचे खड़ी है, जहां उसने किसी को इंतजार करने के लिए कहा था। वह कब से कर रहा है इंतजार? उसका साहिब भी तो वहां इंतजार ही कर रहा है? वह खुद भी वहां इंतजार कर रही है? वहां, जहां सिर्फ एक आदमी बैठ सकता है। जहां सिर्फ एक पत्थर है। जहां सिर को घुटनों में छिपा कर बैठा जाता है। जहां रोशनी ऐसे गिरती है सिर पर बेआवाज, जैसे बूंद गिर रही हो।
TOP (Back to अनुक्रम)
Copyright © Tadbhav.com 2001-2007 All Rights reserved.